Kannauj Road Accident: नियमों की अनदेखी या नासमझी! हाईवे पर रेस्ट एरिया से 8 किमी पहले ही चालक ने खड़ी कर दी थी बस
कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक ने आपातकालीन लेन में बस खड़ी की, जिससे ट्रक ने टक्कर मार दी, जबकि पास ही रेस्ट एरिया उपलब्ध था।
-1795543019036_m.webp)
एक्सप्रेसवे पर क्षतिग्रस्त स्कूल बस को हटाती क्रेन। जागरण
HighLights
चालक ने आपातकालीन लेन में बस खड़ी करके नियम तोड़ा।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कौशांबी स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त हुई।
रेस्ट एरिया पास होने के बावजूद चालक ने चूक की।
जागरण संवाददाता, कन्नौज। हाईवे पर सफर में बस चालक की नियमों के प्रति अनदेखी कहें या नासमझ, जिसने चार छात्रों की जान ले ली है। ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के बस चालक ने एक छात्र को लघुशंका कराने के लिए हाईवे पर रेस्ट एरिया से आठ किमी पहले ही बस को पीली पट्टी पर सिर्फ खड़ा ही नहीं किया, बल्कि यहीं कई छात्र, शिक्षक, प्रधानाचार्य, चालक समेत पांच लोग नीचे उतर कर खड़े हो गए थे, तभी घटना हो गई।
वैसे, कौशांबी से छात्रों को टूर पर लेकर निकली स्कूल बस में बीमा, फिटनेस जैसे अधिकांश मानक पूरे हैं, पर चालक को बस को पार्किंग रेस्ट एरिया में ही करना था, जो उसने नहीं किया। हालांकि, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चलने वाले वाहन के लिए ये निर्देश केवल कागजी हैं। अक्सर नियमों को तोड़ना किसी न किसी पर भारी पड़ता है। ऐसा ही मंगलवार की भोर बैसुइया गांव के सामने उस समय हुआ, ट्रक ने छात्रों की बस में टक्कर मार दी।
मंगलवार भोर एक्सप्रेसवे पर ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की जिस बस से हादसा हुआ, वह तीन वर्ष पुरानी है। 61 सीटर बस का बीमा नवंबर 2027 तक, फिटनेस 14 नवंबर 2027 और प्रदूषण भी 11 नवंबर 2027 तक वैध है। बस में अग्निशमन उपकरण व फर्स्ट एड किट उपलब्ध है। स्कूल बस विद्यालय में तीन वर्ष से कार्यरत चालक मो. जाहिद निवासी कौशांबी चला रहा था।
नियमों के अनुसार, उक्त स्थान पर आपात स्थिति में ही वाहन को खड़ा करना होता है, लेकिन चालक ने छात्र नौशाद की मांग पर उसे लघुशंका कराने के लिए बस को किमी. 209 पर ब्रेक लगा दिया। वह भी भोर के समय, जबकि चालक को सुबह के समय अन्य वाहन चालकों में नींद की स्थिति का अंदाजा सहज ही होता है। इसके बाद भी उसने ब्रेक लगा दिया। जहां पर हादसा हुआ, वहां से मात्र आठ किमी दूर किलोमीटर 217 अरौल पर यूपीडा का रेस्ट एरिया था, यहां छात्रों को लघुशंका या दीर्घशंका से लेकर खाने-पीने तक के प्रबंध हैं।
इसके बाद भी चालक ने बस को हाईवे पर पार्किंग करने में चूक की। इस मामले में एएसपी अजय कुमार ने बताया कि बस का टेक्निकल मुआयना कराया गया है। साथ ही सड़क पर ट्रक के मिले ब्रेक के निशान से ट्रक की रफ्तार का आकलन करने के लिए उसकी भी स्क्रीनिंग कराते हुए जांच कराई जा रही है।
पीली पट्टी पर वाहन बिना कारण रोकना नियम विरुद्ध
यूपीडा सुरक्षा अधिकारी शशिकांत मिश्रा ने बताया कि पीली पट्टी के बाईं तरफ का क्षेत्र केवल आपातकालीन स्थिति के लिए होता है। यदि गाड़ी में अचानक कोई खराबी आ जाए, तो वाहन को मुख्य सड़क से हटाकर पीली पट्टी के बाईं ओर खड़ा करना चाहिए। वह भी केवल पांच मिनट के लिए खड़ी कर सकते हैं। इसके बाद सुरक्षा के लिए पेट्रोलिंग टीम उसे घेरे में ले लेती है। इस पट्टी पर सामान्य रूप से वाहन चलाना या बिना कारण रोकना नियमों के विरुद्ध है।
कोहरे का भी था आंशिक प्रभाव
ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के शिक्षक भूपेंद्र व आकाश गुप्ता के अनुसार, आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर जिस समय हादसा हुआ, उस समय सुबह के करीब पांच बजे थे। आंशिक रूप से कोहरे का प्रभाव था।
ट्रक चालक को झपकी आने का संदेह
यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी शशिकांत मिश्रा का कहना है कि रेस्क्यू के लिए मौके पर पहुंची टीम के अनुसार जिस ट्रक से हादसा हुआ, वह दूसरी लेन से तीसरी लेन पर होते हुए पीली पट्टी के अंदर खड़ी स्कूल बस में टक्कर मार दी। इससे कहा जा सकता है कि लगभग 100 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार में रहे ट्रक के चालक को झपकी आई और ट्रक अनियंत्रित होकर पीली पट्टी की तरफ चला गया, जो हादसे का कारण बना।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।