दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों को लेकर बड़ा अलर्ट! कहीं तेल जब्त तो कहीं मिलावटी मिठाइयों का खतरा, 3 जिलों में छापेमारी
दीपावली से पहले कानपुर देहात, उन्नाव और इटावा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मिलावटी तेल, बिना ...और पढ़ें

HighLights
उन्नाव में 32.74 लाख रुपये का तेल और खाद्य सामग्री जब्त
कानपुर देहात में बिना निर्माण-अंतिम तिथि की मिठाइयां बिक रही हैं
इटावा में 900 लीटर तेल और 68 किलो मिर्च पाउडर सीज
जागरण टीम, कानपुर। दीपावली के त्योहार पर बाजार में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट और अनियमित भंडारण के मामले भी सामने आने लगे हैं। कानपुर देहात में मिठाइयों की ताजगी और उनकी निर्माण व इस्तेमाल की अंतिम तिथि को लेकर नियमों की अनदेखी हो रही है, तो उन्नाव में बिना लाइसेंस तेल की बिक्री और अनियमित निर्माण पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। इटावा में भी मकान से 900 लीटर तेल जब्त किया गया, जबकि 68 किलो मिर्च पाउडर सीज किया गया।
Unnao में 32.74 लाख का तेल व खाद्य सामग्री सीज
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने रविवार को नवाबगंज क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान 13 खाद्य पदार्थों के नमूना लिया। वहीं बिना लाइसेंस खुले तेल की बिक्री और निर्माण में अनियमितताएं मिलने पर 6966 किग्रा खाद्य सामग्री और 11958 लीटर तेल सीज किया गया। जिसकी अनुमानित कीमत 32.74 लाख रुपये है। सहायक आयुक्त खाद्य प्रियंका सिंह के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले कुसुंभी रोड स्थित विजय कुमार के प्रतिष्ठान छापेमारी की।
यहां भी हुई छापेमारी
इसके बाद रामकिशोर साह के प्रतिष्ठान से सरसों तेल, राइस ब्रान, सोया रिफाइंड आयल, चना दाल और बेसन जब्त किया। इसके अलावा मदारीखेड़ा स्थित प्रज्ज्वल ट्रेडर्स और कुशुम्भी के गणेश ट्रेडर्स की भी जांच की। यहां खुले सरसों तेल का निर्माण होता मिला। गंदगी, कीड़े-मकोड़े और लैब व पैकेजिंग मानकों का पालन न मिलने पर निर्माण बंद करा दिया गया। सहायक आयुक्त ने बताया कि नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।
Kanpur Dehat में मिठाइयों के डिब्बे पर न निर्माण की तारीख, न इस्तेमाल की अंतिम तिथि
कई दिन पहले तैयार की गई मिठाइयों को ताजा बताकर बेचा जा रहा है। वहीं खुली और पैक्ड मिठाइयों पर निर्माण के साथ इस्तेमाल की अंतिम तिथि लिखने का नियम भी हवा-हवाई साबित हो रहा है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से 15 अक्टूबर से यह व्यवस्था अनिवार्य की गई है, लेकिन जिले की अधिकांश दुकानों पर इसका पालन नहीं हो रहा है। त्योहार पर विभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियान का भी दुकानदारों पर खास असर नहीं दिख रहा है।
Etawah में मकान से 900 लीटर तेल जब्त
इटावा में मिलावटी सरसों के तेल और रिफाइंड खपाने की आशंका के बीच शनिवार रात भरतिया चौराहे पर छापा मारा। एक मकान से 300 लीटर सरसों का तेल और 600 लीटर सोया रिफाइंड जब्त किया। तेल की खरीद-बिक्री और भंडारण से जुड़े दस्तावेज नहीं दिखाए जाने पर टीम ने दोनों तेलों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला आगरा भेजे। वहीं तेल रखने वाले कमरे को सीज कर दिया।
रात 12 बजे सूचना पर कार्रवाई
शनिवार रात 12 बजे बड़ी मात्रा में सरसों तेल और सोया रिफाइंड जमा किए जाने की सूचना पर एसडीएम विजय प्रकाश मिश्रा के निर्देशन में कार्रवाई की गई। तहसीलदार हरी लाल और थाना प्रभारी नरेन्द्र मिश्रा के साथ खाद्य सुरक्षा टीम भरतिया चौराहे पर रहने वाले कुलदीप कुमार के मकान पहुंची। वहां एक कमरे में 28 केनों में करीब 900 लीटर तेल रखा मिला। टीम ने कुलदीप कुमार से तेल की खरीद, बिक्री और स्टाक से जुड़े कागजात मांगे, लेकिन वह दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सरसों के तेल और सोया रिफाइंड के नमूने संग्रहित किए गए। पुलिस की मौजूदगी में रात करीब दो बजे तक कार्रवाई चली। विभाग ने बरामद तेल जब्त कर भंडारण कक्ष सीज कर दिया।
300 लीटर सरसों का तेल और 600 लीटर सोया रिफाइंड मिला
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि कुलदीप कुमार के यहां से 300 लीटर सरसों का तेल और 600 लीटर सोया रिफाइंड मिला है। दोनों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। तहसीलदार हरीलाल ने बताया कि तेल त्योहार के दौरान बाजार में खपाने की तैयारी की आशंका के बीच कार्रवाई की गई। एसडीएम विजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि त्योहार पर मिलावटी तेल बेचे जाने की सूचना मिलने पर छापा मारा गया। खाद्य सुरक्षा विभाग को मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
दुकानदार भी जांच के दायरे में
सरसों के तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच मिलावटखोरी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि थोक बाजार में शुद्ध सरसों तेल 200 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा है, जबकि मिलावटी तेल दुकानदारों को 150 से 160 रुपये प्रति किलोग्राम तक उपलब्ध कराया जाता है। 50 से 60 रुपये प्रति किलोग्राम के अंतर के चलते अधिक मुनाफे के लालच में कुछ दुकानदार ऐसा तेल खरीदकर बेचते हैं। हालांकि, भरतिया से बरामद तेल में मिलावट की पुष्टि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
शहर में भी मिर्च पाउडर व नमकीन के नमूने भरे
इटावा शहर में भी खाद्य सुरक्षा टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई कर नमूने लिए और 68 किलो मिर्च पाउडर सीज किया। विभाग के अनुसार, सिवान फूड स्टोर, करनपुरा रोड से नमकीन और गत्ते की मिठाई के नमूने लिए गए। रतन चक्की वाले, गाड़ीपुरा से मिर्च पाउडर का नमूना लेने के साथ 68 किलोग्राम मिर्च पाउडर सीज किया गया। शिवम किराना स्टोर, मंडी होमगंज से मिर्च पाउडर और हल्दी पाउडर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।