विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में रेल हादसा, चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार कोच पटरी से उतरे, यात्रियों में मचा हड़कंप

Published: Wed, 11 Nov 2026 06:31 PM (IST)

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर बुधवार शाम चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार कोच पटरी से उतर गए, जिससे रेलवे प्रशासन में ...और पढ़ें

घटना की जानकारी देते डिप्टी चीफ ट्रैफिक मैनेजर आकांशु गोविल। एएनआई

घटना की जानकारी देते डिप्टी चीफ ट्रैफिक मैनेजर आकांशु गोविल। एएनआई

HighLights

  1. कानपुर सेंट्रल पर चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार कोच पटरी से उतरे।

  2. शाम 5:05 बजे हुई घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ।

  3. रेलवे प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए, जांच के आदेश।

जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर बुधवार शाम एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। गोरखपुर की ओर जा रही ट्रेन संख्या 15003 चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार कोच स्टेशन से रवाना होने के कुछ ही देर बाद पटरी से उतर गए। घटना शाम करीब 5:05 बजे की है। वहीं ट्रेन डिरेल और देरी की वजह से यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया है।

kanpur chauri chaura express

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर हंगामा करते यात्री। जागरण

कोचों के पटरी से उतरने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।

 

 

 

उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 15003 बुधवार को कानपुर अनवरगंज स्टेशन से गोरखपुर के लिए निकली। कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर सात पर पहुंची। यहां से शाम 5:03 बजे ट्रेन रवाना हुई। इसके करीब दो मिनट बाद यानी 5:05 बजे स्टेशन से आगे बढ़ने के दौरान ट्रेन के चार कोच पटरी से उतर गए। इनमें बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7 कोच शामिल हैं। रेलवे के मुताबिक, चारों कोच की एक-एक ट्रॉली पटरी से उतरी है।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। डिप्टी सीटीएम कानपुर के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। वहीं, प्रयागराज से भी वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। रेलवे की ओर से मौके पर आवश्यक सुरक्षा संबंधी कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी। फिलहाल रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित कोचों और ट्रैक से जुड़ी स्थिति को सुरक्षित करना तथा यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करना है।

यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए रेलवे प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। कानपुर सेंट्रल स्टेशन के लिए 0512-2323018, 0512-2323016 और 0512-2323015 नंबर जारी किए गए हैं। वहीं, प्रयागराज जंक्शन के लिए 0532-2408128, 0532-2407353 और 0532-2408149 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा फतेहपुर स्टेशन के लिए 9151833006 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से किसी भी तरह की जानकारी अथवा सहायता के लिए इन नंबरों पर संपर्क करने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल पर राहत कार्य जारी है और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

डिप्टी चीफ ट्रैफिक मैनेजर आकांशु गोविल ने एएनआई से बातचीत में कहा, चौरी चौरा एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म नंबर 7 के पास चार डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। किसी भी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है। हम जल्द से जल्द बहाली का काम पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- छठ पर घर जाने वालों को राहत, कानपुर होकर गुजरेंगी कई विशेष ट्रेनें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।