विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पति से हुआ विवाद, हमीरपुर में मां ने बेटी के साथ खा लिया जहरीला पदार्थ

Published: Sat, 04 Jul 2026 04:46 PM (IST)

पति से विवाद के बाद मौदहा के बिरखेरा गांव में एक महिला ने अपनी पांच वर्षीय बेटी के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया, दोनों की हालत गंभीर है और कानपुर रेफर किया गया है। 

सुशीला और निधि। जागरण

सुशीला और निधि। जागरण

HighLights

  1. मौदहा कोतवाली के बिरखेरा गांव में हुई घटना से मची हलचल

  2. दोनो मां बेटी का मौदहा सीएचसी में चल रहा इलाज, स्वजन परेशान

संवाद सहयोगी, मौदहा(हमीरपुर)। पति से कहासुनी के बाद महिला ने अपनी पांच वर्षीय मासूम बेटी के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। खेत से लौटे पति ने जब पत्नी और बेटी के मुंह से झाग निकलता देखा तो वह हैरान हो गया और तत्काल दोनों को लेकर मौदहा सीएचसी पहुंचा। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। इस घटना के बाद दोनों मां बेटी की हालत नाजुक बनी हुई है। इस घटना से स्वजन भी परेशान हैं।

मौदहा कोतवाली के बिहरका गांव निवासी श्यामबाबू कुशवाहा की पत्नी 30 वर्षीय सुशीला का शनिवार की दोपहर करीब एक बजे घर में पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद पति खेत चला गया, तभी महिला ने पहले खुद जहरीला पदार्थ खाया और फिर अपनी पांच वर्षीय बेटी निधि को भी खिला दिया। जहरीला पदार्थ खाते ही कुछ ही देर में दोनों के मुंह से झाग निकलने लगा, तो घर में हलचल मच गई।

स्वजन तत्काल दोनों मां बेटी को सीएचसी मौदहा लेकर पहुंचे। जहां पर दोनों का उपचार शुरू किया गया। मां बेटी की हालत नाजुक देखते हुए सीएचसी के डाक्टरों ने पहले बच्ची और फिर मां को सदर अस्पताल हमीरपुर के लिए रेफर कर दिया। जहां दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया। पति श्यामबाबू ने बताया कि वह सुबह खेत देखने गया था।

घर लौटने पर देखा कि पत्नी और बेटी के मुंह से झाग निकल रहा था। इसके बाद दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना का कारण क्या रहा। यह अभी पता नहीं चल सका है। घरेलू विवाद की बात सामने आ रही है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है, जांच की जा रही है।

मां की डांट से क्षुुब्ध बेटी ने खाया जहर

मौदहा कस्बे में शनिवार को मां की सामान्य डांट से नाराज होकर 16 वर्षीय ज्योति पुत्री कृष्ण कुमार ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर स्वजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां से डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में किशोरी का उपचार चल रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।