Kannauj News: पुलिस के साथ मारपीट व आग लगाने की धमकी देने के मामले में BJP सांसद सुब्रत पाठक सहित 42 पर FIR
Attack On Police कन्नौज में शुक्रवार देर रात भाजपा समर्थकों के हमला करने में दो दरोगा सहित सात पुलिसकर्मी घायल हो गए। भाजपा समर्थक अपने एक साथी को ...और पढ़ें
कन्नौज, जेएनएन। पुलिस पर हमला करने और चौकी में आग लगाकर जलाकर मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने कन्नौज से भाजपा सांसद सुब्रत पाठक समेत 10 को नामजद करते हुए 42 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा मंडी चौकी प्रभारी हाकिम सिंह की तहरीर पर लिखा गया है।
कन्नौज से उन्नाव पुलिस ने अपह्रत युवक को बरामद कर चार आरोपितों को दबोचा। यहां से वह आरोपितों को उन्नाव ले गई। इसकी सूचना आरोपितों के साथियों को मिली तो वह कन्नौज की मंडी चौकी पहुंच गए। जहां उन्होंने जमकर हंगामा किया। चौकी प्रभारी के साथ अभद्रता की। पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया। इस दौरान तीन दारोगा समेत सात लोग घायल हो गए।
सभी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण हुआ। उपद्रव करने वाले भाजपा समर्थक बताए जा रहे हैं। कन्नौज के प्रेमनगर करीमपुर निवासी दीपू ने बताया कि वह उन्नाव में किराये पर रहता है। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे कन्नौज निवासी प्रभाकर कुशवाहा, सागर शर्मा, विशाल कटियार और अभिषेक दुबे उसके भाई नीलेश का अपहरण कर ले गए। उसने सकी जान का खतरा बताते हुए उन्नाव के थाने औरास में तहरीर दी। इस पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस को नीलेश की लोकेशन कन्नौज स्थित एक जिम में मिली। रात करीब 10:30 बजे यहां उन्नाव पुलिस ने छापा मारकर नीलेश को बरामद कर लिया। साथ ही एक आरोपित को पकड़ लिया। पुलिस दोनों को लेकर कन्नौज की मंडी चौकी लेकर गई। जहां से कुछ समय बाद उन्नाव के लिए निकल गई। आरोपित भाजपा कार्यकर्ता बताया जा रहा है। उसके गिरफ्तार होने की सूचना पर सैकड़ों लोग मंडी चौकी पहुंच गए। यहां जमकर हंगामा किया। पुलिस कर्मियों से जमकर नोकझोंक की। उन पर हमला कर दिया।
इस दौरान जिले के साथ थानों का पुलिस फोर्स मंडी चौकी पहुंच गया। जिला अस्पताल में पुलिसकर्मियों ने मेडिकल परीक्षण कराया है। एसपी कुंवर अनुपम सिंह का कहना है कि मामला गंभीर है। उपद्रवियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। सांसद सुब्रत पाठक समेत 10 नामजद और 42 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस आरोपितों के यहां दबिश दे रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।