विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अस्पताल, सड़क, रोजगार और औद्योगिक विकास... कानपुर को फिर महानगर बनाने का रोडमैप तैयार; दिसंबर से दिखने लगेगा काम

Published: Thu, 19 Nov 2026 07:58 PM (IST)

Kanpur Jagran Vimarsh 2026: कानपुर को फिर से महानगर बनाने के लिए स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और औद्योगिक विकास पर केंद्रित ...और पढ़ें

प्रथम सत्र में अपना कानपुर दिशा दशा और चुनौतियां में सांसद रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडेय और विधायक मोहम्मद हसन रूमी। मंच का संचालन करते इनपुट इंचार्ज शिवा अवस्थी। जागरण

प्रथम सत्र में अपना कानपुर दिशा दशा और चुनौतियां में सांसद रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडेय और विधायक मोहम्मद हसन रूमी। मंच का संचालन करते इनपुट इंचार्ज शिवा अवस्थी। जागरण

HighLights

  1. स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार, औद्योगिक विकास पर केंद्रित रोडमैप

  2. एलिवेटेड ट्रैक, रोड, ग्रीनपार्क का दिसंबर से पुनर्विकास

  3. कानपुर को डिफेंस हब बनाने और रोजगार सृजन पर जोर

रितेश द्विवेदी, कानपुर। Kanpur Jagran Vimarsh 2026: औद्योगिक नगरी कानपुर की पहचान कभी देश के प्रमुख महानगरों में होती थी। अब जरूरत है कि शहर की पुरानी पहचान लौटाने के साथ भविष्य की संभावनाओं को भी साकार किया जाए। स्वास्थ्य, सड़क, जलनिकासी, रोजगार, औद्योगिक विकास और ऐतिहासिक विरासत जैसे मुद्दों पर गुरुवार को दैनिक जागरण की ओर से आयोजित जागरण विमर्श के पहले सत्र 'अपना कानपुर : दिशा-दशा व चुनौतियां' विषय पर चर्चा हुई। कैंट विधायक मुहम्मद हसन रूमी, महापौर प्रमिला पांडेय और सांसद रमेश अवस्थी ने शहर की समस्याओं, विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर अपना पक्ष रखा।


स्वास्थ्य सेवाओं पर रूमी ने उठाए सवाल

कैंट विधायक मुहम्मद हसन रूमी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानपुर में अस्पतालों की इमारतें तो खड़ी हैं, लेकिन उनमें जरूरी सुविधाओं का अभाव है। दक्षिण क्षेत्र में 100 बेड का अस्पताल बनकर तैयार है, लेकिन अभी तक उसका संचालन शुरू नहीं हो सका है। कहीं मशीनें हैं तो विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं हैं और कहीं डाक्टर हैं तो जरूरी मशीनें उपलब्ध नहीं हैं। उर्सला, डफरिन और अन्य सरकारी अस्पतालों में भी गरीब मरीजों को को जांच और दवाओं के लिए बाहर भेज दिया जाता है।


कांशीराम में सुविधाएं बहाल करने की उठाई मांग

उन्होंने कांशीराम अस्पताल और अन्य बंद पड़े अस्पतालों की सुविधाएं बहाल करने की भी मांग उठाई। रूमी ने कहा कि शहर की सड़कों पर गड्ढे, पेयजल की समस्या और जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था भी बड़ी चुनौती है। कैंट विधानसभा के कई इलाकों में सीवर और गंदे पानी की समस्या बनी हुई है। छोटी-छोटी सड़कों को बनाने में महीनों लग जाते हैं। विकास के दावों के साथ इन जमीनी समस्याओं का समाधान भी जरूरी है।


महापौर बोलीं- जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास

महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि कानपुर के लोगों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का लगातार प्रयास किया है। जनप्रतिनिधियों के पास जनता की समस्याएं पहुंचती हैं तो उनका तत्काल समाधान कराने की कोशिश रहती है। पार्षदों के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों पर भी कार्रवाई की जाती है।


वातानुकूलित मंगलम भवन की व्यवस्था की गई

उन्होंने कहा कि चुन्नीगंज में गरीब परिवारों के बच्चों और जरूरतमंद लोगों के लिए कम खर्च में वातानुकूलित मंगलम भवन की व्यवस्था की गई है, जहां मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। शहर में नमो वन और पर्यावरण सुधार से जुड़े कार्य भी कराए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कुछ काम अभी अधूरे हैं और उनके लिए समयबद्ध प्रयास किए जाएंगे।


सांसद बोले- तीन बड़े वादे पूरे, दिसंबर से दिखेगा धरातल पर काम

सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि जब वह चुनाव लड़ने आए तो लोगों ने शहर की तीन प्रमुख समस्याएं बताई थीं। इनमें अनवरगंज से मंधना तक एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, गोल चौराहे से रामादेवी तक एलिवेटेड रोड और ग्रीनपार्क स्टेडियम का पुनर्विकास शामिल था। इन तीनों परियोजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है। दिसंबर तक इनके धरातल पर उतरने की प्रक्रिया भी दिखाई देने लगेगी।


जल्द संचालित होगा सौ बेड का अस्पताल

दक्षिण क्षेत्र में 100 बेड के अस्पताल के संचालन में देरी पर उन्होंने कहा कि अस्पताल की इमारत तैयार कराना पहला चरण था, लेकिन डाक्टरों की कमी बड़ी चुनौती है। इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से बातचीत हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नए साल से पहले अस्पताल का संचालन शुरू कराने का प्रयास है। कहा कि भविष्य का कानपुर डिफेंस हब के रूप में भी अपनी पहचान बनाएगा। शहर में स्थापित हो रही डिफेंस इकाइयां रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी।


बंद मिलों की जमीन पर बनेगा रोजगार का रास्ता

जनता के सवालों के जवाब में सांसद ने बंद पड़ी मिलों की जमीन का उपयोग रोजगार सृजन के लिए करने की बात कही। उन्होंने बताया कि कई मिलों की जमीन केंद्र सरकार के अधीन है। इन्हें प्रदेश सरकार को हस्तांतरित कराने के लिए केंद्र और प्रदेश स्तर पर बातचीत की जा रही है। प्रयास है कि इन जमीनों पर आइटी हब, टेक्सटाइल और अन्य औद्योगिक गतिविधियां विकसित हों, जिससे युवाओं को दूसरे शहरों में नौकरी तलाशने के लिए मजबूर न होना पड़े। उन्होंने कहा कि कानपुर की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करना भी उनकी प्राथमिकता है। स्वतंत्रता सेनानी गंगू वाल्मीकि, गणेश शंकर विद्यार्थी और झंडा गीत के रचयिता श्यामलाल गुप्ता पार्षद के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए स्मारक और प्रतिमाएं स्थापित करने की योजना है। शहर में आधुनिक पुस्तकालय और संग्रहालय बनाने की भी तैयारी है। उन्होंने बताया कि कानपुर के औद्योगिक इतिहास पर उनकी पुस्तक भी जल्द आएगी।

ग्रीनपार्क से लेकर अस्पतालों तक जनता ने पूछे सवाल

विमर्श के दौरान लोगों ने ग्रीनपार्क स्टेडियम, बंद मिलों, अस्पतालों और शहर की कनेक्टिविटी से जुड़े सवाल उठाए। गोविंदनगर क्षेत्र में हार्ट केयर अस्पताल बनाने की मांग भी सामने आई। आइआइटी कानपुर को एयरपोर्ट से जोड़ने और दक्षिण क्षेत्र की बाजारों में विकास कार्यों को पूरा करने का मुद्दा भी उठा। सत्र के समापन पर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के बीच राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन कानपुर के विकास के सवाल पर सभी को एकजुट होना होगा। शहर का पुराना गौरव लौटाना किसी एक दल या जनप्रतिनिधि की नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

यह भी पढ़ें- कानपुर में रुद्राग्रीन अपार्टमेंट में कारोबारी के बेटे की मौत मामले में नया मोड़, महिला मित्र और उसके परिवार पर हत्या का मुकदमा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।