कानपुर की समस्याओं पर छिड़ी बहस, विपक्ष ने गिनाईं कमियां तो सत्ता पक्ष ने बताया विकास; जनता ने भी दिखाया समाधान का रास्ता
कानपुर में जागरण विमर्श के दौरान शहर की समस्याओं और समाधान पर विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी बहस ...और पढ़ें
-1795100593799_m.webp)
जागरण विमर्श में बसपा जिला को-आर्डिनेटर अनूप गौतम, विधायक नसीम सोलंकी, सुरेंद्र मैथानी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आलोक मिश्र व मंच का संचालन करते जागरण संवाददाता रितेश द्विवेदी। जागरण
HighLights
विपक्ष ने शहर में खुदाई, जाम, स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए।
सत्ता पक्ष ने विकास कार्यों और रोजगार के आंकड़े प्रस्तुत किए।
नागरिकों ने समस्याओं के साथ-साथ उनके समाधान भी सुझाए।
आशुतोष मिश्र, कानपुर। जागरण विमर्श के तृतीय सत्र हमारे मुद्दे: आवश्यकताएं और समाधान में विधानसभा जैसा नजारा दिखने को मिला। शहर की समस्याओं को लेकर विपक्ष ने सत्ता पक्ष को घेरने का प्रयास किया तो सत्ता पक्ष ने विकास का आइना दिखाया। सियासी तीर चले तो लोग भी मुखर होते नजर आए।
कुछ लोगों ने विकास कार्यों, कानून व्यवस्था सुधरने, रोजगार के अवसर बढ़ने पर सहमति जताई तो कुछ ने शहर में खोदाई, जाम और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर विपक्ष की हां में हां मिलाई। जनप्रतिनिधियों के बीच चुहलबाजी होती रही। वहीं कुछ लोगों ने समस्याएं उठाते हुए उनके समाधान की राह भी दिखाई। जैसे-जैसे यह सत्र बढ़ रहा था वैसे-वैसे गंभीर मुद्दों पर सभागार में शांति, एक-दूसरे की खिंचाई पर ठहाके और जवाब-हाजिर पर तालियां बज रही थीं।
खोदाई से नर्क जैसी स्थिति: कांग्रेस
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आलोक मिश्र ने कहा कि शहर में हर तरफ खोदाई से नर्क जैसी स्थिति है। युवा पहले पढ़ाई और बाद में कमाई के लिए पलायन कर रहा है। सरकारी स्कूलों और अस्पतालों के निजीकरण से व्यवस्था सुधर सकती है।
हर साल वर्षा से पहले बचाव की तैयारी, फिर भी जलभराव: बसपा
बसपा जिला को-आर्डिनेटर अनूप गौतम ने कहा कि 10 साल से प्रदेश में भाजपा की सरकार है लेकिन आमजन को लाभ देने वाला कोई काम नहीं हुआ। हर साल वर्षा से पहले बचाव की तैयारी होती है और बाद पूरे शहर में जलभराव होता है। कानपुर पूरे उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा टैक्स देने वाला है, लेकिन सुविधाएं वैसी नहीं मिल रही हैं।
विकास की बातें होती हैं लेकिन दिखता नहीं: सपा
सीसामऊ से सपा विधायक नसीम सोलंकी ने कहा कि विकास की बातें होती हैं, लेकिन दिखता नहीं है। टूटी सड़कों, जाम से सभी परेशान हैं। सीसामऊ नाला ठीक ही नहीं हो सका है। लाल इमली भी नहीं चल सकी है। विधायक निधि तो मिलती है लेकिन जनता के लिए काम कराने के लिए एनओसी नहीं मिलती।
भाजपा विधायक ने गिनाईं उपलब्धियां
गोविंद नगर से भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि एल्मिको को जर्मन तकनीक से जोड़कर दिव्यांगों के लिए उपकरण तैयार कराए जा रहे हैं। दो सौ करोड़ रुपये की लागत से टूल रूम बनाते हुए रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। 98 हजार लोगों को एमएसएमई से रोजगार मिला है। 87 हजार करोड़ का निवेश कानपुर में हुआ है। यह सुनते ही आलोक मिश्र ने कहा कि आप सिर्फ आंकड़े दे रहे हैं, गंगा साफ हुई क्या, भाजपा के प्रतिनिधि ही एक-दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं।
फिर चले तंज के बाण
सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि अब गंगा में मांस के लोथड़े नहीं दिखते, गंदा पानी नहीं गिरता, छेड़खानी पर गोली पड़ती है। इतना सुन नसीम सोलंकी ने तंज कसा एनओसी नहीं मिलती। सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि आपके परिवार में लंबे समय से विधायकी रही है। आपको यह सब पता होना चाहिए। कभी-कभी एनओसी के लिए हमें भी दिक्कत उठानी होती है। नसीम सोलंकी ने कहा कि जब आपको भी दिक्कत उठानी पड़ती है तो फिर क्या कहें, लाल इमली का मामला दिखवा लीजिएगा।
प्रदेश में सड़कों का बिछा जाल: बिल्हौर विधायक
बिल्हौर से भाजपा विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने प्रदेश में सड़कों का जाल बिछने से आवागमन में सुविधा की बात रखते हुए कहा कि कुछ साल पहले अयोध्या में रामलला टेंट में अब भव्य मंदिर में विराजमान है। यह सुनते हुए आलोक मिश्र ने कहा कि चंदा चोरी पर क्या कहेंगे। राहुल बच्चा ने कहा आरोपों से कुछ नहीं होता। मामला कोर्ट में है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।