सऊदी अरब तक पहुंची जालौन के बासमती की खुशबू, 2700 से बढ़कर 4000 रुपये क्विंटल हुए भाव
जालौन के बासमती धान की मांग सऊदी अरब और खाड़ी देशों में बढ़ने से किसानों को 4000 रुपये प्रति क्विंटल ...और पढ़ें

HighLights
जालौन के बासमती धान को मिल रहे रिकॉर्ड 4000 रुपये दाम।
काली मिट्टी के कारण अधिक खुशबूदार, सऊदी अरब में बढ़ी मांग।
बुंदेलखंड की जमीन पर बासमती की सफल खेती, निर्यात में वृद्धि।
अजय दीक्षित, उरई। कालपी के कठपुरा के किसान रणवीर सिंह के 25 बीघा खेत में इस बार 150 क्विंटल बासमती धान की पैदावार हुई। पिछले साल 2700 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक्री मुश्किल थी, लेकिन इस बार 4000 तक दाम मिल रहा है। कारण, जालौन में काली मिट्टी होने से यहां का बासमती धान अन्य क्षेत्रों से अच्छा व अधिक खुशबूदार होता है।
धान को पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड के व्यापारी खरीद कर चावल तैयार करते हैं, जिसे ‘अरबा, कहते हैं। यह बासमती अन्य चावल के सापेक्ष लंबा व कुछ पीलापन लिए होता है। हरियाणा के एक व्यापारी ने बताया कि इसे सऊदी अरब व अन्य मुस्लिम देशों में अधिक पसंद किया जाता है। वहां बिरयानी में इस चावल का अधिक उपयोग होता है।
30 हजार टन बेचा जा चुका
अभी तक करीब 30 हजार टन धान बाहर की मंडियों में बेचा जा चुका है। क्षेत्र में बासमती धान की 11-21 किस्म अधिक रोपी जाती है, जिसका बीज हरियाणा से ही आता है। जिला कृषि अधिकारी गगन दीप सिंह ने बताया कि तीन साल से सऊदी अरब में इस चावल की मांग बढ़ी है, जिससे इसका निर्यात बढ़ा है।
कभी फसल उगाना कठिन था, आज बासमती की खुशबू फैली
बुंदेलखंड को उद्योग व एक्सप्रेसवे से केवल विकास को रफ्तार ही नहीं मिली बल्कि कभी सूखे के लिए जानी जाने वाली यहां की जमीन की तस्वीर भी बदली है। जहां सामान्य फसल उगाना कठिन था आज यहां बासमती उग रहा है। पिछले साल धान की रोपाई 45000 हेक्टेयर में करीब 24.11 क्विंटल पर हेक्टेयर पैदावार थी, इस साल 25000 हेक्टेयर की रोपाई में 26.54 क्विंटल पर हेक्टेयर हुई है।
छह हजार क्विंटल तक पहुंचा भाव
इसमें कामन धान 5000 हेक्टेयर में और बाकी में बासमती है। इसमें 11-21, 16-92, 17-18 वैरायटी का धान अधिक है। किसान महेंद्र सिंह कहते हैं कि सबसे अधिक 11-21 किस्म का बासमती होता है। अरब कंट्री, खाड़ी देशों में इसकी मांग अधिक है। यही कारण है कि हरियाणा, पंजाब, रुद्रपुर व उत्तराखंड की मंडी में इस बार 6000 रुपये क्विंटल का भाव है।
नहीं टूटता चावल
इसके चलते यहां किसानों को 4000 से अधिक का भाव मिल रहा है। थोक व्यापारी कौशल कहते हैं कि हरियाणा और पंजाब के व्यापारी भाप में धान को दिखा कर छिलाई कर चावल तैयार करते हैं, इससे चावल टूटता नहीं है। फिर पैक कर सऊदी अरब, ईरान, खाड़ी देशों में भेजा जाता है।
इस साल वैसे तो कम हिस्से में धान लगाया गया था लेकिन इसकी पैदावार अच्छी हुई है, जिले का बासमती धान पंजाब, हरियाणा व अन्य प्रदेशों को जाता है, वहां से खाड़ी देश व अन्य मुस्लिम कंट्री तक पहुंचता है।
गगन दीप सिंह, जिला कृषि अधिकारी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।