UP विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, बूथों पर महिला और युवा शक्ति को उतारने की रणनीति
भाजपा ने 2027 के यूपी विधानसभा चुनावों के लिए संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं, जिसमें महिला और युवा शक्ति ...और पढ़ें

क्षेत्रीय कार्यालय में बैठक को संबोधित करती प्रदेश सह प्रभारी सांसद मेधा कुलकर्णी। सौ. भाजपा मीडिया सेल
HighLights
महिला मोर्चा हर बूथ पर 'पांच बहनों की टोली' बनाएगा
युवा मोर्चा वैचारिक मोर्चे पर युवाओं को सक्रिय करेगा
भाजपा 2027 यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी
जागरण संवाददाता, कानपुर। UP 2027 Elections: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 17 जिलों में महिला और युवा शक्ति को चुनावी रणनीति के केंद्र में रखने की तैयारी है। सोमवार को क्षेत्रीय कार्यालय में महिला मोर्चा और युवा मोर्चा की अलग-अलग बैठकों में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर मंथन हुआ।
महिला मोर्चा की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा और महाराष्ट्र की सांसद व सह प्रभारी मेधा कुलकर्णी ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर पांच बहनों की टोली गठित होगी। यह टोली महिलाओं से सीधा संवाद कर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा संगठन की गतिविधियों को घर-घर तक पहुंचाएगी।
बैठक में वर्ष 2010 से अब तक महिला मोर्चा में विभिन्न दायित्व निभा चुकीं कार्यकर्ताओं को आमंत्रित कर पुराने अनुभवों को आगामी चुनाव की तैयारियों से जोड़ने पर जोर दिया।
वहीं, युवा मोर्चा की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने युवाओं को संगठन की विचारधारा का वाहक बनकर विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं को वैचारिक योद्धा के रूप में विधानसभा तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
इसके बाद वह राम मंदिर कारसेवा में जान गंवाने वाले स्व. सुरेंद्र नागर के आवास पर जाकर उनकी मां को सम्मानित किया। बैठकों में 17 जिलों के पदाधिकारियों और पुराने-नए कार्यकर्ताओं की भागीदारी से साफ है कि भाजपा आगामी चुनाव में बूथ प्रबंधन, महिला संपर्क और युवा संवाद को अपनी संगठनात्मक रणनीति का प्रमुख हिस्सा बना रही है।