विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Chauri Chaura Express Derail: कानपुर सेंट्रल स्टेशन में 2 दिन बाद बदली 100 मीटर पटरी, गड़बड़ी थी तो क्यों गुजरती रहीं 30 ट्रेनें ?

Published: Sat, 14 Nov 2026 04:06 PM (IST)

चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार कोच पटरी से उतरने के दो दिन बाद कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म सात पर 100 ...और पढ़ें

चौरी चौरा ट्रेन। जागरण अर्काइव

चौरी चौरा ट्रेन। जागरण अर्काइव

HighLights

  1. चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार कोच पटरी से उतरने के बाद प्लेटफार्म सात पर शुरू हुआ मरम्मतीकरण

  2. 100 मीटर ट्रैक बदला गया, पटरी में गड़बड़ी थी तो दो दिन तक इस पटरी से क्यों निकाली गईं ट्रेनें

जागरण संवाददाता, कानपुर। चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार कोच बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7 के पटरी से उतरने के मामले में रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। एक ओर रेलवे मुख्यालय ने हादसे की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित कर दी है, वहीं दूसरी ओर हादसे के दो दिन बाद प्लेटफार्म नंबर सात की पटरी पर मरम्मतीकरण का काम शुरू करा दिया गया।

एहतियातन करीब 100 मीटर लंबी पटरी भी बदल दी गई। साथ ही ट्रैक के नए स्लीपर भी लगाए गए। ऐसे में सवाल यह है कि जब पटरी पर इतनी खरोंच थीं कि उसे बदलने की जरूरत पड़ गई तो हादसे के तत्काल बाद इसकी मरम्मत क्यों नहीं कराई गई। हादसे के बाद दो दिनों में 50 से अधिक ट्रेनें इसी ट्रैक से गुजारी गईं।


बुधवार शाम चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार कोच पटरी से उतरने के बाद रेलवे अधिकारियों ने शुरुआती जांच में ट्रैक में किसी तरह की खामी नहीं मिलने की बात कही थी। गुरुवार को भी सुपरवाइजरों की टीम ने जांच की और प्रथम दृष्टया पटरी को सही बताया गया। हालांकि, शुक्रवार सुबह प्लेटफार्म नंबर सात के ट्रैक को रिजर्व कर मरम्मतीकरण का काम शुरू करा दिया गया।

तकनीकी टीम के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि ट्रेन के पहियों के घिसटने और कोचों के पटरी से उतरने के कारण ट्रैक पर काफी खरोंच आ गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर करीब 100 मीटर पटरी बदल दी गई।

पहले ही क्यों नहीं बदली गई पटरी

हादसे के दौरान पहियों के घिसटने से पटरी पर इतनी गंभीर खरोंच आ गई थीं कि करीब 100 मीटर ट्रैक बदलना पड़ा तो यह काम बुधवार रात या गुरुवार को ही क्यों नहीं किया गया। यदि पटरी में कोई तकनीकी खामी थी तो दो दिनों तक लगातार उस पर ट्रेनों का संचालन क्यों किया जा रहा था। इस अवधि में 50 से अधिक ट्रेनें गुजरने के बावजूद ट्रैक को तत्काल दुरुस्त न करना यात्रियों की सुरक्षा को लेकर खिलवाड़ करने जैसा है।

जांच के बाद ही स्थिति हो सकेगी स्पष्ट

चौरीचौरा एक्सप्रेस की बोगियों के पटरी से उतरने के मामले में दो दिन बाद भी अधिकारियों के पास घटना के कारण की जानकारी नहीं है। गुरुवार को भी कुछ अधिकारियों ने ट्रैक की जांच की, लेकिन किसी के पास हादसे के कारण का स्पष्ट जवाब नहीं था। दूसरी ओर उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डा. शिवम शर्मा ने बताया कि जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन कर दिया गया है। समिति जांच के बाद रिपोर्ट सौंपेगी। इसके बाद ही कारणों का सही से पता चल सकेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।