Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Jhansi: सीएम योगी ने 100 विकास परियोजनाओं का क‍िया लोकार्पण और शिलान्यास, हॉकी पर आजमाया हाथ, देखें Video

    By Vinay SaxenaEdited By: Vinay Saxena
    Updated: Tue, 29 Aug 2023 05:53 PM (IST)

    उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ ने झांसी में कार्यक्रम को संबोधि‍त करते हुए कहा भारत के राष्ट्रीय खेल हॉकी में 1928 1932 और 1936 में तीन-तीन गोल्ड मेडल दिलाने वाले हॉकी के महान जादूगर मेजर ध्यानचंद जी न केवल उत्कृष्ट खिलाड़ी थे बल्कि उनके मन में भारत माता के प्रति अथाह सम्मान और श्रद्धा का भाव भी भरा हुआ था।

    Hero Image
    मुख्‍यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ ने हॉकी पर अपना हाथ आजमाया।

    झांसी, एएनआई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी में मेजर ध्यानचंद हॉकी म्यूजियम के उद्घाटन और 100 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान हॉकी पर अपना हाथ आजमाया। मुख्‍यमंत्री योगी का हॉकी खेलते हुए वीड‍ियो भी सामने आया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झांसी को ऐसी अमूल्य धरोहर दे गए, जो न केवल पर्यटकों के लिए रोमांच का अनुभव कराएगी, बल्कि हॉकी खिलाड़ियों के लिए यादगार भी रहेगी। दोपहर लगभग 2:35 बजे मुख्यमंत्री ने वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई पार्क में मेजर ध्यानचन्द म्यूजियम का लोकार्पण किया। उन्होंने म्यूजियम परिसर में स्थापित की गयी मेजर ध्यानचन्द की 25 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण भी किया।

    19 करोड़ रुपये की लागत से बने म्यूजियम का लोकार्पण करने के बाद सीएम योगी ने हॉकी के जादूगर दद्दा ध्यानचन्द से जुड़ी वस्तुओं, मेडल, कपड़े, हॉकी, गेन्द आदि का अवलोकन किया और उनके कटआउट के साथ फोटो खिंचवाई। दद्दा ध्यानचन्द के पुत्र अशोक कुमार ने उन्हें दद्दा से जुड़ी वस्तुओं के बारे में जानकारी दी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने डिजिटल हॉकी खेली। लगभग 12 मिनट यहां रहने के बाद मुख्यमंत्री मेजर ध्यानचन्द स्टेडियम में आयोजित ओलिम्पियन, अन्तर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में शिरकत करने चले गए।

    म्यूजियम में यह है खास

    म्यूजियम को 16 जोन में बांटा गया है। इनमें डिजिटल सेल्फि पॉइंट, दद्दा ध्यानचन्द द्वारा पहने जाने वाले कपड़े, चश्मे, छड़ी, टाई, तलवार आदि रखी गयी है। इसके अलावा अलग जोन में दद्दा द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली गेन्द व हॉकी, मूविंग प्रोजेक्टर लेकर जाने पर हॉकी के जादूगर से जुड़ी हर चीज की डिजिटल जानकारी, अन्य हॉकी खिलाड़ियों की जीवनी, 1.50 मिनट तक डिजिटल हॉकी खेलने की सुविधा, हॉकी में करियर बनाने के लिए स्क्रीन पर जानकारी, मिनी थिअटर में मेजर ध्यानचन्द से जुड़ी 15 मिनट की मूवी देखने की सुविधा होगी।

    इसके अलावा एक स्क्रीन पर अशोक हॉकी खेलने के टिप्स देंगे, जबकि बच्चों के लिए एक जोन ऐसा भी बनाया गया है, जहाँ डिजिटल तरीके से प्रश्न पूछे जाएंगे और सही जवाब मिलने पर पॉइण्ट मिलेंगे। एक फीडबैक जोन भी होगा, जिसमें पर्यटक म्यूजियम के सम्बन्ध में फीडबैक देंगे। यहाँ दिल्ली स्थित मेजर ध्यानचन्द स्टेडियम का मॉडल एवं विशाल हॉकी व गेन्द भी लगायी गयी है। किसी भी जोन का उपयोग करने पर दर्शकों को कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।

    1 सितंबर से आम जन के लिए खुलेगा म्यूजियम

    मेजर ध्यानचन्द म्यूजियम को आम जन के लिए 1 सितम्बर से खोला जाएगा। इसका संचालन सोमवार एवं सरकारी अवकाश के दिन छोड़कर अन्य दिनों में सुबह 10 से शाम 6 बजे तक होगा। म्यूजियम में प्रवेश के लिए भारतीय नागरिकों से 6 से 12 वर्ष तक के बच्चों को 100 रुपये एवं 12 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को 150 रुपये का टिकिट लेना होगा। विदेशी पर्यटकों के लिए यह शुल्क 6 से 12 वर्ष तक 900 रुपये एवं 12 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए 1,500 रुपये निर्धारित किया गया है। 5 एवं इससे कम आयु के बच्चों का प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।

    शुल्क है अधिक, नि:शुल्क करने का होगा प्रयास: अशोक

    ओलिम्पियन के साथ ध्यानचन्द म्यूजियम देखने आए दद्दा ध्यानचन्द के पुत्र एवं अर्जुन अवॉर्डी अशोक कुमार ने म्यूजियम में प्रवेश शुल्क को अधिक बताया। उन्होंने कहा कि इतना शुल्क होने के कारण ज्यादा लोग यहाँ नहीं आएंगे। एक परिवार के 4 सदस्य भी आएंगे तो उनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वह अधिकारियों से बात करेंगे कि म्यूजियम को नि:शुल्क किया जाए या टोकन मनी के रूप में अधिकतम 10 रुपये का टिकट लगाया जाए।