बागवानी व सब्जी की खेती से अपनी आय दोगुनी कर सकते किसान, उद्यान विभाग की योजनाओं का ऐसे लें लाभ
जनपद में बागवानी और सब्जी की खेती से किसान अपनी आय दोगुनी कर सकते हैं। उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं ...और पढ़ें

HighLights
उद्यान विभाग की योजनाओं से किसान आय दोगुनी करें।
आलू, सब्जी, मसाला, फल, फूल खेती पर अनुदान उपलब्ध।
योजनाओं का लाभ लेने हेतु विभाग में पंजीकरण अनिवार्य।
जागरण संवाददाता, उरई। जनपद में बागवानी की अपार संभावनाएं हैं। साथ ही सब्जियों की खेती भी काफी अच्छी हो सकती है। किसान अपनी आय को दोगुना कर सकते हैं। बुंदेलखंड में दैवीय आपदाओं के चलते किसानों को फसलों में क्षति उठानी पड़ती है। बागवानी से काफी राहत मिलेगी। किसान उद्यान विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेकर अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं।
लाभ लेने के लिए विभाग में पंजीकरण अनिवार्य है। जो भी जानकारी चाहिए वह कार्यालय दिवस में किसान ले सकते हैं। बहुत से किसान अब परंपरागत खेती के अलावा बागवानी व सब्जी खेती के प्रति जागरूक हो रहे हैं। यह बात जिला उद्यान अधिकारी परवेज खान ने बुधवार को दैनिक जागरण कार्यालय में आयोजित प्रश्न पहर कार्यक्रम में पाठकों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए कही।
- उद्यान विभाग द्वारा आलू की खेती के लिए कोई योजना है। अगर योजना संचालित हो रही है तो उसका लाभ कैसे लिया जा सकता है।- राजेंद्र महेवा
- आलू उत्पादन के लिए विभाग द्वारा योजना संचालित की जा रही है। इस बार 92 क्विंटल आलू का बीज विभाग को मिला था। जिसको 2480 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से वितरित किया जा चुका है। पहले आओ पहले पाओ के तहत किसानों को योजना का लाभ दिया गया है। इसके अलावा जिन किसानों को आलू की खेती करनी है वे समय पर विभाग से जानकारी लेते रहें। जैसे ही लक्ष्य मिले उसके लिए आवेदन कर दें। किसी भी योजना का लाभ लेने के लिए विभाग में पंजीकरण अनिवार्य है।
- विभाग द्वारा सब्जी की खेती के लिए कौन-कौन से बीज उपलब्ध कराए जाते हैं। इसमें अनुदान आदि की व्यवस्था है या फिर नहीं। अगर अनुदान है तो किस रूप में मिलता है। - शिवमंगल सिंह, माधौगढ़
- उद्यान विभाग द्वारा सब्जी की खेती के लिए प्रोत्साहन दिया जाता है ताकि किसान परंपरागत खेती के अलावा कुछ अन्य खेती कर अपनी आय में इजाफा कर सकें। विभाग द्वारा किसानों को बंद गोभी, टमाटर, मिर्च, शिमला मिर्च, लौकी, कद्दू आदि के बीज उपलब्ध कराए गए हैं। इसमें बीस हजार रुपये तक का अनुदान बीज, दवाएं व अन्य सामग्री क्रय के रूप में दिया जाता है।
- मसाला खेती के लिए भी विभाग द्वारा योजना चलाई जा रही है। कौन-कौन से मसाले की खेती यहां पर किसान कर सकते हैं। जिससे कि किसानों को लाभ मिल सके। -राजकुमार, जालौन
- उद्यान विभाग द्वारा मसाला खेती की योजना भी संचालित की जाती है। यहां के किसान अदरक, हल्दी, लहसुन की पैदावार कर सकते हैं। इस कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 6 हेक्टेयर का लक्ष्य मिला है। जिसमें से पांच हेक्टेयर सामान्य वर्ग के लिए और एक हेक्टेयर अनुसूचित जाति, जनजाति के किसानों के लिए है। मसाला खेते करने वाले किसानों को 40 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर अनुदान देय है। धनिया, मेथी, जीरा, सौंफ की खेती भी की जा सकती है।
- अगर कोई किसान बागवानी करना चाहता है तो जिले में कौन से फलों के पौधे लगाए जा सकते हैं। इसके लिए विभाग से सहयोग मिल सकता है या नहीं। - संतोष, उरई
- जिले में कोई भी किसान बागवानी कर सकता है। यहां की जलवायु आम, अमरूद, बेर, आंवला, बेल आदि के लिए काफी अनुकूल है। विभाग द्वारा औद्यानिक मिशन के तहत बागवानी के लिए योजना संचालित की जाती है। किसान विभाग कार्यालय से जानकारी लेकर बागवानी कर सकते हैं। इसके उनको अच्छा मुनाफा हो सकता है।
- विभाग द्वारा फूलों की खेती के लिए जो भी योजना चलाई जा रही है तो उसमें कौन से फूलों के लिए जिले को लक्ष्य मिला है। इस योजना का लाभ कैसे लिया जा सकता है।- महेंद्र दीक्षित, उरई
- इस बार गेंदा की खेती के लिए अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग के किसानों का लक्ष्य तीन हेक्टेयर मिला है। इसमें 90 प्रतिशत तक अनुदान की व्यवस्था है। इसके अलावा अन्य फूलों के लिए लक्ष्य नहीं प्राप्त हुआ है। हालांकि अब कई किसान अपनी तरफ से फूलों की खेती में रुचि ले रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।