जिलाध्यक्षों को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की दो टूक, थाने-चौकी छोड़ संगठन का काम देखें
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने जिलाध्यक्षों को संगठन पर ध्यान देने और सरकारी काम विधायकों के लिए छोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों सेवा पखवाड़े पंचायत चुनाव और मतदाता पुनरीक्षण अभियान पर चर्चा की। एक राष्ट्र एक चुनाव दौड़ में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया और जनसेवा के प्रति समर्पित प्रत्याशियों को चुनने पर जोर दिया।

जागरण संवाददाता, कानपुर। पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की तैयारी के संबंध में चर्चा करने आए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने जिलाध्यक्षों को आड़े हाथों लिया। जिलाध्यक्षों का फीड बैक लेकर आए प्रदेश अध्यक्ष ने साफ कहा कि उन्हें संगठन चलाने के लिए जिलाध्यक्ष बनाया गया है, इसलिए थाने-चौकी छोड़ संगठन का काम देखें। क्षेत्रीय कार्यालय में सभी 17 जिला इकाइयों के पदाधिकारियों को बुलाया गया था।
उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्था से जुड़े कार्यों को सांसद, विधायक के लिए छोड़ दें। उन्होंने 13 सितंबर को कानपुर में एक राष्ट्र, एक चुनाव को लेकर होने वाली दौड़ के लिए शहर के विधायकों और विधानसभा क्षेत्र के हारे हुए प्रत्याशियों के साथ अलग से बैठक भी की। बैठक में उन्होंने आम लोगों को जोड़ने की बात कही। उन्होंने 15 हजार से अधिक लोगों को दौड़ में शामिल करने की बात कही ताकि हर वर्ग तक संदेश पहुंचे। इसके लिए उत्तर व दक्षिण जिले के सभी मंडलों, मोर्चों व अन्य इकाइयों को जिम्मेदारी दी जाएगी।
वहीं क्षेत्रीय बैठक में 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़े, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव, मतदाता पुनरीक्षण अभियान व स्नातक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव पर चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंचायत चुनाव में ऐसे प्रत्याशियों का चयन करना चाहिए जो जनसेवा के भाव से प्रेरित हों। उन्होंने साफ किया कि जिला पंचायत सदस्य चुनाव में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी होंगे। साथ ही स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा मतदाता बनाएं।
क्षेत्रीय प्रभारी अनूप गुप्ता ने कहा कि 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा चलेगा। इसमें जन-जन तक पहुंच कर सेवा कार्य करने हैं।अध्यक्षता कर रहे क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम आयोजित कर बूथ समिति की बैठक करनी है। प्रदेश अध्यक्ष क्षेत्रीय मंत्री पवन प्रताप सिंह के केशबपुरम स्थित आवास भी गए।
बैठक में प्रदेश के एमएसएमई मंत्री राकेश सचान, समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण, महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार मंत्री प्रतिभा शुक्ला, सांसद रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक नीलिमा कटियार, महेश त्रिवेदी, सुरेन्द्र मैथानी, डा. मनोज प्रजापति, विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई, क्षेत्रीय महामंत्री पूनम द्विवेदी, कमलावती सिंह, देवेश कोरी, संत विलास शिवहरे, अनूप अवस्थी, सुनील तिवारी, मोहित पांडेय, दीप अवस्थी, जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, उपेंद्र पासवान आदि मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।