Hapur Crime: लुटेरों ने व्यक्ति को लिफ्ट देकर तमंचे के बल पर लूटे 20 हजार रुपये, तीन आरोपी गिरफ्तार
हापुड़ में कार सवार तीन लुटेरों ने एक व्यक्ति को लिफ्ट देकर तमंचे के बल पर 20 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने घेराबंदी कर लुटेरों का पीछा किया, जिसके बाद ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ में कार सवार तीन लुटेरों ने व्यक्ति को लिफ्ट देकर तमंचे के बल पर 20 हजार रुपये की लूट कर ली। सूचना पर कोतवाली थाना क्षेत्र के सरावा व जोगीपुरा गांव के जंगल में लूटेरों की घेराबंदी कर ली।
पुलिस सर्विलांस सूचना के आधार पर उनका पीछा कर रही थी। खुद को पुलिस से घिरा देख वैगनआर कार में सवार बदमाशों ने गोली चला दी। जिसकी जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली लगने से लूट करने के दो आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों समेत तीनों आरोपी लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटे हुए 20 हजार रुपये समेत घटना में प्रयुक्त अन्य सामान भी बरामद कर लिया है।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि 112 कंट्रोल रूम में मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति से कार सवार तीन बदमाशों ने लिफ्ट देकर तमंचे के बल पर 20 हजार रुपये की लूट कर ली है। साथ ही सूचना में यह भी बताया गया था कि पीड़ित को बदमाश मोदीनगर रोड पर फेंककर फरार हो गए हैं।
सूचना प्राप्त होते ही कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस बल के साथ सरावा अड्डे पर बैरियर लगाकर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को देखकर कार सवार लुटेरों ने अपनी कार को सरावा गांव की ओर मोड़ दिया।
पुलिस की टीम ने उनका पीछा किया तो उन्होंने पुलिस कर्मियों पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। फायरिंग में थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट बाल-बाल बच गए। सरावा व जोगीपुरा गांव के जंगल में जवाबी कार्रवाई के दौरान दो लुटेरों को पुलिस की गोली लग गई। जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों समेत तीनों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
इनके रूप में हुई है लुटेरों की पहचान
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लुटेरों की पहचान जिला गौतमबुद्धनगर के दादरी थाना के मियां वाली चौपाल के रहने वाले आसिफ उर्फ कल्लू, गाजियाबाद जिले के थाना वेव सिटी के कस्बा डासना के मदीना के पास उस्मानगढ़ी के रहने वाले आसिफ और गाजियाबाद जिले के डासना मुर्गी फार्म मोहल्ले के रहने वाले फारुख के रूप में हुई है। मुठभेड़ में आसिफ उर्फ कल्लू व मुठभेड़ में आसिफ उर्फ कल्लू व आसिफ घायल हुए हैं।
यह भी पढ़ें- Hapur News: ठंड से बचाव के लिए रेलवे स्टेशन के पास रैन बसेरा तैयार, एक बार में ठहर सकेंगे 40 लोग
उन्होंने बताया कि आरोपी के कब्जे से पुलिस ने लूटे हुए 20 हजार रुपये, तमंचा व घटना में प्रयुक्त फर्जी नंबर प्लेट लगी कार बरामद की है। आरोपितों का पूरा आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।