BJP दक्षिण का मिशन 2027: 1166 बूथों पर 1500 कार्यकर्ता सक्रिय, तीनों सीटें जीतने का लक्ष्य
भाजपा दक्षिण कानपुर 2027 विधानसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर पर सक्रिय है। जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह के अनुसार, 1166 बूथों पर 1500 कार्यकर्ता तीनों सीटें जीतने और कैंट में प्रदर्शन सुधारने पर केंद्रित हैं।

शिवराम सिंह, जिलाध्यक्ष, भाजपा दक्षिण। जागरण
HighLights
1166 बूथों पर 1500 कार्यकर्ता सक्रिय, तीनों सीटें जीतने का लक्ष्य।
मतदाताओं से सीधा संवाद, केंद्र-प्रदेश योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना।
युवाओं, महिलाओं को पार्टी से जोड़ना, कैंट में प्रदर्शन सुधारना।
जागरण संवाददाता, कानपुर। आगामी विधानसभा चुनाव को भाजपा दक्षिण का संगठन तीन विधानसभा क्षेत्रों में पूरी तरह सक्रिय है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए पन्ना प्रमुख से लेकर जिला अध्यक्ष तक की जिम्मेदारियां तय हो चुकीं हैं। भाजपा दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह का कहना है कि कैंट में पिछला प्रदर्शन सुधारने और तीनों विधानसभा क्षेत्रों में जीत के लिए पार्टी का जोर बूथों पर संगठन की सक्रियता, मतदाताओं से सीधा संवाद और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर है। प्रस्तुत संवाददाता रितेश द्विवेदी से हुई बातचीत के प्रमुख अंश...।
- विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा की क्या तैयारियां हैं?
- भाजपा ने बूथ स्तर तक तैयारी शुरू कर दी है। दक्षिण जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 1166 बूथों पर 1500 कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। मतदाता जोड़ो अभियान के तहत छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने और मतदाता सूची को शुद्ध कराने का काम किया जा रहा है। कैंट में पिछला प्रदर्शन सुधारने के साथ ही तीनों सीटों पर जीत सुनिश्चित करने का लक्ष्य है।
- भाजपा की नजर में पीडीए क्या है, इसे किस रूप में देखते हैं?
- जनता सपा का शासनकाल देख चुकी है। उस समय भ्रष्टाचार, गुंडाराज और माफियाराज हावी था। भाजपा का पीडीए किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है। पार्टी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर काम करती है। बिना भेदभाव सभी पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। सभी का विकास यही हमारा पीडीए है।
- युवाओं और महिलाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए क्या कर रहे हैं?
- युवाओं, महिलाओं, किसानों और बुजुर्गों को पार्टी से जोड़ना प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने हर वर्ग के लिए योजनाएं चलाई हैं। कौशल विकास, रोजगार, किसान सम्मान निधि और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत किया जा रहा है। इन्हीं उपलब्धियों को लेकर कार्यकर्ता घर-घर जा रहे हैं। युवा भाजपा के साथ हैं।
- कैंट विधानसभा में भाजपा का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा। इस बार क्या रणनीति है?
- कैंट विधानसभा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यहां नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ा गया है। बूथ स्तर पर पांच-पांच कार्यकर्ताओं की टोली बनाई गई है। प्रत्येक कार्यकर्ता को 40 से 50 घरों की जिम्मेदारी दी गई है। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव का लाभ लेकर घर-घर संपर्क किया जाएगा। हमारा लक्ष्य मतदान प्रतिशत बढ़ाने के साथ जीत सुनिश्चित करना है।
- टिकट के कई दावेदार सामने आ रहे हैं। प्रत्याशी चयन को किस नजर से देखते हैं?
- लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रहे कार्यकर्ताओं की चुनाव लड़ने की इच्छा स्वाभाविक है। टिकट मांगना प्रत्येक कार्यकर्ता का अधिकार है, लेकिन प्रत्याशी का फैसला केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व करेगा। सर्वे, संगठनात्मक रिपोर्ट और कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर निर्णय होगा। भाजपा में प्रत्याशी कोई भी हो, हमारा चुनाव चिह्न कमल है। सभी कार्यकर्ता कमल के लिए काम करेंगे।
- विपक्ष लगातार भाजपा पर हमलावर है। चुनाव में उसका जवाब कैसे देंगे?
- जनता विपक्ष के आरोपों और उसके पुराने कार्यकाल को अच्छी तरह समझती है। भाजपा का कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएगा। जिलाध्यक्ष के रूप में मेरी जिम्मेदारी सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को साथ लेकर चलने की है। संगठन की मजबूती ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। 2027 में दक्षिण जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर कमल खिलाना हमारा लक्ष्य है।
यह भी पढ़ें- कानपुर की 'लुटेरी दुल्हन'... 7 फेरों के बंधन से ठगी का कारनामा, अब परिवार के साथ जेल ठिकाना
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।