विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kannauj Road Accident: घर से हंसी-खुशी निकले बेटों की लौटकर आईं सिर्फ यादें, कन्नौज हादसे ने एक झटके में बिखेर दिया परिवार

Published: Tue, 24 Nov 2026 11:21 PM (IST)

कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में फतेहपुर के दो छात्र अरमान और जैद की मौत हो गई। कौशांबी के स्कूल से आगरा भ्रमण पर गए इन छात्रों की मौत से उनके परिवारों में मातम छा गया है, जिससे स्कूल भ्रमण के दौरान बच्चों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।

अरमान और जैद की फाइल फोटो। स्वजन व क्षतिग्रस्त बस।

अरमान और जैद की फाइल फोटो। स्वजन व क्षतिग्रस्त बस।

HighLights

  1. कन्नौज हादसे में फतेहपुर के दो छात्रों की दुखद मौत।

  2. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर स्कूल भ्रमण के दौरान हुआ हादसा।

  3. परिवारों में मातम, बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल।

संवाद सूत्र, खखरेड़ू (फतेहपुर)। कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे ने फतेहपुर के दो परिवारों की दुनिया उजाड़ दी है। कौशांबी जिले के अफजलपुर वारी स्थित निजी स्कूल से आगरा भ्रमण पर गए खखरेड़ू क्षेत्र के अरमान और जैद की हादसे में मौत हो गई। हृदयविदारक हादसे की सूचना मंगलवार तड़के चार बजे स्कूल स्टाफ ने मोबाइल फोन के जरिए अरमान के घर दी। फोन की घंटी बजते ही खखरेड़ू थाना क्षेत्र के जहांगीरनगर गहुरे गांव निवासी अरमान के पिता रियाज अहमद ने काल रिसीव की।

बेटे की मौत की खबर सुनते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मां सोनी परवीन और छोटे भाई जीशान अहमद को घटना की जानकारी हुई तो दोनों दहाड़ मारकर रोने-बिलखने लगे। परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव में हर किसी की जुबान पर यही चर्चा रही कि जिस बच्चे को परिजनों ने हंसी-खुशी भ्रमण के लिए घर से विदा किया था, अब उसकी यादें ही वापस लौटकर आएगी।

Kannauj Accident (2)

खखरेड़ू थाने के जहांगीरनगर गहुरे गांव में दिवंगत अरमान के दरवाजे बैठे ग्रामीण। जागरण 

हाईस्कूल में पढ़ने वाले दिवंगत अरमान के पिता रियाज अहमद, बुकिंग में बोलेरो गाड़ी चलाते हैं। मां सोनी परवीन, घर पर किराना की दुकान चलाती हैं। उधर धाता थाने के सरवनपुर नेदौरा गांव में रहने वाले दिवंगत हाईस्कूल छात्र जैद मिर्जा के पिता का नाम भी रियाज अहमद है, वह गांव में रहकर खेती-किसानी करते हैं। इनके घर पर भी भोर पहर स्कूल स्टाफ द्वारा सूचना दी गई तो स्वजन बेहाल हो गए। दिवंगत जैद के दो बड़े भाई सऊदी अरब में नौकरी करते हैं।

Kannauj Accident (3)

धाता थाने के सरवनपुर नेदौरा गांव में दिवंगत जैद के दरवाजे बैठे गमजदा स्वजन । जागरण 

ग्रामीणों ने बताया कि बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए करीब सात किलोमीटर दूर कौशांबी जनपद के स्कूल तक लोग भेजते हैं। दूर शहरों तक बच्चों को भ्रमण पर ले जाने के बारे में ग्रामीणों ने कहा कि स्कूल प्रबंधन के लिए बच्चों की सुरक्षा, प्राथमिकता पर होना चाहिए। गांव के रईश अहमद ने बताया कि बच्चों को दूर शहरों में भ्रमण के लिए ले जाने से पहले प्रबंधन को चाहिए कि प्रशिक्षित वाहन का मानक पूर्ण करें। कई बार स्कूल बस से ही बच्चों को भ्रमण पर ले जाने में चालक के साथ तेज गति में वाहन दौड़ाने, मार्ग की सही जानकारी न होने पर दुर्घटना की संभावना अधिक रहती है।

हादसा पता चलते ही स्वजन कन्नौज गए

दिवंगत दोनों बच्चों के स्वजन, सूचना पाते ही कन्नौज के लिए रवाना हो गए। जहांगीरनगर गहुरे गांव के रहने वाले कक्षा सातवीं के छात्र अब्दुल रहमान पुत्र वहाब अली को हादसे में चोट आई है। उसके स्वजन, सूचना मिलने पर मौके के लिए निकल पड़े। ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव से करीब 60 बच्चे, अफजलपुर वारी गांव के स्कूल जाते हैं। स्कूल बस, दो ट्रिप में बच्चों को लेने व छोड़ने गांव तक आती है। सरवनपुर नेदौरा गांव के रहने वाले छात्र अहमद रजा पुत्र सगीर अहमद हादसे में घायल हैं। उनके पैर में गंभीर चोट बताई जा रही है। सरवनपुर नेदौरा, जहांगीरनगर गहुरे, दामोदरपुर, हरचंद्रपुर, किशुनदासपुर, पड़री आदि गांवों से करीब 80 छात्र पड़ोसी जनपद कौशांबी के स्कूल पढ़ने जाते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।