साथ खेलने निकलीं, साथ ही दुनिया छोड़ गईं दो मासूम; Jalaun में सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में डूबकर मौत
जालौन के तगारेपुर गांव में सड़क चौड़ीकरण के लिए खोदे गए 10 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में खेलते समय ...और पढ़ें

यह फोटो एआई जनरेटेड है।
HighLights
जालौन में सड़क चौड़ीकरण के गड्ढे में दो बच्चियां डूबीं
10 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में खेलते समय हुआ हादसा
इलाज के दौरान दोनों मासूमों की अस्पताल में मौत
संवाद सूत्र, आटा (जालौन)। आटा थाना के तगारेपुर गांव में उरई-इटौरा मार्ग को चौड़ा करने को माटी भरान के लिए खोदे करीब 10 फीट गहरे पानी भरे गए गड्ढे में गुरुवार अपराह्न करीब तीन बजे खेलते समय छह वर्षीय व आठ वर्षीय बच्ची गिर गई। रोड से गुजर रहे ग्रामीण ने आवाज सुनी तो दोनों को बाहर निकाला। स्वजन उन्हें उरई मेडिकल कालेज अस्पताल लेकर आए, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड प्रथम की ओर से 43 करोड़ की लागत से 21 किमी की उरई से इटौरा रोड चौड़ी की जा रही है। ठेकेदार ने नियम के विपरीत गहराई में गड्ढा खोद दिया, जबकि माटी खोदाई के दौरान दो फीट से अधिक गहराई नहीं होनी चाहिए थी। पीडब्ल्यूडी एक्सइएन सुनील कुमार ने बताया कि वहां पहले से नाला था उसी में नहर का पानी भर गया है।
उरई से इटौरा तक इस समय पीडब्लयूडी निर्माण खंड प्रथम की ओर से रोड को छह मीटर चौड़ा किया जा रहा है। पहले यह रोड तीन मीटर चौड़ा था। रोड के काम का ठेका लखनऊ की अरुणिमा कंट्रक्शन को दिया गया है। रोड तैयार करने के दौरान किनारे कई स्थानों पर दस-दस फीट गहराई तक खोदाई करा दी गई। इस समय इन गड्ढों में तगारेपुर नहर में पानी आ जाने से भर गया है।
गुरुवार को गांव के कल्लू अहिरवार की आठ वर्षीय पुत्री निक्की और गांव के ही शशिकांत की छह वर्षीय पुत्री पूर्वी घर के बाहर निकल कर करीब पांच सौ मीटर दूर पहुंच गईं और खेलने के दौरान रोड के किनारे पूर्वी गिर गई। उसे बचाने को लपकी निक्की भी गिर कर डूबने लगी। इसी दौरान रोड से पैदल गुजर रहे गांव के दीपू ने देखा तो वह और लोगों को आवाज दी और स्वयं बच्चियों को बचाने के लिए कूद गया। दोनों बच्चियों को अन्य ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला।
ग्रामीण जब इलाज के लिए निक्की को मेडिकल कालेज ला रहे थे तो आटा में अकोढ़ी तिराहे पर एक स्कूल की बस ने बाइक में टक्कर मार दी जिससे काफी देर हंगामा हुआ। बाद में करीब आधा घंटा देर से मेडिकल कालेज पहुंचे जहां इलाज दौरान मौत हो गई।
कक्षा तीन की छात्रा निक्की के पिता कल्लू अहिरवार मजदूरी करते हैं, पत्नी रमा छह बेटियों व एक पुत्र की घर में रहकर देखभाल करती थीं। वहीं कक्षा एक की छात्रा पूर्वी के पिता शशिकांत भी मजदूरी करते हैं और उनके एक पुत्र व चार बेटियां थीं। पत्नी सूरज है।
अरुणिमा कंस्ट्रक्शन के मैनेजर सौरभ सिंह ने बताया कि काम नियमानुसार ही हो रहा है। मामले में काम देख रहे साइड इंजीनियर बताया कि किसान स्वयं कह रहे थे कि अधिक चौड़ाई न करो नहीं तो खेत को नुकसान होगा, इसी लिए गहराई से माटी निकलवानी पड़ रही है।
ग्राम तगारेपुर में रोड किनारे गड्ढे में डूबने से दो बच्चियों की मौत हुई है। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था।
-अभिलाष मिश्रा, थानाध्यक्ष आटा।
यह भी पढ़ें- सऊदी अरब तक पहुंची जालौन के बासमती की खुशबू, 2700 से बढ़कर 4000 रुपये क्विंटल हुए भाव
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।