विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

3 हजार रुपये से अचार कारोबार, खेतों में ड्रोन से छिड़काव; PM Modi के सामने UP की पांच दीदियों ने सुनाई सफलता की कहानी

Published: Sat, 14 Nov 2026 04:16 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत एग्रीकल्चर कांफ्रेंस-2026 में उत्तर प्रदेश की पांच महिला किसानों से मुलाकात की। इन महिलाओं ने ...और पढ़ें

भारत एग्रीकल्चर कांफ्रेंस-2026 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से संवाद करतीं आइसीएआर-अटारी कानपुर से जुड़ी महिला किसान। अटारी

भारत एग्रीकल्चर कांफ्रेंस-2026 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से संवाद करतीं आइसीएआर-अटारी कानपुर से जुड़ी महिला किसान। अटारी

HighLights

  1. अयोध्या की शबीना खातून ने ड्रोन से खेती का अनुभव बताया।

  2. कृष्णा यादव ने 3 हजार से अचार का बड़ा कारोबार बनाया।

  3. मयंकिता चौरसिया ने देशावरी पान से मूल्यवर्धित उत्पाद विकसित किए।

जागरण संवाददाता, कानपुर। खेतों में ड्रोन उड़ाकर फसलों पर छिड़काव करने से लेकर तीन हजार रुपये से अचार का कारोबार खड़ा करने तक। अपने हुनर और मेहनत से पहचान बनाने वाली उत्तर प्रदेश की पांच महिला किसानों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात यादगार अवसर बन गई। 11 व 12 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित भारत एग्रीकल्चर कांफ्रेंस-2026 में आइसीएआर-अटारी, कानपुर के समन्वय से उन्हें प्रधानमंत्री से मिलने और सीधे संवाद करने का मौका मिला।

पांचों महिलाओं ने अपने काम, संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की। प्रधानमंत्री ने उनके प्रयासों और नवाचारों की सराहना की। महिलाओं के लिए यह अनुभव इसलिए भी खास रहा कि उन्हें अपने गांव और जिले में किए जा रहे काम को देश के सर्वोच्च नेतृत्व के सामने रखने का अवसर मिला।आइसीएआर-अटारी, कानपुर के निदेशक डा. राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री से संवाद का अवसर महिला किसानों के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है।

ड्रोन से खेती की तस्वीर बदलने का अनुभव साझा किया

अयोध्या की शबीना खातून को ''ड्रोन दीदी'' के नाम से जाना जाता है। नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत प्रशिक्षण लेकर वह खेतों में नैनो यूरिया और कीटनाशकों का छिड़काव करती हैं। प्रधानमंत्री से मुलाकात में उन्होंने ड्रोन के इस्तेमाल से समय, पानी और लागत बचाने के अपने अनुभव साझा किए। पालीहाउस के माध्यम से संरक्षित खेती को बढ़ावा देने की जानकारी भी दी।

महिला ड्रोन पायलट के रूप में बताई अपनी उपलब्धि

आगरा की रेखा देवी जिले की पहली लाइसेंस प्राप्त महिला ड्रोन पायलट हैं। वह ड्रोन से खेतों में उर्वरकों और कीटनाशकों का वैज्ञानिक तरीके से छिड़काव करती हैं। प्रधानमंत्री के सामने उन्होंने बताया कि किस तरह तकनीक अपनाकर खेती को आसान बनाने के साथ ग्रामीण महिलाओं को भी इससे जोड़ रही हैं।

प्राकृतिक खेती के माडल पर रखी बात

अंबेडकर नगर की कांति देवी रासायनिक खाद और कीटनाशकों के बजाय जीवामृत, बीजामृत और देसी खाद से खेती करती हैं। प्रधानमंत्री से संवाद में उन्होंने प्राकृतिक खेती अपनाने के अपने अनुभव और दूसरी महिला किसानों को इस पद्धति से जोड़ने के प्रयासों को साझा किया।

देशावरी पान को नए बाजार तक पहुंचाने की कहानी

महोबा की मयंकिता चौरसिया ने जीआइ टैग प्राप्त देशावरी पान को कारोबार से जोड़ा है। ''बीटेल लाइफ'' स्टार्टअप के जरिये वह पान से गुलकंद, चाकलेट, मुखवास और चाय जैसे उत्पाद तैयार कर रही हैं। प्रधानमंत्री से मुलाकात में उन्होंने पारंपरिक खेती को मूल्य संवर्धित उत्पादों और उद्यमिता से जोड़ने का अनुभव साझा किया।

तीन हजार रुपये से खड़ा किया कारोबार

बुलंदशहर की मूल निवासी कृष्णा यादव दिल्ली के नजफगढ़ से अपना कारोबार चलाती हैं। कृषि विज्ञान केंद्र, उजवा से खाद्य प्रसंस्करण का प्रशिक्षण लेकर उन्होंने तीन हजार रुपये से अचार बनाने का काम शुरू किया। आज ''श्री कृष्णा पिकल्स'' ब्रांड के तहत 100 से अधिक तरह के अचार, मुरब्बे और चटनी तैयार किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री से मुलाकात में उन्होंने छोटे स्तर से शुरू हुए कारोबार के विस्तार और ग्रामीण महिलाओं को रोजगार देने की अपनी यात्रा बताई।

यह भी पढ़ें- Chauri Chaura Express Derail: कानपुर सेंट्रल स्टेशन में 2 दिन बाद बदली 100 मीटर पटरी, गड़बड़ी थी तो क्यों गुजरती रहीं 30 ट्रेनें ?

यह भी पढ़ें- दुनिया का सबसे छोटा चिहुआहुआ और दो लाख का पूडल... कानपुर के Dog Show में दिखे दुनिया के अनोखे कुत्ते, देखें तस्वीरें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।