कानपुर के कजड़नपुरवा में नशा तस्करों पर बड़ा एक्शन! 150 पुलिसकर्मियों ने ली 60 से 70 घरों की तलाशी, ड्रोन से निगरानी
कानपुर के किदवई नगर स्थित कजड़नपुरवा में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया, जिसमें 150 पुलिसकर्मियों ने ...और पढ़ें
HighLights
कजड़नपुरवा में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान
150 पुलिसकर्मियों ने 60-70 घरों की तलाशी ली
ड्रोन निगरानी में 11 किलो गांजा बरामद, तीन गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, कानपुर। किदवई नगर के कजड़नपुरवा में नशा तस्करी के खिलाफ रविवार को पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी के नेतृत्व में पांच थानों की पुलिस ने तड़के करीब पांच बजे बस्ती में एक साथ छापेमारी की। पुलिस की चारों ओर से घेराबंदी और अचानक दबिश से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान ड्रोन कैमरे की मदद से पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई और करीब 60 से 70 घरों की तलाशी ली गई।
अभियान में किदवई नगर, गोविंदनगर, जूही और बाबूपुरवा समेत पांच थानों की पुलिस शामिल रही। करीब 150 पुलिसकर्मियों की टीम को अलग-अलग टोलियों में बांटकर कई रास्तों से बस्ती में दाखिल कराया गया। इसमें करीब 50 दरोगा, 80 पुरुष और 24 महिला कांस्टेबल शामिल थीं। पुलिस ने ड्रोन कैमरे के जरिए बस्ती के घरों और आसपास के इलाकों पर नजर रखी, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने नशा तस्करी के आरोपित सागर, अरमान और अंजली को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से करीब 11 किलो गांजा बरामद किया गया है। कार्रवाई के दौरान कई अन्य संदिग्धों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए यह संयुक्त अभियान चलाया गया। पुलिस की टीमें इलाके में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। अभियान के दौरान बरामदगी और गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।