विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CSJMU Kanpur में अब AI से होगा शोध प्रबंधन, 72 घंटे में दूर होंगी शोधार्थियों की शिकायतें

Published: Sat, 21 Nov 2026 08:14 PM (IST)

सीएसजेएमयू ने एआई-आधारित 'व्यास एन पोर्टल' लॉन्च किया है, जिससे शोध प्रबंधन और शोधार्थियों की शिकायतों का 72 घंटे में समाधान होगा। यह पोर्टल शोध प्रकाशनों के सत्यापन और प्रमाणपत्रों की ऑनलाइन जांच भी करेगा, साथ ही 47 गुणवत्तापूर्ण शोध पत्रों के लिए 72 पुरस्कार दिए गए।

ये फोटो एआई जनरेटैड है।

ये फोटो एआई जनरेटैड है।

HighLights

  1. एआई-आधारित व्यास एन पोर्टल शोध प्रबंधन में सहायक।

  2. शोधार्थियों की शिकायतें 72 घंटे में होंगी ऑनलाइन हल।

  3. शोध प्रकाशनों का सत्यापन और प्रमाणपत्रों की जांच ऑनलाइन।

जागरण संवाददाता, कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) में अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) की मदद से शोध प्रबंधन किया जाएगा। शोधार्थियों की शिकायतों के निस्तारण से लेकर शोध प्रकाशनों के सत्यापन और प्रोत्साहन राशि की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए विश्वविद्यालय ने व्यास एन पोर्टल विकसित किया है। शनिवार को रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल की ओर से सेंटर फार एकेडमिक्स स्थित एकेडमिक काउंसिल हाल में आयोजित कार्यक्रम में पोर्टल का प्रदर्शन किया गया।

कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने त्रैमासिक पत्रिका सीएसजेएमयू रिसर्च बुलेटिन के वाल्यूम-2, इश्यू-3 का विमोचन किया। साथ ही 47 गुणवत्तापूर्ण शोध पत्रों के लिए शिक्षकों और शोधार्थियों को कुल 72 प्रोत्साहन पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

तीन माड्यूल से संचालित होगा पोर्टल

ज्ञान से शोध तक, एआइ के साथ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में पोर्टल की विशेषताएं बताई गईं। महर्षि वेदव्यास और चार वेदों की अवधारणा से प्रेरित इस पोर्टल को एआइ मंथन 2.0 के बाद तैयार किया गया है। एमएससी मैथमेटिक्स विद एआइ एंड डेटा साइंस के छात्र हर्षित गुप्ता ने डीन रिसर्च एंड डेवलपमेंट प्रो. नमिता तिवारी के मार्गदर्शन में इसे विकसित किया है। इसे विश्वविद्यालय की आधिकारिक रिसर्च वेबसाइट से जोड़ दिया गया है। शिक्षक और शोधार्थी रिसर्च सेक्शन के यूआरडीसी पेज से इसका उपयोग कर सकेंगे।

डीन रिसर्च एंड डेवलपमेंट प्रो. नमिता तिवारी ने बताया कि पोर्टल में निवारण, समीक्षा और अनुदान तीन मॉड्यूल हैं। अथर्ववेद की अवधारणा पर आधारित निवारण माड्यूल में शोधार्थी आनलाइन शिकायत दर्ज कर सकेंगे। एआइ शिकायतों को श्रेणीबद्ध कर संबंधित अधिकारी तक पहुंचाएगा।

मानवीय समीक्षा के बाद शिकायत का निस्तारण 72 घंटे में करने की समय-सीमा तय की गई है। शिकायत की स्थिति भी आनलाइन देखी जा सकेगी। उन्होंने बताया कि सामवेद पर आधारित समीक्षा माड्यूल में शोध प्रकाशनों और शोध उपलब्धियों का सत्यापित रिकार्ड रहेगा। इसमें पब्लिकेशन, रिसर्च बुलेटिन, रिसर्चर डायरेक्टरी और सत्यापित प्रमाणपत्र उपलब्ध हैं।

पोर्टल पर वर्ष 2026 के 350 स्कोपस इंडेक्स्ड शोध प्रकाशनों और 445 फैकल्टी रिसर्चर्स का सत्यापित डाटा दर्ज है। शिक्षक स्कोपस आइडी से प्रमाणपत्र डाउनलोड कर सकेंगे। डिजिटल फिंगरप्रिंट और क्यूआर कोड से इनकी प्रामाणिकता ऑनलाइन जांची जा सकेगी।

प्रो. नमिता तिवारी ने बताया कि यजुर्वेद पर आधारित अनुदान माड्यूल दिसंबर 2026 तक शुरू करने की योजना है। इसके बाद टर्म-3 से शोध प्रोत्साहन के आवेदन, स्कोपस सत्यापन और भुगतान पोर्टल से होंगे। गूगल फार्म की व्यवस्था समाप्त कर दी जाएगी। रिसर्च बुलेटिन के अनुसार जुलाई से सितंबर 2026 के बीच शिक्षकों और शोधार्थियों ने 150 स्कोपस इंडेक्स्ड शोध प्रकाशनों में योगदान दिया।

यह भी पढ़ें- कानपुर के कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष बोले- आर्यनगर सीट पर कांग्रेस की नजर, गठबंधन में 7 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।