विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IIT Kanpur और स्पेस टेक्नोलाजी कंपनी से MOU, अब मिट्टी, पानी और वनस्पतियों की सेहत बताएंगी सैटेलाइट तस्वीरें

Published: Tue, 24 Nov 2026 10:34 PM (IST)

आईआईटी कानपुर और स्पेस टेक कंपनी पिक्सल ने हाइपरस्पेक्ट्रल इमेजिंग और एआई तकनीक पर संयुक्त शोध के लिए समझौता किया है। यह साझेदारी सैटेलाइट तस्वीरों के जरिए मिट्टी, पानी और वनस्पतियों की सेहत का सटीक विश्लेषण कर पर्यावरण संरक्षण में मदद करेगी।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, कानपुर। अब सैटेलाइट तस्वीरों के जरिये केवल धरती की सतह ही नहीं, बल्कि मिट्टी की गुणवत्ता, जलस्रोतों की स्थिति, नदियों में बदलाव और पेड़-पौधों की सेहत का भी पता लगाया जा सकेगा। इसके लिए आईआईटी ने बेंगलुरु की स्पेस टेक्नोलाजी कंपनी पिक्सल से हाथ मिलाया है। दोनों संस्थान हाइपरस्पेक्ट्रल सैटेलाइट इमेजिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) और भू-स्थानिक तकनीक के क्षेत्र में मिलकर शोध करेंगे। इस संबंध में दोनों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ है।


इस साझेदारी के तहत सैटेलाइट से मिलने वाले आंकड़ों का अधिक सटीक विश्लेषण करने के लिए नए रिमोट सेंसिंग माडल और एआइ आधारित एल्गोरिदम विकसित किए जाएंगे। इन तकनीकों का इस्तेमाल पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और धरती की सतह पर होने वाले सूक्ष्म बदलावों की निगरानी में किया जा सकेगा। इसका उद्देश्य शोध को प्रयोगशालाओं से निकालकर वास्तविक समस्याओं के समाधान में उपयोग करना है।

आईआईटी के प्रो. राजीव सिन्हा के अनुसार, संस्थान में हाई रिजोल्यूशन हाइपरस्पेक्ट्रल रिमोट सेंसिंग के क्षेत्र में पहले से शोध चल रहा है। पिक्सल के साथ साझेदारी से प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन में नए भू-स्थानिक आंकड़ों और उन्नत तकनीकों के इस्तेमाल की संभावनाएं बढ़ेंगी।

इस समझौते के तहत पिक्सल की ओर से आईआईटी को चुनिंदा हाइपरस्पेक्ट्रल सैटेलाइट डेटा और साफ्टवेयर टूल उपलब्ध कराए जाएंगे। दोनों संस्थाएं मिलकर शोध परियोजनाओं, शोध प्रकाशनों और तकनीकी कार्यशालाओं पर काम करेंगे। विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के अवसर मिलेंगे और कुछ अकादमिक परियोजनाओं का संयुक्त पर्यवेक्षण भी किया जाएगा।

क्या है हाइपरस्पेक्ट्रल सैटेलाइट इमेजिंग


सामान्य सैटेलाइट कैमरे धरती की तस्वीरें लेते हैं, जबकि हाइपरस्पेक्ट्रल तकनीक किसी वस्तु से परावर्तित प्रकाश की अलग-अलग तरंगदैर्ध्य का विश्लेषण करती है। इससे मिट्टी, पानी, चट्टानों और वनस्पतियों की रासायनिक व भौतिक विशेषताओं की पहचान करने में मदद मिलती है। इसके जरिये मिट्टी में खनिजों की मौजूदगी, जलस्रोतों में प्रदूषण और फसलों में पोषक तत्वों की कमी जैसे बदलावों का पता लगाने की संभावनाएं विकसित होती हैं।

यह भी पढ़ें- कानपुर में गेंदे के खेत में छिपा था तेंदुआ, लाठी लेकर घेरने पहुंचे ग्रामीणों पर किया हमला; कंधे तो किसी के गले पर आए घाव

यह भी पढ़ें- कानपुर में गोदाम खाली, दुकानों में भी स्टाक खत्म, सहालग में Amul Butter के लिए भटक रहे ग्राहक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।