CSA Kanpur के छात्रों को 5 लाख का बीमा और 1 लाख की मेडिकल सुविधा, पहली बार महिला डॉक्टर की नियुक्ति
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के छात्रों को अब ₹5 लाख का दुर्घटना बीमा और ₹1 लाख की ...और पढ़ें

ये फोटो एआई जनरेटेड है।
HighLights
छात्रों को 5 लाख का दुर्घटना बीमा मिलेगा
1 लाख तक की मेडिकल सुविधा भी उपलब्ध
परिसर में पहली बार महिला डॉक्टर नियुक्त
जागरण संवाददाता, कानपुर। चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब स्वास्थ्य सुरक्षा का दोहरा लाभ मिलेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों के लिए पांच लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा और एक लाख रुपये तक की मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।
इसके साथ ही परिसर में पहली बार महिला डाक्टर की नियुक्ति की गई है। इससे विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए परिसर में ही चिकित्सकीय परामर्श मिल सकेगा। खासकर छात्राओं को महिला डाक्टर से अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां साझा करने में सहूलियत होगी।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा भी उपलब्ध कराना है। दुर्घटना की स्थिति में पांच लाख रुपये तक का बीमा विद्यार्थियों के लिए आर्थिक सुरक्षा का माध्यम बनेगा। वहीं, एक लाख रुपये तक की मेडिकल सुविधा से उन्हें उपचार संबंधी जरूरतों में मदद मिल सकेगी।
इस व्यवस्था से विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी आकस्मिक परिस्थितियों में राहत मिलने की उम्मीद है। उन्हाेंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में नियुक्त महिला डाक्टर विद्यार्थियों को दो पालियों में चिकित्सकीय परामर्श देंगी। वह सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम चार बजे से सात बजे तक उपलब्ध रहेंगी।
इस दौरान विद्यार्थी अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में परामर्श ले सकेंगे। छात्राओं के लिए यह व्यवस्था विशेष रूप से उपयोगी होगी, क्योंकि वे महिला डाक्टर से सहजता से अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां साझा कर सकेंगी और जरूरी चिकित्सकीय सलाह प्राप्त कर सकेंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ उनका शारीरिक स्वास्थ्य भी महत्वपूर्ण है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।