Ram Mandir: कौन हैं कृष्णमोहन? जिन्हें बनाया गया श्रीराम मंदिर ट्रस्ट का सदस्य
सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी कृष्णमोहन को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का सदस्य बनाया गया है। अयोध्या में हुई ट्रस्ट की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी। उन्हें कामेश्वर चौपाल की जगह नामित किया गया है। कृष्णमोहन 1970 में लखनऊ विश्वविद्यालय से एमएससी हैं। 1978 में वह भारतीय वन सेवा में चयनित हुए।

जागरण संवाददाता, हरदोई। भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के अवकाश प्राप्त अधिकारी व समाजसेवी कृष्णमोहन को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का सदस्य बनाया गया है। अयोध्या स्थित मणिरामदास जी की छावनी में मंगलवार को हुई ट्रस्ट बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी। उन्हें इसी वर्ष सात फरवरी को दिवंगत कामेश्वर चौपाल की जगह ट्रस्ट का सदस्य नामित किया गया है और वह भी चौपाल की तरह अनुसूचित जाति वर्ग से आते हैं।
कृष्णमोहन 1970 में ही लखनऊ विश्वविद्यालय से एमएससी हैं। पांच-छह वर्षों तक वह एटामिक एनर्जी पर शोध की दिशा में सक्रिय रहे। इसके बाद 1978 में वह भारतीय वन सेवा में महाराष्ट्र काडर के लिए चयनित हुए। 2012 में सेवानिवृत्ति के बाद से वह वापस हरदोई लौटे और तब से वह सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पित हैं। वह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के स्वयंसेवक भी हैं।
संघ में 2014 में नगर संघ चालक, 2017 में जिला संघ चालक, 2020 में प्रांत संघ चालक रहने के बाद 2023 में उन्हें क्षेत्रीय संघ चालक पूर्वी उत्तर प्रदेश का दायित्व मिला है। उच्च पदों पर रहने के बाद भी सरलता और ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ाव के साथ ही सभी के साथ मिलकर चलना उनकी खास पहचान है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।