ठंड में बढ़ रहा जोड़ों का दर्द? अकड़न और कमर दर्द को न करें नजरअंदाज, जानें रोज 40 मिनट धूप लेना क्यों जरूरी
सर्दी में तापमान गिरने से जोड़ों में अकड़न, गठिया और पीठ-गर्दन का दर्द बढ़ जाता है। हड्डी रोग विशेषज्ञ विटामिन डी की कमी को इसका मुख्य कारण बताते हुए रोजाना 40 मिनट धूप लेने की सलाह देते हैं।

दैनिक जागरण के हेलो डाक्टर में पाठकों के सवालों का जवाब देते जीएसवीएम मेडिकल कालेज के हड्डी रोग विभाग के डा. चंदन कुमार। जागरण
HighLights
सर्दी में जोड़ों, कमर, गर्दन का दर्द और अकड़न बढ़ती है।
विटामिन डी की कमी हड्डियों के दर्द का मुख्य कारण है।
रोजाना 40 मिनट धूप लेना हड्डियों के लिए फायदेमंद है।
जागरण संवाददाता, कानपुर। सर्दी के मौसम में तापमान गिरने से जोड़ों में अकड़न, गठिया का दर्द बढ़ना, पीठ-गर्दन में जकड़न और पुरानी चोटों में दर्द जैसी समस्याएं बढ़ने लगती है। मौसम में हो रहे बदलाव के कारण सरकारी अस्पतालों में संचालित हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में हड्डी के दर्द की समस्या के मरीजों की संख्या दो से तीन गुणा तक बढ़ गई है। मांसपेशियां और लिगामेंट में दर्द, कमर, गर्दन व जोड़ों के दर्द के साथ हर उम्र के मरीज इलाज के लिए डाक्टरों के पास पहुंच रहे हैं।
हड्डी के दर्द को अनदेखा करने से समस्या बढ़ सकती है । इसलिए दर्द की शुरुआत में ही इलाज जरूरी है। हड्डी से जुड़ी बीमारी विटामिन डी की कमी के कारण होती है। इसकी सबसे अच्छी दवा धूप है। सुबह करीब 40 मिनट की धूप से शरीर को पर्याप्त विटामिन डी मिल जाता है। यह बातें दैनिक जागरण के हेलो डाक्टर में जीएसवीएम मेडिकल कालेज के हड्डी रोग विभाग के डा. चंदन कुमार ने पाठकों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए कही। पेश है पाठकों से बातचीत के मुख्य अंश...
- पत्नी के पैर के जोड़ों में दर्द रहता है। सर्दी में यह दर्द बढ़ जाता है। क्या करें? - जय प्रकाश तिवारी, बर्रा एक।
- उम्र के साथ बढ़ने वाला गठिया हो सकता है। अधिक वजन व विटामिन डी की कमी के कारण गठिया के मरीजों की समस्या बढ़ जाती है। हड्डियों में ढेड़ापन के साथ ही कमजोरी व फ्रैक्चर की समस्या भी हो सकती है। इस प्रकार की समस्या को अनदेखा नहीं करें। समय पर इलाज से इसकी गंभीरता से बचा जा सकता है।
- कंधों में हल्का दर्द रहता है। यह समस्या लंबे समय से है। घुटनों से भी कट-कट की आवाज आ रही है? - उमेश गुप्ता, यशोदा नगर।
- आप विटामिन डी की जांच कराकर एलएलआर अस्पताल के हड्डी रोग विभाग में दिखा लें। कंधे का गठिया व जोड़ों के दर्द का इलाज जांच के बाद ही सही दिशा में किया जा सकता है। विटामिन डी की कमी को पूरा करने के लिए सुबह की धूप जरूर लें। खान-पान को बेहतर करें। विटामिन डी के सप्लीमेंट का भी प्रयोग डाक्टर की सलाह पर कर सकते हैं।
- सर्दी के दिनों में हड्डियों के दर्द की समस्या बढ़ने लगती है। हड्डियों के दर्द के साथ कमर व गर्दन में जकड़न की समस्या भी होती है? - राहुल गुप्ता, श्याम नगर। सत्येंद्र राय, मीरपुर छावनी
- घुटने के गठिया के कारण ही कमर में दर्द की समस्या बढ़ने लगती है। इस कारण ही आपको चलने-फिरने में समस्या होने लगती है। इसकी जांच कराकर हड्डी रोग विशेषज्ञ को दिखाएं। सर्दियों में अर्थराइटिस के मरीजों की संख्या बढ़ इस दर्द को अनदेखा नहीं करना चाहिए। समय पर इलाज कर अर्थराइटिस की गंभीरता से बचा जा सकता है।
- गठिया का मरीज हूं, जोड़ों में दर्द की समस्या रहती है। इसका इलाज कैसे करें? - वेद प्रकाश गुप्ता, बारासिरोही। रमा शंकर तिवारी, किदवई नगर।
- घुटने के गठिया के कारण अक्सर लोगों को चलने में समस्या होती है। गठिया का इलाज शुरुआती समय में दवा और जब चलने में दिक्कत होने पर सर्जरी के जरिये किया जा सकता है। गठिया के शुरुआती इलाज में एक्सरसाइज व दवा कारगर है। लेकिन बढ़ जाने पर सर्जरी कराएं। इसके बेहतर परिणाम सामने आते हैं। एक बार एलएलआर के हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में दिखा लें। अगर दर्द रीढ़ की हड्डी तक पहुंच रहा है तो यह चोट का दर्द भी हो सकता है। डाक्टर को जरूर दिखाएं। सर्दी में होने वाले हड्डियों के दर्द में गुनगुने पानी को बोतल में भरकर सिकाई करें। इससे मांसपेशियों के दर्द से भी आराम मिलेगा।
- 88 साल का हूं, रात के समय घुटनों के नीचे दर्द व अकड़न होती है? - नरेश चंद्र अवस्थी, विनायकपुर।
- अधिक उम्र में शरीर में विटामिन व कैल्शियम की कमी के कारण ऐसा हो सकता है। अधिक उम्र में अक्सर इस प्रकार की समस्या आती है। अर्थराइटिस के कारण इस प्रकार की समस्या हो सकती है। जांच के बाद ही इलाज बेहतर किया जाएगा। एक बार आप एलएलआर अस्पताल में दिखा लें।
- हर हफ्ते कंधे के उखड़ने की समस्या थी, इसका आपरेशन कराया था, अब दिक्कत हो रही है? - राजन शुक्ला, जागेश्वर धाम सोसाइटी।
- सर्जरी के बाद जकड़न की समस्या होने लगती है। एक बार एक्सरे, एमआरआइ जांच कराकर दिखा लें। जांच के बाद ही आपकी स्थिति व समस्या को देखा जा सकता है। इसके आधार पर ही आगे का इलाज किया जा सकेगा। एलएलआर के हड्डी रोग विभाग में संपूर्ण इलाज की व्यवस्था है।
- घुटने व एड़ी में दर्द रहता है। सुबह के समय अधिक समस्या लगती है? - सूरज पाल सिंह, श्याम नगर।
- एड़ियों में होने वाले दर्द के कई कारण होते हैं। प्लांटर फेशियाटिस की समस्या रहती है। इस प्रकार की समस्या में सुबह के समय एड़ी व घुटनों में दर्द अधिक होता है। इसमें दवा के साथ फिजियोथेरेपी व स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज उपयोगी होती है।
- जब चलते हैं, तो पैर के पंजों में कुछ गढ़ने जैसा प्रतीत होता है। क्या करें? - विनोद कुमार सूरी, रामादेवी।
- इस प्रकार की समस्या स्पाइन व डायबिटिक के कारण नसों में होने वाली समस्या के कारण होता है। एक बार सुपर स्पेशियलिटी ब्लाक के न्यूरो मेडिसिन विभाग में दिखा लें। जांच के बाद ही आपका इलाज सही दिशा में हो सकेगा।
- मेरे पति को चलने में कमर व हाथ में दर्द रहता है? - वीना गौतम, दबौली।
- अगर कमर का दर्द पैर तक नहीं जा रहा है। तो यह पुरानी चोट के कारण हो सकता है। सर्दी के दिनों में हड्डियों में जकड़न व मांसपेशियों में जकड़न के कारण इस प्रकार की समस्या हो सकती है। डायबिटिक के मरीजों में फ्रोजन सोल्डर की समस्या के चलते भी ऐसा हो सकता है। इसलिए आप एक्सरे कराकर एक बार ओपीडी में जरूर दिखाएं। एक्सरे की स्थिति को देखने के बाद ही गंभीरता को देखा जा सकता है। तब तक खान-पान अच्छा करें।
- घुटने व कमर में दर्द की समस्या रहती है। उठने-बैठने पर दर्द अधिक रहता है। क्या स्टेरायड ले सकते हैं? - राजीव शर्मा, लालबंगला।
- उम्र बढ़ने के साथ होने वाला गठिया है। इसमें झुककर काम करने से बचें। इंडियन शौच में जाने से बचें और कमोड का प्रयोग करें। अधिक वजन उठाने, मोटापा को कम करने के लिए प्रयास करें। हड्डियों के जोड़ों में होने वाली कई समस्या का कारण मोटापा है। जिसे नियंत्रित कर हड्डियों की समस्या से बचा जा सकता है। बिना डाक्टर की सलाह के स्टेरायड नहीं लेनी चाहिए। इसके सेवन से हड्डियों का क्षरण हो सकता है। स्टेरायड के फायदे हैं तो गलत तरीके से खाने से कई तरह के नुकसान का खतरा रहता है।
इन्होंने किए प्रश्न
होरी लाल प्रजापति, दादानगर। मंजू गुप्ता, केशवनगर। राधा शर्मा, बिल्हाैर। रतनलाल, बिठूर। दिनेश दुबे, गीतानगर। अर्चना देवी, लालबंगला। पूजा अग्रवाल स्वरूप नगर। श्याम स्वरूप शर्मा, केशवनगर। आशीष गुजैनी।
सर्दी में होने वाली हड्डी से जुड़ी समस्याएं
- जोड़ों से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
- कमर, गर्दन, घुटने का दर्द बढ़ जाता है।
- अर्थराइटिस का खतरा बढ़ जाता है।
बचाव के लिए यह करें
- ठंड से बचाव करें। सुबह-शाम घर से निकलने से बचें।
- शरीर के जोड़ वाले भाग में धूप लें।
- नियमित धूप में 40 मिनट बैठने की आदत डाले।
- विटामिन डी की पूर्ति के लिए डाक्टर की सलाह पर सप्लीमेंट का प्रयोग करें।
- खान-पान में दूध व उससे बने उत्पाद का प्रयोग करें।
- स्टेरायड दवा लेने से बचें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।