JFF 2025: कानपुर में जागरण फिल्म फेस्टिवल का आगाज, ओपनिंग शो हाउसफुल
कानपुर में जागरण फिल्म फेस्टिवल (जेएफएफ) का आयोजन 19 से 21 सितंबर तक रेव 3 माल के एवी सिनेमाज में हुआ। पहले दिन जाली एलएलबी 3 फिल्म दिखाई गई। जिसका पहला शो फुल हो चुका है। फिल्म फेस्टिवल में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की शार्ट और डाक्यूमेंट्री फिल्में भी दिखाई जाएंगी। बच्चों के लिए विशेष फिल्में भी दिखाई जाएंगी।

जागरण संवाददाता, कानपुर। शहरवासियों में जागरण फिल्म फेस्टिवल (जेएफएफ) को लेकर बेसब्री से हो रहा इंतजार खत्म हो गया। विश्व सिनेमा, दमदार कहानियों और अविस्मरणीय स्क्रीनिंग के तीन दिनों का अनुभव लिए जेएफएफ कानपुर में दर्शकों में भारी उत्साह दिखा।
जागरण फिल्म फेस्टिवल (जेएफएफ) शुक्रवार की शाम को उत्साह से सराबोर कर गया। सीएसजेएमयू की बीसीए छात्रा सौम्या व शिवानी राजपूत बोलीं-साल भर इंतजार रहा। अब इस रोमांचकारी क्षण की गवाह बनी हूं। यह सीख व जिंदगी जीने की दिशा बताने वाला उत्सव है। अन्नू व संजय गोयल बोले-फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार के ट्रेलर लांच करने वाले दिन से ही उत्सुकता थी, जो अब पूरी हुई।
आरुषि ने कहा-सरसौल में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नौकरी से छुट्टी लेकर फिल्में देखने आए हैं। बिना रुके, बिना थके व बिना रूठे फिल्में ही दिन को खास बनाती हैं। शार्ट व एनीमेशन फिल्में दिल छू गईं व बड़ा संदेश मिला। यह आम त्योहारों से बड़ा त्योहार है, जो बड़े कलाकारों से लेकर आमजन को सीधे जोड़ता है।
रेव थ्री में दैनिक जागरण द्वारा आयोजित फिल्म फेस्टिवल के पहले दिन फिल्म देखने के बाद उत्साह दिखाते दर्शक। जागरण
पार्वती बाग्ला रोड स्थित रेव 3 के एवी सिनेमाज में रात फिल्मी रंग बिखरे। दोस्ती, रोमांच, कल्पनाशीलता, साहस व सहानुभूति...दमदार कहानियों व अविस्मरणीय स्क्रीनिंग दिखी। सामाजिक तानाबाना मजबूत करती फिल्मों के तीन दिवसीय त्योहार जेएफएफ का दर्शक मोबाइल फोन की लाइटें जलाने के साथ खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत करते नजर आए। घंटों पहले से ही अपनी बारी के इंतजार में कतार में खड़े रहे। फिल्मी त्योहार एकदम परिवार जैसे माहौल में सराबोर दिखाई पड़ा।
दर्शकों ने कहा-भले बड़े पर्दे से मोबाइल फोन तक सिनेमा का रंग-रूप बदला पर पिछले 13 वर्षों में दैनिक जागरण के सरोकार से संदेश देती फिल्में बच्चों, महिलाओं से बुजुर्गों तक पहुंच रहीं।आपाधापी की दुनिया में खुश रहने का बहाना ढूंढ लिया। रजनीगंधा के कानपुर सेल्स हेड सुरेश तिवारी ने कहा कि जागरण फिल्म फेस्टिवल नए लोगों को मौका देने का काम कर रहा है।
रेव थ्री में दैनिक जागरण द्वारा आयोजित फिल्म फेस्टिवल का दीप जलाकर शुभारंभ करते जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह। साथ में विकास चतुर्वेदी, संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था आशुतोष कुमार, दैनिक जागरण के निदेशक सुनील गुप्त, रजनीगंधा के एरिया सेल्स मैनेजर सुरेश कुमार तिवारी व मार्केटिंग मैनेजर रितेश गुप्ता। जागरण
जिंदगी रंगमंच, हम सब एक्टर : जिलाधिकारी
विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि पूरी जिंदगी ही रंगमंच है और हम सब एक्टर हैं। कुछ ऐसे कलाकार निकलते हैं, जो विश्व फलक पर छा जाते हैं। दिलीप कुमार, अमिताभ बच्चन से संजीव कुमार तक के नाम लेते हुए कहा कि उन्हें फिल्में देखने का बड़ा शौक था। अच्छी व सरोकार से जुड़ी फिल्मों का मंगलवार को टिकट बुक करा गुरुवार को पहला शो देखते थे। सिनेमा में ढाई से तीन घंटे में वह सब दिखता है, जो जीवन में वर्षों में देख पाते हैं। फिल्में संवेदनशील होती हैं और कलाकार उससे भी कहीं अधिक संवेदनशील होते हैं। फिल्में हृदय को छू लेती हैं।
समाज को दिशा देतीं फिल्में : संयुक्त पुलिस आयुक्त
विशिष्ट अतिथि संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) आशुतोष कुमार ने कहा कि दैनिक जागरण का यह अच्छा प्रयास है। फिल्में समाज को दिशा देती हैं। कलाकार सबके अंदर है। कुछ बाथरूम सिंगर व एक्टर रहते हैं, जबकि कुछ हीरो बनते हैं। देश के लिए भी तमाम हीरो जान गंवा गए। उन्हें सलाम है। जागरण का 13 साल से चल रहा यह प्रयास सराहनीय है।
पहले दिन जाली एलएलबी 3 समेत यह फिल्में दिखाईं
पहले दिन शाम पांच बजे से फिल्म जाली एलएलबी 3 में धमाकेदार कोर्टरूम कामेडी में चतुर जाली मिश्रा व जुगाड़ू जाली त्यागी, जज त्रिपाठी की अदालत में वापस दिखे। तीखी नोकझोंक, कानूनी दांव-पेच व भावुक पलों का रोमांचक सफर सबको भावनाओं में बहा ले गया। शाम 7:45 बजे से वन पर्सेंट द डार्क कैनवास, फारगाटेन नोट्स, द ड्रीमिंग वर्ल्ड और रात 8:30 बजे फिल्म कांतो दिखाई गई।
आज निर्देश विवेक रंजन अग्निहोत्री से करें संवाद
जागरण फिल्म फेस्टिवल के दूसरे दिन शनिवार यानी 20 सितंबर को सुबह नौ बजे से बच्चों की फिल्म बाइसिकिल डेज, सुबह 10:45 बजे से फिल्म मंडी हाउस का मेंटल, दोपहर में 12:15 बजे से शार्ट फिल्म प्रारंभ, सुनाे, सन्नी मैन, वंश, सिविल परी, दाेपहर दो बजे से फिल्म द बंगाल फाइल्स दिखाई जाएंगी। शाम 5:30 बजे से फिल्म निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री व अभिनेता दर्शक कुमार के साथ संवाद सत्र का आयोजन होगा। शाम 6:30 बजे से रजनीगंधा अचीवर्स स्टोरी फिल्म फुले व रात 8:45 बजे से माई अर्मेनियन फैंटम फिल्म का लुत्फ दर्शक उठाएंगे।
कार्यक्रम एक नजर में
- 19 सितंबर :
- शाम चार बजे : जेएफएफ का उद्घाटन।
- शाम पांच बजे : फिल्म जाली एलएलबी 3।
- शाम 7:45 बजे : शार्ट फिल्म वन पर्सेंट, द डार्क कैनवास, फारगाटेन नोट्स, द ड्रीमिंग वर्ल्ड।
- रात 8:30 बजे : फिल्म कांतो।
- 20 सितंबर :
- सुबह नौ बजे : बच्चों की फिल्म बाइसिकिल डेज।
- सुबह 10:45 बजे : फिल्म मंडी हाउस का मेंटल।
- दोपहर : 12:15 बजे : शार्ट फिल्म प्रारंभ, सुनो, सन्नी मैन, वंश, सिविल परी।
- दाेपहर दो बजे : फिल्म द बंगाल फाइल्स।
- शाम 5:30 बजे : फिल्म निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री व अभिनेता दर्शक कुमार के साथ संवाद सत्र।
- शाम 6:30 बजे : रजनीगंधा अचीवर्स स्टोरी फिल्म फुले।
- शाम 8:45 बजे : माई अर्मेनियन फैंटम फिल्म।
- 21 सितंबर :
- सुबह नौ बजे : बाल फिल्म अगर मगर किंतु लेकिन परंतु।
- सुबह 11 बजे : शार्ट फिल्म कलेक्शन टाइटल टर्टल, रुबरू, आफ्टर आल, सेल्फी।
- दोपहर 12:30 बजे : वीएफएक्स और एआइ पर आाधारित दीपक पंत की मास्टर क्लास।
- दोपहर 1:30 बजे : फिल्म रघुवीरम।
- दोपहर 3:30 बजे : फिल्म अभिनेता यशपाल शर्मा का संवाद सत्र।
- दोपहर 4:15 बजे : विशेष संवाद सत्र वायस ओवर आर्ट बाइ विजय विक्रम सिंह।
- शाम पांच बजे : फिल्म संगाला ।
- शाम 6:30 बजे : फिल्म द सेकेंड विंड।
- शाम 7:45 बजे : शार्ट फिल्म टावर द होप, अवर वन एंड ओनली बेब, जिगरथंडा राजा, द मैन हू हर्ल्स न्यूज।
- शाम 9 बजे : समापन फिल्म दुआ कुबूल।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।