UP Police का कारनामा! हमीरपुर में गलत वारंटी को उठा लाई कोतवाली पुलिस, विरोध करने पर हवालात में बांधकर बेरहमी से पीटा
हमीरपुर पुलिस ने गलत वारंटी को पकड़कर थाने में बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित को कानपुर रेफर किया गया है, जबकि पुलिस मारपीट से इनकार कर रही है।

HighLights
पीड़ित का आरोप पूरे थाने की पुलिस ने लाठी डंडों से की पिटाई
लहूलुहान हालत में पहुंचाया जिला अस्पताल, हालत देख स्वजन बेहाल
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। मारपीट, गाली गलौज समेत अन्य मामलों में आरोपित एक वारंटी को कोतवाली पुलिस थाने उठा लाई और जब उसका वेरीफिकेशन किया तो वारंटी गलत पाया गया। जिस पर पकड़कर आए युवक ने कोतवाली में हंगामा करना शुरू कर दिया।
युवक का आरोप है कि कोतवाली पुलिस के दारोगा से लेकर सिपाहियों तक सभी लोगों ने उसे कोतवाली के हवालात में बंद कर हाथ पैर बांध कर लाठी डंडों से मारापीटा। युवक के चिल्लाने की आवाज सुनकर थाने के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जब युवक लहूलुहान हो गया तो पुलिस कर्मी उसे लादकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां से उसे गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया है। इस घटना से घायल के स्वजन भी बेहाल हैं।
सदर कोतवाली पुलिस शनिवार की शाम करीब छह बजे मारपीट, गाली गलौज के मामले में वारंटी चल रहे शहर के मेरापुर निवासी शिवराज को पकड़ने के लिए मुहल्ले गई हुई थी। पुलिस गलती से असली शिवराज की जगह उसी के नाम के एक दूसरे शिवराज नाम के युवक को उसके घर से उठा लाई और थाने ले गई।
उसका वेरिफिकेशन किया गया तो गलत व्यक्ति को लाने की पुष्टि हुई। जिस पर युवक ने कोतवाली में हंगामा करना शुरू कर दिया। अस्पताल में मौजूद घायल शिवराज का आरोप है कि उसे कोतवाली के हवालात में बंद कर दिया और उसके हाथ पैर बांधकर लाठी डंडों से मारपीटा। जिससे उसके शरीर में गंभीर चोटें आई हैं।
मारपीट में उसके शरीर से काफी खून भी बहा, जो उसके कपड़ों में लगा हुआ था। लहूलुहान हालत में पुलिस घायल को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। जहां पर स्वजन भी पहुंच गए और हंगामा करने लगे। युवक की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया है।
इस संबंध में कोतवाल रामआसरे सरोज ने बताया कि जिस शिवराज के नाम से वारंट था, उसकी जगह उसी मुहल्ले के दूसरे शिवराज को पुलिस ले आई और जब इसकी जानकारी उसे हुई तो वह हंगामा करने लगा और हाथ पैर पटकने लगा। जिसे काबू में किया गया। युवक के साथ किसी भी तरह की मारपीट नहीं की गई है। पकड़े गए युवक के खिलाफ भी कई मामले हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।