विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kannauj Road Accident: 16 साल मन्नतें मांगी, तब मिला चिराग...वो भी बुझ गया

Published: Tue, 24 Nov 2026 11:42 PM (GMT+05:30)

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए बस हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जिसमें 16 साल बाद मन्नतों से मिला इकलौता बेटा रजी उल्ला भी शामिल था। इस भीषण दुर्घटना ने कौशांबी और फतेहपुर के तीन गांवों में मातम फैला दिया, साथ ही एंबुलेंस और पुलिस की देरी पर सवाल खड़े कर दिए।

मर्च्युरी के बाहर बैठे दिवंगत छात्र रजी उल्ला के पिता शमी उल्ला व पास में बैठकर माेबाइल पर बात करते स्वजन। जागरण

मर्च्युरी के बाहर बैठे दिवंगत छात्र रजी उल्ला के पिता शमी उल्ला व पास में बैठकर माेबाइल पर बात करते स्वजन। जागरण

HighLights

  1. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस-ट्रक की भीषण टक्कर।

  2. हादसे में चार छात्रों की दर्दनाक मौत हुई।

  3. एंबुलेंस और पुलिस पहुंचने में हुई भारी देरी।

संवाद सहयोगी, तिर्वा (कन्नौज)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में मन्नतों से मिला इकलौता चिराग बुझ गया। माता-पिता ने काफी मन्नतों से 16 साल के बाद बेटे की प्राप्ति की थी। सोचा न था कि होनी उनके साथ यह खेल खेलेगी। आंखों में उमड़ा आंसुओं का सैलाब हर किसी को दर्शा रहा था कि अब सिर्फ बेटे की यादें ही रह गई हैं।

बस हादसे ने कौशांबी के अफजल पुरवारी निवासी शमीउल्ला के अरमान और सपने भी चकनाचूर कर दिए। हादसे में उनके कक्षा 11 में पढ़ने वाले इकलौते बेटे रजी उल्ला की मौत हो गई। बिलखते हुए शमी उल्ला ने बताया कि शादी के बाद उन्हें कोई संतान नहीं हुई। पत्नी का काफी इलाज कराया था। इस दौरान दरगाह शरीफ पर माथा टेका और मन्नत मांगी। आखिरकार 16 वर्ष बाद रजी उल्ला का जन्म हुआ था। रजी उल्ला परिवार का इकलौता चिराग था।

हाईस्कूल की परीक्षा वर्ष 2026 में ओरिएंटल पब्लिक स्कूल से उत्तीर्ण कर ली, लेकिन दोस्तों के साथ आना-जाना रहता था। रजी उल्ला ने कक्षा 11 में ब्लोजियम अजूहा, सिराथू में प्रवेश लिया था। शुक्रवार को ओरिएंटल स्कूल से आगरा टूर जाने की जानकारी हुई, तो खुद भी जाने के लिए बेटा जिद करने लगा था। इससे एक हजार रुपये देकर सीट बुक की थी।

आगरा में घूमने के दौरान मोबाइल पर बेटे से बात भी हुई थी। सोमवार देर शाम को बस में बैठते समय भी बेटे ने कहा था कि सुबह तक घर आ जाएंगे। सुबह मोबाइल पर घंटी बजने पर आंख खुली, तो हादसे की जानकारी मिलते ही पूरे घर में हाहाकार मच गया।

24KNJ_5_24112026_306.JPG

शिक्षकों के सामने खून से लथपथ दर्द से तड़प रहे थे बच्चे

एक्सप्रेसवे पर छात्रों की चीख-पुकार और सिसकियों से सुबह का सन्नाटा टूटा। शिक्षकों के सामने खून से लथपथ बच्चे दर्द से तड़पते रहे थे। कई बार शिक्षकों के फोन के बाद भी गोल्डन आवर में न एंबुलेंस आई, न ही पुलिस। एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा, मदद और सुविधाओं की पोल खुलने पर सिस्टम पर सवालों के घेरे में हैं।

55 मिनट बाद घटना स्थल पर आई एंबुलेंस, पुलिस को भी हुई देरी

मंगलवार सुबह पांच बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के कौशांबी जिले के सिराथू, अफजल बारी स्थित ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस हादसे का शिकार हो गई। खड़ी बस में पीछे से ट्रक ने टक्कर मारी तो बस में सबसे पीछे बैठे चार छात्रों की मौत हो गई। हादसे के बाद मदद के लिए शिक्षक डायल 112 और 108 पर काल करने लगे। हादसे के आधे घंटे बाद डायल-112 पीआरवी पहुंची। 55 मिनट बाद एंबुलेंस आई।

20 मिनट में मदद के दावे की खुली पोल

निर्धारित गोल्डन आवर 20 मिनट में मदद पहुंचने के दावे की पोल हादसे के बाद खुलकर सामने आ गई। एंबुलेंस और पुलिस के समय पर न पहुंचने पर शिक्षक भूपेंद्र समेत अन्य लोग इधर-उधर भटकते रहे। शिक्षक भूपेंद्र ने बताया कि तत्काल मदद न पहुंचने पर घायल बच्चे दर्द से तड़पते रहे। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम अगर देरी से पहुंची है, तो मामले की जांच कराई जाएगी। सीएमओ डा. विकास चंद्रा ने बताया कि एंबुलेंस किसी कारण देरी से पहुंची है। देर क्यों हुई है? इसकी जांच कराई जाएगी।

चार छात्रों की मौत से तीन गांवों में चीत्कार, हर आंख नम

कुछ घंटे पहले तक जिन घरों में बच्चों के लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां मंगलवार को चीख-पुकार और मातम का माहौल था। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कन्नौज जिले में हुए भीषण हादसे ने कौशांबी और पड़ोसी जिले फतेहपुर के तीन गांवों की खुशियां छीन लीं। किसी मां की गोद सूनी हो गई तो किसी पिता के बुढ़ापे का सहारा हमेशा के लिए छिन गया। शैक्षणिक भ्रमण पर निकले बच्चे घर लौटने के बजाय हादसे का शिकार हो गए। चार छात्रों की मौत की खबर मिलते ही अफजलपुरवारी, निदौरा और गहुरे समेत आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।

मनहूस खबर पर सुध-बुध खोकर भागे स्वजन

कन्नौज जिले में स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर जैसे ही उसमें सवार रहे 51 विद्यार्थियों सहित 61 लोगों के घर पहुंची तो पीड़ित परिवार बदहवाश हो गए। मोबाइल पर कुशलता जानने की बेताबी दिखी। इसके बाद जैसे-तैसे लोग किराए या रिश्तेदार के वाहनों से कन्नौज और कानपुर के लिए रवाना हो गए। गांवों में लोग एक-दूसरे से घटना की जानकारी लेते रहे। जिन बच्चों के साथ शनिवार को परिवारों ने हंसते हुए विदा किया था, मंगलवार को उन्हीं के शव लाने की खबर ने सबको झकझोर दिया। दोपहर बाद कन्नौज जिला प्रशासन ने रोडवेज बस की व्यवस्था कर अन्य विद्यार्थियों और यात्रियों को घर भेजा।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने घटना में व्यक्त की संवेदना

कन्नौज में हुए भीषण हादसे की जानकारी होने पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने शोक संवेदना प्रकट की। एक्स में डाली गई पोस्ट के हवाले से डिप्टी सीएम ने जानकारी दी कि घटना अत्यंत दु:खद है। दुर्घटना में अपने बच्चों को खोने वाले परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करने के साथ ही जानकारी दी कि कन्नौज जिला प्रशासन को घायलों का बेतहर इलाज कराने का निर्देश दिया गया है। वहीं, कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी व सिराथू की विधायक डा. पल्लवी पटेल ने भी हादसे में अपनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

टूर के लिए नहीं ली गई थी अनुमति

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी तारकेश्वर मल्ल का कहना है कि परिवहन से संबंधित 45 सेवाएं आनलाइन हो गई हैं। टूर के लिए भी आटो अप्रूवल मिलता है। इसलिए विभाग को इस बारे में जानकारी नहीं होती है। टूर के लिए अनुमति ली गई थी कि नहीं, इस बारे में विद्यालय प्रबंधक अथवा प्रधानाचार्य बता सकते हैं। वहीं, प्रबंधक अशफाक हुसैन का कहना है कि बस टूर के लिए पहले भी जाती रही है, लेकिन इसके लिए अनुमति लेनी होती है, इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं थी। लिहाजा, अनुमति नहीं ली गई थी।

यह भी पढ़ें- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस चालक की एक चूक, ट्रक की झपकी और चीखें... 4 छात्रों की सांसें थमीं, बिखर गए 4 परिवारों के सपने

यह भी पढ़ें- Kannauj Road Accident: घर से हंसी-खुशी निकले बेटों की लौटकर आईं सिर्फ यादें, कन्नौज हादसे ने एक झटके में बिखेर दिया परिवार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।