विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kanpur RTO का बड़ा फैसला, स्कूल टूर से पहले आरटीओ से लेनी होगी अनुमति, बसों के दस्तावेज भी होंगे जमा

Published: Wed, 25 Nov 2026 12:14 AM (IST)

कन्नौज हादसे के बाद कानपुर परिवहन विभाग ने स्कूल टूर के लिए नए नियम लागू किए हैं। अब स्कूलों को बच्चों को टूर पर ले जाने से पहले आरटीओ से अनुमति लेनी होगी और बसों के सभी दस्तावेज जमा करने होंगे, साथ ही लंबी दूरी के लिए दो चालक अनिवार्य होंगे।

News Article Hero Image

HighLights

  1. स्कूलों को टूर से पहले आरटीओ से अनुमति लेनी होगी।

  2. बसों के पंजीकरण, फिटनेस, परमिट और बीमा दस्तावेज जमा होंगे।

  3. लंबी दूरी के टूर पर दो चालक रखना अनिवार्य होगा।

जागरण संवाददाता, कानपुर। कन्नौज में हुए सड़क हादसे के बाद परिवहन विभाग ने स्कूलों की टूर व्यवस्था को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। अब स्कूलों को बच्चों को टूर पर ले जाने से पहले आरटीओ विभाग को सूचना देनी होगी। इसके साथ ही अनुमति भी लेनी होगी।

इसके लिए आरटीओ प्रवर्तन की ओर से सभी स्कूलों को नोटिस जारी किए जाएंगे। टूर पर जाने वाली बसों के जरूरी दस्तावेज, फिटनेस प्रमाणपत्र और चालक से संबंधित कागजात विभाग में जमा कराने होंगे। लंबी दूरी के टूर पर बस में दो चालकों की व्यवस्था करना भी अनिवार्य होगा।

आरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि अभी तक स्कूल संचालक बच्चों को टूर पर ले जाने से पहले विभाग को कोई जानकारी नहीं देते हैं। इससे बसों की फिटनेस, दस्तावेज और चालक की व्यवस्था की निगरानी नहीं हो पाती। अब सभी स्कूलों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएंगे कि टूर पर जाने से पहले विभाग को पूरी जानकारी दें और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमति प्राप्त करें। जरूरी दस्तावेज जमा नहीं करने वाले स्कूलों को टूर ले जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि कन्नौज में हुए हादसे की जांच के लिए कानपुर से भी टीम मौके पर गई थी। जांच में सामने आया कि हादसे का शिकार हुई स्कूल बस और ट्रक के दस्तावेज पूरे थे। बस की फिटनेस और चालक से संबंधित कागजात भी सही पाए गए। निरीक्षण में प्रथम दृष्टया स्कूल बस सड़क की पीली पट्टी से थोड़ी तिरछी खड़ी मिली, जिससे ट्रक उससे टकरा गया और ये हादसा हो गया।


अब ये होगा जरूरी

  • टूर से पहले इन दस्तावेजों की देनी होगी जानकारी
  • स्कूल बस का पंजीकरण प्रमाणपत्र
  • वैध फिटनेस प्रमाणपत्र
  • परमिट और बीमा संबंधी दस्तावेज
  • चालक का ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज
  • लंबी दूरी के टूर पर दो चालकों की व्यवस्था

 

कन्नौज में हुए हादसे में बस के सभी दस्तावेज व चालक के दस्तावेज पूरे थे। ट्रक के भी सारे कागज पूरे थे। फिटनेस के कागज भी सही थे। दुखद हादसा है। कन्नौज में यहां से टीम गई थी। निरीक्षण कर मौके पर पूरी जांच की गई। स्कूल बस सड़क की पीली पट्टी से थोड़ी तिरछी खड़ी थी,जिससे ट्रक टकराई और ये हादसा हो गया। बच्चे रात में 10 बजे मथुरा से निकले थे।
राहुल श्रीवास्तव, आरटीओ प्रवर्तन

यह भी पढ़ें- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस चालक की एक चूक, ट्रक की झपकी और चीखें... 4 छात्रों की सांसें थमीं, बिखर गए 4 परिवारों के सपने

यह भी पढ़ें- Kannauj Road Accident: नियमों की अनदेखी या नासमझी! हाईवे पर रेस्ट एरिया से 8 किमी पहले ही चालक ने खड़ी कर दी थी बस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।