आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस चालक की एक चूक, ट्रक की झपकी और चीखें... 4 छात्रों की सांसें थमीं, बिखर गए 4 परिवारों के सपने
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस चालक की चूक और ट्रक चालक की झपकी के कारण हुए भीषण हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई और 35 लोग घायल हो गए। कौशांबी के छात्र आगरा-मथुरा टूर से लौट रहे थे जब ठठिया क्षेत्र में बस के किनारे रुकने पर पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी।

आर्यन, अरमान, जैद व रजी की फाइल फोटो। स्वजन
HighLights
कौशांबी के अफजलपुर वारी स्थित ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के छात्रों का आगरा गया था टूर
मंगलवार सुबह पांच बजे आगरा से लौटते समय ठठिया क्षेत्र में किमी 209 के पास हुआ हादसा
छात्र को लघुशंका लगने के चलते बस को एक्सप्रेसवे के किनारे पीली पट्टी पर रोका गया था
हादसे में प्रधानाचार्य समेत 35 लोग घायल, गंभीर हालत में प्रधानाचार्य को कानपुर किया रेफर
जागरण संवाददाता, कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह पांच बजे चार परिवारों की दुनिया हमेशा के लिए उजाड़ गई। आगरा-मथुरा के टूर से हंसी-खुशी लौट रहे छात्रों के लिए बस चालक की एक नादानी और ट्रक चालक की झपकी काल बन गई। कक्षा छह के छात्र को लघुशंका कराने के लिए एक्सप्रेसवे की पीली पट्टी पर बस रोकना इतना भारी पड़ा कि मौत बनकर आए ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बस की पिछली सीट पर बैठे 4 छात्रों की मौके पर ही सांसें थम गईं, जबकि प्रधानाचार्य समेत 35 लोग लहूलुहान हो गए।
सभी कौशांबी के सिराथू से रविवार को आगरा-मथुरा घूमने गए थे। लौटते समय एक छात्र को लघुशंका कराने के लिए बस किनारे रोकी गई और पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा मंगलवार सुबह करीब पांच बजे ठठिया क्षेत्र में बैसुइया गांव के सामने हुआ। शिक्षकों की सूचना पर पुलिस आधा घंटा बाद पहुंची, जबकि एंबुलेंस पहुंचने में 50 मिनट लग गए। यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने बताया कि बस एक्सप्रेसवे की पीली पट्टी के किनारे खड़ी थी। ट्रक ने उसी ओर जाते हुए बस में टक्कर मारी।

बस को टक्कर मारने वाला एक्सप्रेसवे पर खड़ा आलू लदा ट्रक। जागरण
ट्रक चालक की झपकी बनी काल
बताया जा रहा है कि चालक को झपकी आ गई होगी। उस समय ट्रक की रफ्तार 90 से 100 किमी प्रति घंटा के करीब होने का अनुमान है। नियमत: स्कूल बस से टूर पर नहीं जाया जा सकता। इसके लिए अलग से परमिट की जरूरत होती है, लेकिन परमिट नहीं लिया गया था।

एक्सप्रेसवे पर खड़ी स्कूल बस का क्षतिग्रस्त पिछला हिस्सा। जागरण
यहां के थे सभी छात्र
सिराथू के अफजलपुर वारी स्थित ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के 50 छात्र-छात्राओं व शिक्षकों समेत 58 लोग रविवार को स्कूल की बस में थे। सोमवार रात करीब 10 बजे बस मथुरा से सिराथू के लिए बस चली। बैसुइया गांव के सामने कक्षा छह के छात्र नौशाद ने लघुशंका के लिए कहा तो चालक ने किनारे बस रोक दी। कुछ छात्र, एक शिक्षक, प्रधानाचार्य सलमान सिद्दीकी व चालक नीचे उतर गए। इसी दौरान घटना हो गई और बस तिरछी होकर साइड वाल से भिड़ गई।
ट्रक छोड़कर भागा चालक
एक हिस्से के परखचे उड़ गए। जान गंवाने वाले छात्र बस के पीछे की सीट पर बैठे थे। बस से उतरकर बाहर खड़े लोग घायल हुए हैं। ट्रक छोड़कर चालक भाग निकला। शिक्षक भूपेंद्र सिंह ने ठठिया थाने में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
इन छात्रों की गई जान
सभी को तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कालेज के अस्पताल ले जाया गया। वहां अफरातफरी मच गई। डाक्टरों ने अफजलपुर वारी निवासी 14 वर्षीय आर्यन चौरसिया, 17 वर्षीय रजी उल्ला, फतेहपुर के खखरेड़ू के निदौरा निवासी 17 वर्षीय जैद मिर्जा व यहीं के गौरे गांव निवासी 17 वर्षीय अरमान को मृत घोषित कर दिया गया। बस के नीचे दबने से घायल सिराथू निवासी 35 वर्षीय प्रधानाचार्य सलमान सिद्दीकी को कानपुर रेफर कर दिया गया। अन्य छात्र-छात्राओं को प्राथमिक उपचार के बाद सिराथू भेज दिया गया।
बिना अनुमति पहले भी टूर पर गई बस
एआरटीओ इज्या तिवारी ने बताया कि 61 सीटर बस में फिटनेस, बीमा के साथ ही सुरक्षा इंतजाम भी थे। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। स्कूल के प्रबंधक अशफाक हुसैन का कहना है कि बस टूर के लिए पहले भी जाती रही है, लेकिन इसके लिए अनुमति लेनी होती है, इस बारे में जानकारी नहीं थी। लिहाजा, अनुमति नहीं ली गई थी।

इमरजेंसी में घायल शिक्षक शिवानी से बात करते सपा नेता अंशुल गुप्ता व पास में खड़ी स्टाफ नर्स। जागरण
घायल छात्र-छात्राएं
- 1-अभिषेक (15) पुत्र नरेश यादव निवासी सिराथू कौशांबी
- 2-मुजस्सिम शेख (15) पुत्र फहीम खान निवासी सिराथू कौशांबी
- 3-रुखसार (15) पुत्री डा. मो. इरशाद निवासी सिराथू कौशांबी
- 4-प्रिंस प्रजापति (16) पुत्र विनय प्रजापति निवासी सिराथू कौशांबी
- 5-अनुज कुमार (12) पुत्र नरेश कुमार निवासी सिराथू कौशांबी
- 6-मो. साहब (16) पुत्र मुस्तकीम निवासी सिराथू कौशांबी
- 7-लाइवा (15) पुत्री मो. हारुन निवासी सिराथू कौशांबी
- 8-मो. रिजवान (18) पुत्र इलियास निवासी सिराथू कौशांबी
- 9-शक्ति यादव (16) पुत्र मथुरा प्रसाद निवासी सिराथू कौशांबी
- 10-अंशू (14) पुत्र उमेश कुमार निवासी सिराथू कौशांबी
- 11-अस्मित चौरसिया (16) पुत्र प्रेम कुमार चौरसिया निवासी जहांगीर नगर फतेहपुर
- 12-पीयूष (16) पुत्र ओम चंद्र निवासी जहांगीर नगर फतेहपुर
- 13-अब्दुल रहमान (16) पुत्र साहब अली निवासी जहांगीर नगर फतेहपुर
- 14-अहमद रजा (15) पुत्र साहब अली निवासी जहांगीर नगर फतेहपुर
- 15-आकाश गुप्ता (17) पुत्र वीरेंद्र निवासी जहांगीर नगर फतेहपुर
- 16-सेहर बानो (15) पुत्री शफीक उल्ला निवासी जहांगीर नगर फतेहपुर
- 17-अलफेज (17) पुत्र रहीश उल्ला निवासी जहांगीर नगर फतेहपुर
- 18-फहद विलाल (14) पुत्र अब्दुल मुस्ताक निवासी जहांगीर नगर फतेहपुर
- 19-मोइनुद्दीन (17) पुत्र जीशान निवासी जहांगीर नगर फतेहपुर
घायल स्टाफ
- 1-सलमान सिद्दिकी पुत्र अशफाक हुसैन निवासी सिराथू कौशांबी
- 2-शिवानी पुत्री राम बाबू निवासी सिराथू कौशांबी
- 3-भूपेंद्र कुमार पुत्र जगन्नाथ निवासी सिराथू कौशांबी
- 4-आकाश निवासी अफजलपुर कौशांबी
- 5-हिमांशु निवासी अफजलपुर कौशांबी
- 6-कामरान निवासी अफजलपुर कौशांबी
घायल चालक
- मो. जाहिद निवासी कौशांबी
- नौ मामूली घायल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।