सोना-चांदी सस्ते होने से खरीदारों को राहत, निवेशकों ने बनाई दूरी, अब धनतेरस की ग्राहकी पर कानपुर सराफा बाजार की नजर
सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट से कानपुर के सराफा बाजार में निवेशकों ने फिलहाल दूरी बनाई है, जबकि ...और पढ़ें

सोने और चांदी के दाम में गिरावट। इंटरनेट मीडिया
HighLights
चांदी की कीमतों में 28 हजार रुपये प्रति किलो की गिरावट
सोने के दाम 8,750 रुपये प्रति 10 ग्राम तक लुढ़के
सराफा बाजार को धनतेरस और सहालग से बिक्री की उम्मीद
जागरण संवाददाता, कानपुर। चांदी की कीमतों में भारी गिरावट से सराफा बाजार में कारोबार के समीकरण बदल गए हैं। निवेशकों ने फिलहाल खरीदारी से दूरी बना ली है, जबकि शादी-विवाह और घरेलू जरूरतों के लिए खरीदारी करने वाले ग्राहकों को राहत मिली है। ऐसे में सराफा कारोबारियों की उम्मीदें अब धनतेरस की ग्राहकी और आगामी सहालग पर टिकी हैं।
थोक कारोबारियों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्याज दरों को लेकर बनी आशंकाओं, अमेरिका में महंगाई और डालर की चाल का असर कीमती धातुओं पर पड़ रहा है। पहले चांदी की कमी के कारण कीमतों में तेजी का दबाव था, लेकिन अब आपूर्ति बेहतर होने और वैश्विक परिस्थितियों में बदलाव से भाव नीचे आए हैं।
आल इंडिया ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकुल वर्मा का कहना है कि आमतौर पर कीमतों में गिरावट आने पर निवेशक खरीदारी का मौका तलाशते हैं, लेकिन इस बार बाजार में अनिश्चितता के चलते वे सतर्क हैं। फिलहाल शादी-विवाह और पारिवारिक आयोजनों के लिए खरीदारी करने वाले ग्राहक ही बाजार को सहारा दे रहे हैं।
कीमतें घटने से बिक्री के कुल मूल्य पर असर पड़ा है, लेकिन कारोबारियों को उम्मीद है कि कम भाव ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रोत्साहित करेंगे। धनतेरस के साथ आगामी सहालग से मांग बढ़ने की संभावना है। चांदी के सिक्कों और सोने के जेवरात की खरीद इस मौके पर की जाती है। सराफा कारोबारी नटवर मिश्रा के अनुसार, चांदी के भाव नीचे आने से बाजार में खरीदारी बढ़ने का अनुमान है। धनतेरस पर ग्राहकों की सक्रियता से बाजार में रौनक लौटेगी।
स्थानीय बाजार में चांदी की कीमतों में 28 हजार रुपये प्रति किलो तक की भारी नरमी आई है, वहीं सोना भी 8,750 रुपये प्रति 10 ग्राम तक टूट चुका है। बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, 10 अक्टूबर को चांदी का भाव 2 लाख 29 हजार 500 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया था। इसके बाद से इसमें लगातार फिसलन जारी रही।
22 अक्टूबर को चांदी 2 लाख 8 हजार रुपये तथा 24 अक्टूबर तक लुढ़क कर 2 लाख 1 हजार 500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। महज चौदह दिनों के अंतराल में चांदी में 28 हजार रुपये प्रति किलोग्राम की बड़ी गिरावट देखने को मिली है।
इसी तरह सोने के भाव में भी लगातार सुस्ती छाई रही। 10 अक्टूबर को 10 ग्राम सोना 1 लाख 53 हजार 750 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था। 24 अक्टूबर को सोने की कीमतों में और नरमी आई और यह 1 लाख 45 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ। इस प्रकार पखवाड़े भर में सोने के दाम 8,750 रुपये प्रति 10 ग्राम गिर चुके हैं।
