विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर के नवाबगंज में अचानक बजा सायरन, 10 मिनट तक ब्लैक आउट, युद्ध जैसे हालात का अहसास

Published: Sun, 22 Nov 2026 10:49 PM (GMT+05:30)

कानपुर के नवाबगंज में नागरिक सुरक्षा विभाग ने युद्ध जैसी आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए एक ब्लैकआउट माकड्रिल का आयोजन किया। इस अभ्यास में सायरन बजते ही बिजली गुल कर 10 मिनट तक लोगों को हवाई हमले जैसी स्थिति में सुरक्षित रहने का प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें बचाव टीमों ने भी हिस्सा लिया।

नवाबगंज में माकड्रिल के दौरान ब्लैक आउट होने पर निकलते वाहन। जागरण

नवाबगंज में माकड्रिल के दौरान ब्लैक आउट होने पर निकलते वाहन। जागरण

HighLights

  1. नवाबगंज में नागरिक सुरक्षा विभाग ने ब्लैकआउट माकड्रिल आयोजित की।

  2. सायरन बजते ही 10 मिनट बिजली गुल, युद्ध का अहसास।

  3. आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए नागरिकों को प्रशिक्षित किया गया।

जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर शहर के नवाबगंज में शाम छह बजते ही सायरन गूंजने लगे। देखते ही देखते बिजली गुल हो गई। हर तरफ ब्लैक आउट। पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कालेज, नवाबगंज में मौजूद एक हजार से अधिक लोगों ने युद्ध जैसे हालात का अहसास किया। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से आयोजित यह ब्लैकआउट माकड्रिल थी।

अभ्यास के दौरान एयर रेड (हवाई हमला) की चेतावनी देने वाला सायरन करीब दो मिनट तक बजाया गया। इसके साथ ही ब्लैकआउट लागू कर दिया गया। जो जहां था, वहीं जमीन पर पेट के बल और सिर पर हाथ रखकर लेट गया। करीब 10 मिनट तक बिजली बंद रखकर आपात स्थिति में नागरिकों के हौसले और विभागीय तैयारियों को परखा गया।

इस दौरान लोगों को बताया गया कि हवाई हमले या किसी आपात स्थिति में खुद को सुरक्षित रखने के लिए क्या सावधानियां बरतनी चाहिए। एयर स्ट्राइक के बाद पैदा होने वाली परिस्थितियों का अभ्यास कराया गया। हमले में घायलों सुरक्षित बाहर निकालने, आग लगने से झुलसे लोगों को बचाने और बिल्डिंग में धुआं भरने से दम घुटने की स्थिति में फंसी छात्रा को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रदर्शन किया गया।

नवाबगंज क्षेत्र स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कालेज में ही सिर्फ ब्लैक आउट जैसा नजारा दिखा, जबकि सड़क पर रोशनी की कहीं कोई कमी नहीं दिखी। तेज रफ्तार वाहनों की लाइटें हो या दुकानों की। वहीं दूसरी ओर साहब लोगों का मंच दूधिया रोशनी से चकाचौंध था। बड़े-बड़े हाइलोजन की रोशनी के बीच मंच से लोगों को महत्वपूर्ण जानकारी देने वाले साहब लोग कुछ देर के लिए मंच की लाइट बंद करना मुनासिब नहीं समझा।

अभ्यास में पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग और आपदा राहत टीमों ने हिस्सा लिया। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने भी अभ्यास में भाग लिया। इस अवसर पर प्रभारी सहायक उपनियंत्रक विमलेश कुमार यादव, राजीव सिंह, आशीष कुमार बाजपेई, मुकेश कुमार, प्रवीण वर्मा, योगेंद्र कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे।

यह हुआ लाइट बुझते ही

सायरन बजते ही कई बार बम के धमाके हुए। लोग जमीन पर लेटकर शांत हो गए। कोई मूवमेंट नहीं किया और इंतजार करते रहे परिस्थितियों के सही होने का। कुछ देर बाद ही लाइटें जलने लगी और हवाई हमले के 10 मिनट के अंदर ही दो एंबुलेंस आ गईं। इस दौरान नागरिक सुरक्षा कोर के सदस्य भी घायल को बचाने में घायल हो गए। उन्होंने दिखाया कि चोट लगने के बाद पांव को किस तरह रखना है कि ज्यादा दिक्कत न हो और चोट बढ़े नहीं।

आग और छात्रा के दम घुटने की मिली जानकारी

वहीं कंट्रोल रूम में एक हास्टल में आग व छात्रा का दम घुटने की जानकारी मिली। इस पर बड़ी संख्या में लोग मदद को पहुंच गए। फायरकर्मी सीढ़ी की मदद से ऊपर पहुंचा और बेहोश हुई छात्रा को उठाकर बाहर ले आया। दूसरी ओर झोपड़ी में आग लगने की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आपातकाल में स्थितियों से निपटने का माकड्रिल किया।


बोले अधिकारी

ब्लैकआउट माकड्रिल का उद्देश्य लोगों को हवाई हमले या किसी आपात स्थिति के दौरान सतर्क और सुरक्षित रहने का प्रशिक्षण देना है। सायरन बजते ही बिजली बंद कर अंधेरे में सुरक्षित रहने और जरूरी सावधानियों का अभ्यास कराया गया।
ममता रानी, उपनियंत्रक, नागरिक सुरक्षा

 

नागरिक सुरक्षा की ओर से पूरे प्रदेश में एयर रेड और ब्लैक आउट माकड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को अपनी और दूसरे की सुरक्षा करने के तरीके बताए गए। हमले से कैसे बचा जाए, आगजनी में खुद को कैसे संयमित रखें, इसको लेकर लोगों को जानकारी दी गई।
अभयनाथ त्रिपाठी, डीसीपी ट्रैफिक


इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य ही यही है कि हम आपात स्थितियों के लिए कितना तैयार है। माकड्रिल में तत्परता दिखाई गई। फायर ब्रिगेड से लेकर एंबुलेंस तक की तत्परता देखने को मिली। टीम ने काफी बेहतर काम किया।
सौरभ सिंह, एडीएम सिटी

 

यह भी पढ़ें- कानपुर की 'लुटेरी दुल्हन'... 7 फेरों के बंधन से ठगी का कारनामा, अब परिवार के साथ जेल ठिकाना

यह भी पढ़ें- BJP दक्षिण का मिशन 2027: 1166 बूथों पर 1500 कार्यकर्ता सक्रिय, तीनों सीटें जीतने का लक्ष्य

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।