दिल्ली जाएं बाबा, प्रदेश संभालें केशव मौर्य… भाजपा विधायक ने डिप्टी सीएम के सामने भरी हुंकार, सोशल मीडिया पर दी सफाई
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से विधायक श्याम प्रकाश ने एक विवादित बयान दिया है जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिल्ली जाने और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को मुख्यमंत्री बनने की कामना की है। हालांकि उन्होंने बाद में सोशल मीडिया पर बयान का बचाव करते हुए कहा कि उनका कहना था कि मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री बनाए जाएं और उप मुख्यमंत्री प्रदेश की कमान संभालें।

जागरण संवाददाता, हरदोई। बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले गोपामऊ से विधायक श्याम प्रकाश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिल्ली जाने और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को मुख्यमंत्री बनने की कामना की। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि वह जो कहते हैं वह सच होता जरूर है और एक दिन ऐसा ही होगा।
हालांकि मंच पर दिए गए बयान का साेशल मीडिया पर उन्होंने बचाव करते हुए कहा कि उनका कहना था कि मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री बनाए जाएं और उप मुख्यमंत्री प्रदेश की कमान संभालें। विधायक श्याम प्रकाश का यह पहला बयान नहीं है। इससे पहले वह कई बार सरकार और शासन को कटघरे में खड़ा कर चुके हैं।
मंच पर केशव प्रसाद मौर्य की तारीफ
गोपामऊ विधानसभा के मुरादनगर में आयोजित महान सम्राट अशोक जयंती उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्याम प्रकाश, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ लखनऊ से हेलीकॉप्टर से आए।
मंच पर वक्ता के रूप में उन्होंने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की तारीफ करते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि बाबा दिल्ली जाएं और प्रदेश की कमान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य संभालें।
हम सब पार्टी के सिपाही: मौर्य
हालांकि, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने संबोधन में सबसे पहले विधायक के बयान का जिक्र किया। कहा कि यह विधायक की भावना है। हम सब पार्टी के सिपाही हैं।
अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री ने इतना जरूर कहा कि हम लोग बचपन से यह गीत गाया करते थे कि यह उथल -पुथल.. लहर, पथ से न डिगाने पाएगी। पतवार चलाते जाएंगे मंजिल आएगी आएगी।
पत्रकारों ने भी इस पर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि यह विधायक का निजी बयान है। वहीं, दूसरी तरफ देखा जाए तो विधायक श्याम प्रकाश सोशल मीडिया पर दिए गए बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे।
उन्होंने बेसहारा जानवरों के मुद्दे पर भी सरकार पर सवालिया निशान लगाया था। अभी हाल में ही सीतापुर में पत्रकार की हत्या के मामले में उन्होंने कहा था कि भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ इसलिए वह आवाज उठाने में संकोच करते हैं क्योंकि जो भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ आवाज उठाएगा उसका अब यही हश्र होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।