विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पड़ोसियों की बर्बरता, चोरी के आरोप लगा बच्ची को बंधक बनाकर पीटा, पीठ पर पड़े निशान

Published: Sun, 04 Oct 2026 10:27 PM (IST)

चकेरी, कानपुर में 10 वर्षीय बच्ची को चोरी के झूठे आरोप में पड़ोसियों ने बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी पीठ ...और पढ़ें

पीड़िता छात्रा के पीठ पर बनें निशान। स्वजन

पीड़िता छात्रा के पीठ पर बनें निशान। स्वजन

HighLights

  1. 10 वर्षीय बच्ची को चोरी के झूठे आरोप में पीटा गया

  2. पड़ोसियों ने बच्ची को बंधक बनाकर प्लास्टिक पाइप से मारा

  3. पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की

जागरण संवाददाता, कानपुर। चकेरी में पड़ोसी पर 10 वर्षीय मासूम बच्ची को घर ले जाकर बेरहमी से पीटने के मामले में मुकदमा हुआ है। आरोप है कि पीड़िता को स्कूल से छुट्टी के बाद बहाने से आरोपित हमउम्र सहेली अपने घर ले गई थी और चोरी का आरोप लगा उसके साथ मारपीट कर दी। मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर में एक नाबालिग समेत चार लोगों पर मुकदमा हुआ है। वहीं , घटना के बाद से बच्ची दहशत में है। वह घटना के बाद से घर के बाहर भी नहीं निकली।

चकेरी के कोयला नगर निवासी पीड़िता के अनुसार उनके पति मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। उनकी 10 वर्षीय बेटी कक्षा 5 की छात्रा है। वह 30 सितंबर को स्कूल से घर लौटी थी। इसके बाद उसे आरोपित पड़ोस में रहने वाली सहेली अपनी मां के बुलाने की बात कहकर बहाने से गई। पीड़ित परिवार के अनुसार जब काफी देर तक उनकी बच्ची वापस घर नहीं लौटी तो पीड़िता की मां वहां जा पहुंची।

जहां उन्होंने देखा कि बच्ची को बंधक बनाकर आरोपित बेटी की सहेली, उसकी मौसी, उनकी मकान मालकिन और एक अन्य महिला उस पर चोरी के झूठे आरोप में प्लास्टिक के पाइप व बेल्ट से मार पीट रहीं थीं।इस पिटाई से उनकी 10 साल की बच्ची की पीठ पर कई निशान भी बनें थे। जिसे देखकर उन्होंने विरोध जताया तो आरोपितों ने उन्हें भी धमकाया।

वह बच्ची को साथ लेकर घर आ गईं। मामले में थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र का कहना है पड़ोस में सभी बच्चे एक साथ खेलते थे। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें- कानपुर सांसद की मौजूदगी में अन्नू अवस्थी ने चुनाव लड़ने का किया एलान, बोले- सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र से लड़ूंगा

यह भी पढ़ें- कानपुर में साइबर ठगों का बड़ा नेटवर्क, चमनगंज-बेकनगंज समेत कई क्षेत्रों से जुड़े गिरोह पुलिस के निशाने पर