विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kanpur By Election: बिठूर में 65.42% मतदान, पिछले चुनाव से 6.63 प्रतिशत कम पड़े वोट; झड़प के बाद लाठी पटक खदेड़ा

Published: Tue, 13 Oct 2026 09:51 PM (IST)

बिठूर नगर पंचायत उपचुनाव में मंगलवार को 65.42 प्रतिशत मतदान हुआ, जो पिछले चुनाव से 6.63 प्रतिशत कम रहा। मतदान ...और पढ़ें

बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष के उपचुनाव के लिए वोट डालने के लिए खड़े मतदाता । जागरण

बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष के उपचुनाव के लिए वोट डालने के लिए खड़े मतदाता । जागरण

HighLights

  1. बिठूर नगर पंचायत उपचुनाव में 65.42 प्रतिशत मतदान दर्ज

  2. पुरुषों ने महिलाओं से अधिक सक्रियता दिखाई, 69.07% वोटिंग

  3. बिना पहचान पत्र वोट डालने पर भाजपा-सपा समर्थकों में झड़प

संवाद सहयोगी, बिठूर(कानपुर)। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में मंगलवार को 65.42 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक चले मतदान में कुल 9,474 मतदाताओं में से 6,198 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पिछले चुनाव में 72 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार मतदान प्रतिशत में 6.63 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

मतदान में पुरुष मतदाताओं ने महिलाओं के मुकाबले अधिक सक्रियता दिखाई। वहीं, मतदान के अंतिम समय बिना पहचान पत्र के वोट डालने को लेकर भाजपा और सपा समर्थित कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने लाठी पटककर दोनों पक्षों को खदेड़ा, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष डा. निर्मला सिंह के 22 जून 2026 को निधन के बाद मंगलवार को उपचुनाव के लिए मतदान हुआ। वह मौजूदा भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा की मां थीं, जो लगातार पांच बार अध्यक्ष चुनी गई थीं। उनके निधन के बाद भाजपा ने बेटे राना समरेन्द्र सिंह को टिकट देकर प्रत्याशी घोषित किया है।

Bithoor Nagar Panchayat By Election

बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष के उपचुनाव में वोट डालने के बाद स्याही दिखाते मतदाता । जागरण

नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए पांच मतदान केंद्रों पर 10 बूथ बनाए गए थे। सुबह से ही मतदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया था। दिन चढ़ने के साथ मतदान की गति बढ़ी, लेकिन शाम पांच बजे मतदान समाप्त होने तक पिछले चुनाव का आंकड़ा नहीं छू सका। वहीं उपचुनाव को लेकर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी सतर्क रहें।

एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक चतुर्वेदी के साथ ही नगर निकाय सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार द्विवेदी बूथों का भ्रमण करके व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते रहे। मतदान संपन्न होने के बाद सात प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला अब 15 अक्टूबर को मतगणना के बाद आएगा।

Bithoor Nagar Panchayat By Election

बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष के उपचुनाव के लिए वोट डालने के लिए खड़े मतदाता । जागरण


पुरुषों ने दिखाई अधिक सक्रियता

मतदान के आंकड़ों के अनुसार, कुल 5,044 पुरुष मतदाताओं में से 3,484 ने वोट डाले। पुरुषों का मतदान प्रतिशत 69.07 रहा। वहीं, 4,430 महिला मतदाताओं में से 2,709 ने मताधिकार का प्रयोग किया। महिलाओं का मतदान प्रतिशत 61.15 रहा। इस तरह पुरुषों की तुलना में महिलाओं का मतदान प्रतिशत 7.92 प्रतिशत कम रहा।


बूथ सात पर सबसे अधिक, आठ पर सबसे कम मतदान

मतदान केंद्रों में बूथ नंबर सात, लक्ष्मीबाई नगर पर सबसे अधिक 78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां कुल 800 मतदाताओं में से 625 ने वोट डाले। इसके विपरीत बूथ नंबर आठ, ब्रह्मनगर में सबसे कम मतदान हुआ। यहां 1,283 मतदाताओं में से 684 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस बूथ पर लगभग 53.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोनों बूथों के मतदान प्रतिशत में करीब 24.69 प्रतिशत का अंतर रहा।

WhatsApp Image 2026-10-13 at 19.30.53

विधायक अभिजीत सिंह सांगा, बनी सिंह, पूर्व ग्रामीण जिलाध्यक्ष कृष्णमुरारी शुक्ला समेत कई कार्यकर्ताओं के साथ बैठे रहे।

बिना आइडी वोट डालने पर भिड़े कार्यकर्ता

बेसिक प्राइमरी पाठशाला बिठूर, ध्रुव नगर-लक्ष्मीबाई नगर में मतदान के अंतिम समय बिना पहचान पत्र के वोट डालने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और सपा समर्थित कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी झड़प में बदल गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने लाठी पटककर दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को खदेड़ा। इसके बाद मतदान केंद्र का गेट बंद कर दिया गया और बिना पहचान पत्र के मतदान नहीं होने दिया गया।


भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के ही दिखे बस्ते

बिठूर में मतदान के दौरान भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी आदर्श द्विवेदी के अलावा अन्य प्रत्याशियों के बस्ते नजर नहीं आए। बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा के समर्थक विभिन्न बूथों के आसपास सक्रिय दिखाई दिए। विधायक भी बिठूर प्राथमिक विद्यालय के पास अपने समर्थकों के साथ बैठे रहे। मतदान समाप्त होने के साथ ही सात प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई। अब मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगा कि बिठूर की जनता ने नगर पंचायत अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी किस प्रत्याशी को सौंपी है।

बिठूर नगर पंचायत उपचुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह दिखा। आगामी 15 अक्टूबर को मतगणना के साथ ही परिणाम घोषित किए जाएंगे।
महेन्द्र सिंह तंवर, जिलाधिकारी

 

मतदान के आंकड़े और बूथवार मतदान प्रतिशत

कुल मतदान प्रतिशत: 65.42%
कुल मतदाता: 9,474
कुल पड़े वोट (बूथवार विवरण के अनुसार): 6,198
सबसे अधिक मतदान: बूथ 7 पर 78.13%
सबसे कम मतदान: बूथ 8 पर 53.31%

कुल मतदाता और पड़े वोट

श्रेणी कुल मतदाता पड़े वोट
पुरुष 5,044 3,484
महिला 4,430 2,709
कुल 9,474 6,193

बूथवार मतदान के आंकड़े

बूथ संख्या कुल मतदाता पड़े मत मतदान प्रतिशत
1 865 598 69.13%
2 924 617 66.77%
3 929 630 67.81%
4 994 697 70.12%
5 885 619 69.94%
6 1,104 694 62.86%
7 800 625 78.13%
8 1,283 684 53.31%
9 888 490 55.18%
10 802 544 67.83%
कुल 9,474 6,198 65.42%
नोट: ये आंकड़े नगर निकाय एवं पंचायत निर्वाचन कार्यालय के रिकॉर्ड पर आधारित हैं। 

 

 

यह भी पढ़ें- 30 कैमरे लगे थे, फिर भी बदमाश नहीं दिखे… कानपुर में भाजपा के वरिष्ठ नेता को फार्म हाउस में बंधक बना 25 लाख लूटे

यह भी पढ़ें- कानपुर वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! पहली बार कॉरिडोर-2 पर दौड़ी मेट्रो, तीन अंडरग्राउंड स्टेशनों से गुजरी, जानें पूरा रूट