कैंसर की 484 दवाएं हुईं सस्ती, कानपुर के हजारों मरीजों को मिली राहत
नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथारिटी (एनपीपीए) ने कैंसर की 484 आवश्यक दवाओं के दाम 70% तक कम किए हैं, जिससे मरीजों ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, कानपुर। नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथारिटी (एनपीपीए) की ओर से कैंसर के इलाज के जरूरी 484 दवाओं के मूल्य में कमी को लागू किया जा रहा है। नए नियम के तहत करीब 70 प्रतिशत कम मूल्य में कैंसर की दवाएं होलसेल व फुटकर दवा मार्केट में उपलब्ध होने लगी है। इसका फायदा 18 जिलों से शहर में इलाज के लिए पहुंचने वाले पांच हजार से ज्यादा कैंसर रोगियों को मिलेगा।
कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की अत्यधिक कीमतें लंबे समय से मरीजों और उनके परिवारों के लिए बड़ी आर्थिक चुनौती बनी हुई थी। ऐसे में केंद्र सरकार व एनपीपीए की पहल मरीजों को आर्थिक राहत देगी। इतने बड़े स्तर पर कैंसर की दवाओं के मूल्य में कमी होने से मरीजों को इलाज के दौरान आर्थिक तंगी नहीं झेलनी पड़ेगी।
रिटेल केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के महासचिव राजेंद्र सैनी ने बताया कि नई दाम सूची के हिसाब से शहर के मेडिकल स्टोर में दवा की बिक्री शुरू हो गई है। इसमें 28 हजार वाली दवा छह व 34 हजार तक की दवा पांच हजार रुपये तक में मिल रही है। सस्ती हुई दवा से कैंसर से ग्रसित मरीजों को काफी हद तक राहत मिलेगी। इतने बड़े स्तर पर कैंसर की दवाओं के मूल्य में कमी होने से मरीजों को इलाज के दौरान आर्थिक तंगी नहीं झेलनी पड़ेगी।
एसोसिएशन ने दवा निर्माता एवं मार्केटिंग कंपनियों को संशोधित दवा के मूल्य की सूची सभी स्टाकिस्ट, डिस्ट्रीब्यूटर, अस्पतालों एवं केमिस्टों को उपलब्ध कराने को कहा है। फुटकर दवा व्यापार मंडल व दि दवा व्यापार मंडल के महामंत्री प्रवीन बाजपेई ने कहा कि नई रेट लिस्ट के हिसाब से दवा की बिक्री शुरू कर दी गई है। जल्द ही सभी दवा व्यापारी कम हुए दाम पर दवाओं की बिक्री शुरू कर मरीजों को राहत पहुंचाएंगे।
ये भी जानें
- 18 जिलों से कैंसर के रोगी शहर में इलाज के लिए आ रहे।
- 30 से 50 हजार रुपये में औसतन आ रही एक माह की दवा।
- पांच हजार से ज्यादा कैंसर रोगी शहर में करा रहे इलाज।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।