विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Silver-Gold में ऐतिहासिक गिरावट, चांदी 88 हजार रुपये लुढ़की; 24 घंटे में सोना 4,800 रुपये सस्ता

Published: Thu, 19 Nov 2026 11:26 PM (IST)

Gold Silver Prices Today 19 Nov: कानपुर में बीते दो महीनों में चांदी की कीमत में 88,000 रुपये प्रति किलो और सोने में 24,300 रुपये प्रति दस ग्राम की ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई है। यह गिरावट 2008 के वैश्विक संकट से भी अधिक है, जिससे सहालग के लिए आभूषण खरीदने वालों के लिए यह सुनहरा अवसर बन गया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. कानपुर में चांदी दो महीने में 88,000 रुपये प्रति किलो सस्ती

  2. सोना भी 24,300 रुपये प्रति दस ग्राम सस्ता हुआ

  3. गिरावट 2008 के वैश्विक आर्थिक संकट के रिकॉर्ड से भी अधिक

जागरण संवाददाता, कानपुर। Gold Silver Prices Today 19 Nov: चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कभी रिकार्ड तेजी के साथ निवेशकों को आकर्षित करने वाली चांदी अब लगातार टूट रही है। बीते दो महीने में कानपुर के सराफा बाजार में चांदी 88000 रुपये प्रति किलो सस्ती हो चुकी है।

वहीं, गुरुवार को महज 24 घंटे के भीतर सोने के भाव में 4,800 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी में 2,800 रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को सोना 1,38,500 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 1,69,800 रुपये प्रति किलो थी, जबकि गुरुवार को दोनों धातुओं के भाव क्रमश: 1,33,700 और 1,67,000 रुपये पर पहुंच गए।

चांदी की मौजूदा गिरावट वैश्विक बाजार के लिहाज से भी असाधारण मानी जा रही है। वर्ष 2026 में अपने सर्वोच्च स्तर से चांदी करीब 60 प्रतिशत तक टूट चुकी है। नयागंज सराफा बाजार के रवि गुप्ता के अनुसार यह गिरावट वर्ष 2008 के वैश्विक आर्थिक संकट के दौरान दर्ज 57.6 प्रतिशत की गिरावट से भी अधिक है। स्थानीय बाजार में 10 सितंबर को चांदी 2,45,000 रुपये प्रति किलो थी, जो 19 नवंबर को घटकर करीब 1,67,000 रुपये रह गई।

सोने की कीमतों में भी गिरावट का असर साफ दिखाई दे रहा है। 10 सितंबर को कानपुर में सोना 1,58,000 रुपये प्रति दस ग्राम के स्तर पर था। 19 नवंबर को इसका भाव घटकर करीब 1,33,700 रुपये रह गया। यानी दो महीने में सोना 24 हजार 300 रुपये प्रति दस ग्राम सस्ता हुआ है। गुरुवार को आई तेज गिरावट ने सराफा बाजार में कारोबारियों और निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।

चांदी और सोने के भाव में आई नरमी का असर सहालग के बाजार पर भी पड़ सकता है। शादी-ब्याह के लिए आभूषण और उपहार खरीदने वाले ग्राहकों को अब पहले की तुलना में कम कीमत चुकानी होगी। चौक सराफा के कारोबारी पदम अग्रवाल का कहना है कि कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव अभी बना रह सकता है। इसलिए सहालग की खरीद के लिए यह सुनहरा मौका है।

कानपुर सराफा बाजार में दो महीने में कीमतों का अंतर

  • धातु -----------------10 सितंबर -----19 नवंबर
  • चांदी (प्रति किलो) ----2,45,000------ 1,67,000
  • सोना (प्रति 10 ग्राम)---1,58,000---- 1,33,700

 

यह भी पढ़ें- अब डिफेंस और ड्रोन से कानपुर की नई पहचान, IIT में तैयार हो रहा बड़ा इकोसिस्टम; 500 से ज्यादा स्टार्टअप को मिला सहारा

यह भी पढ़ें- कानपुर की समस्याओं पर छिड़ी बहस, विपक्ष ने गिनाईं कमियां तो सत्ता पक्ष ने बताया विकास; जनता ने भी दिखाया समाधान का रास्ता

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।