Akhilesh Dubey Case: अखिलेश के साथियों की बढ़ती जा रही सूची, एक ही दिन में तीन केस, मांगी रंगदारी
Kanpur Akhilesh Dubey Case अखिलेश दुबे गिरोह के नाम की सूची लगातार बढ़ती जा रही है। इधर अखिलेश दुबे और उनके साथियों के खिलाफ केस भी बढ़ते जा रहे हैं। अखिलेश दुबे और उनके सहयोगियों पर एक ही दिन में तीन मुकदमे दर्ज किए गए। उनके ऊपर रंगदारी का मामला दर्ज किया गया है।

जागरण संवाददाता, कानपुर। Kanpur Akhilesh Dubey Case: झूठे मुकदमों में फंसाकर वसूली करने के आरोपों में गिरफ्तार चर्चित अधिवक्ता अखिलेश दुबे और उनके सहयोगियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। बुधवार और गुरुवार को दर्ज मुकदमों के बाद शनिवार को अखिलेश दुबे के खिलाफ किदवई नगर और कोतवाली में रंगदारी, धमकी व अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हुए। वहीं कल्याणपुर में अखिलेश दुबे के गुर्गों को आरोपित बनाया गया है।
इस तरह से अखिलेश अब तक चार मुकदमों में नामजद हो चुके हैं, जबकि पांचवें मुकदमे में देर सबेर उनका नाम खोला जा सकता है। शनिवार दर्ज सभी मामलों में रंगदारी के आरोप समान हैं।
शनिवार को पहला मुकदमा शाम 5.51 मिनट किदवई नगर थाने में नौबस्ता थानाक्षेत्र के आवास विकास हंसपुरम निवासी शैलेन्द्र कुमार ने दर्ज कराया। शैलेंद्र ने बताया कि वह सच का आइना संस्था में महामंत्री हैं। 20 अप्रैल 2015 को उन्हाेंने भूमाफियाओं के सरकारी अधिकारियों से सांठगांठ करके डब्ल्यू ब्लाक साकेतनगर के पार्क में अवैध निर्माण कराकर किशोरी वाटिका गेस्ट हाउस चलाए जाने की शिकायत तत्कालीन नगर आयुक्त व अन्य उच्चाधिकारियों से की थी। इससे अखिलेश उनसे रंजिश रखता था।
आरोप है कि 12 मई 2015 को सुबह 10.30 बजे कथित पत्रकार विपिन गुप्ता ने साक्षात्कार के बहाने साकेत नगर दीप सिनेमा के सामने स्थित कार्यालय में ले गया। यहां पर पहले से बैठे अखिलेश दुबे और बर्रा के मल्लिकपुरम निवासी अधिवक्ता पंकज दीक्षित, स्वरूप नगर के नागेश्वर इन्क्लेव अपार्टमेंट में रहने वाले अनुज मिश्रा समेत दो-तीन अन्य लोगों ने मारपीट कर उसे जमीन पर गिरा दिया।
इसके बाद अखिलेश दुबे ने मुंह में रिवाल्वर डाल दी। गाली-गलौज करते हुए कहा कि उसकी शिकायतों के कारण उसके 20 लाख रुपये बर्बाद हो गए हैं। अब 20 लाख रुपये उसे देना होगा, वरना जान से मार दिया जाएगा। मारपीट के दौरान ही अधिवक्ता पंकज दीक्षित और अखिलेश दुबे ने जेब में रखे 10 हजार रुपये छीन लिए। 20 लाख रुपये न देने पर साजिश के तहत उसके खिलाफ चार झूठे मुकदमे दर्ज कराए।
दूसरा मुकदमा थाना कल्याणपुर में दर्ज हुआ। यह मुकदमा एक महिला ने दर्ज कराया और सुरक्षा के दृष्टिगत पहचान न उजागर करने का अनुरोध उनकी ओर से किया गया है। आरोप है कि उनके भाई एक होटल में मैनेजर थे। एडवोकेट विनय कटियार और शोमिल शाह ने एक लड़की को सामने लाकर भाई पर छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज करा दिया। उस मुकदमे में समझौते के लिए अभियुक्तों के द्वारा 5 लाख की वसूली का दबाव बनाया जा रहा है। इसमें विनय कटियार, अखिलेश दुबे का करीबी है।
तीसरा मुकदमा कोतवाली में एक अधिवक्ता की तहरीर पर दर्ज हुआ। अधिवक्ता ने भी अपनी सुरक्षा का हवाला देते हुए नाम न प्रकाशित करने का अनुरोध किया है। आरोप है कि उनके खिलाफ वर्ष 2016 में दुष्कर्म का एक मुकदमा दर्ज हुआ था। उक्त मुकदमे का डर भय दिखाकर अखिलेश दुबे, मोहम्मद आसिम उर्फ पप्पू स्मार्ट, आमिर बिच्छू, जैन कालिया, मोहम्मद सुएब, फराज, रामेंद्र उर्फ गुड्डू, हर्षित, मिनेश यादव और उन पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला एक लाख रुपये की रंगदारी मांग रही है, ताकि मामले में वह समझौता कर सके।
इन आरोपितों में कई बसपा नेता पिंटू सेंगर हत्याकांड में आरोपित हैं। अधिवक्ता का आरोप है कि उन्होंने इस गिरोह पर राजा ययाति का किला कब्जाए जाने की शिकायत की थी, जिसके बाद उन पर झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।