Hathras News : हाथरस में बनेगा सूबे का पहला अमृत सरोवर, जहां होगा खेल का मैदान
Hathras News केंद्र सरकार की अमृत सरोवर योजना के तहत हर पंचायत में सरोवर बनाये जा रहे हैं। हाथरस की ग्राम पंचायत सुसाइन के आदर्श अमृत सरोवर का नजारा ही कुछ अलग दिखेगा। यहां टहलने के साथ ही खेल के मैदान भी बनाए जाएंगे।

योगेश शर्मा, हाथरस । Hathras News : सुबह और शाम शुद्ध पर्यावरण के बीच टहलने के साथ खेल मैदान में जिम, बैडमिंटन, वालीबाल का लुत्फ उठाना है तो सादाबाद की ग्राम पंचायत सुसाइन के आदर्श अमृत सरोवर आना होगा। यह सरोवर सबसे खास है। पानी के भंडारण की क्षमता भी अन्य सरोवरों के मुकाबले ज्यादा है। शाम होते ही सोलर लाइट से जगमगाने लगता है।
लखनऊ में हुई थी इस सरोवर की चर्चा
सादाबाद के गांव ऊंचागांव (सुसाइन) में अमृत सरोवर करीब 10 बीघा जमीन में तैयार हो रहा है। ग्राम पंचायत की ओर से बराबर में ही खेल मैदान तैयार किया जा रहा है, जिस पर ग्राम पंचायत निधि और मनरेगा से धन खर्च किया जाएगा। जनपद में 150 से अधिक अमृत सरोवर बन रहे हैं, मगर सुसाइन का सरोवर सबसे स्मार्ट बनाने की तैयारी की जा रही है। यहां सरोवर पर फलदार वृक्षों के पौधे लगाने के अलावा सरोवर की क्षमता अन्य सरोवर से अधिक रखी गई है, ताकि सिंचाई की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा सके। इस सरोवर का प्रस्तुतीकरण लखनऊ में किया गया था। सरोवर की तस्वीर लेने को ड्रोन कैमरे की मदद ली गई थी। लखनऊ में विभागीय सचिव की मौजूदगी में अन्य जनपदों के अधिकारियों को सलाह दी गई कि वे भी हाथरस के सुसाइन में बन रहे सरोवर जैसी सुविधा ग्रामीणों को प्रदान कराएं।
सरोवर के तट पर खेल का सामान
सरोवर के साथ खेलकूद मैदान बनाने का निर्णय लिया गया है। पंचायत की ओर से जगह भी सरोवर के बगल वाली चिह्नित की गई है। खेल मैदान में जिम, बैडमिंटन और वालीबाल खेलने की सुविधा गांव के युवाओं को निश्शुल्क होगी। इस पर करीब 10 लाख रुपये खेलकूद के उपकरणों पर खर्च होगा।
इसे भी पढ़ें : मौसम में बदलाव के साथ कोरोना संक्रमण का बढ़ सकता है खतरा, व्यायाम सहित खानपान में शामिल करें ये आहार
सोलर लाइट से रोशन
सरोवर में जहां टहलने के लिए चारों ओर पाथ-वे तैयार किया गया है, वहीं इसमें बैठने के लिए बेंच और पशुओं के लिए रैंप के साथ पक्का घाट बनाया जा रहा है। गांव के गंदे पानी को सरोवर में जाने से रोकने का काम भी किया गया है, ताकि गांव के गंदे पानी से पशुओं को कोई बीमारी न हो। इसके अलावा सोलर लाइट का माकूल इंतजाम किया जा रहा है।
इनका कहना है
सादाबाद के सुसाइन का सरोवर अन्य सरोवरों से इसलिए खास होगा, क्योंकि यहां सरोवर के पास बन रहे खेल मैदान की सुविधा प्रदेश में कहीं और नहीं है। सरोवर की सराहना की गई है।
- आरके कुरील, परियोजना निदेशक, ग्राम विकास अभिकरण हाथरस।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।