विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Teeja Mela: हमीरपुर के सुमेरपुर का ऐतिहासिक तीजा मेला, शोभायात्रा के साथ नागनाथन लीला, जानें क्या है मान्यता

By Anurag MishraEdited By: Anurag Shukla
Published: Mon, 14 Sep 2026 06:38 AM (IST)

हमीरपुर के सुमेरपुर में ऐतिहासिक तीजा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, जिसमें नागनाथन लीला और सांस्कृतिक कार्यक्रम ...और पढ़ें

हमीरपुर के सुमेरपुर में तीजा महोत्सव की तैयारी चल रही। जागरण

हमीरपुर के सुमेरपुर में तीजा महोत्सव की तैयारी चल रही। जागरण

HighLights

  1. सुमेरपुर में 176 साल पुराने ऐतिहासिक तीजा महोत्सव की तैयारियां जारी।

  2. नागनाथन लीला, नई झांकियां और वृंदावन के कलाकार होंगे मुख्य आकर्षण।

  3. मेले के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, यातायात रूट डायवर्ट।

अनुराग मिश्रा, हमीरपुर। Hamirpur Teeja Mela: हमीरपुर के सुमेरपुर के मशहूर तीजा महोत्सव को आकर्षक बनाने के लिए दिनरात तैयारियां चलती हैं। हर बार की तरह तीजा महोत्सव के लिए कस्बे के लोगों के साथ प्रशासन जुटा हुआ है। यह महज एक महोत्सव नहीं बल्कि कृष्ण के प्रति उनकी आस्था भी है।

ऐतिहासिक तीजा मेला की नींव कस्बे में आजादी के पूर्व 1850 में बाबू भाई द्वारा रखी गई थी तब महज एक झांकी भगवान श्रीकृष्ण की बनाकर टोकरी में सिर पर रखकर गाजे बाजे के साथ निकाली जाती थी। आजादी के पूर्व तक ऐसा ही क्रम चलता रहा। देश के आजाद होने के बाद पहली मर्तबा पांच झांकियां निकाली गई। इसी के साथ कस्बे के तीजा मेला की ख्याति बढ़ने लगी और कमेटी का गठन किया गया। इसके बाद कमेटी ने तीजा महोत्सव की ख्याति बढ़ाने के लिए प्रतिवर्ष नए-नए प्रयोग किए।

कस्बे में तीजा महोत्सव को संपन्न कराने के लिए तीन कमेटियां हैं। कस्बे के चांद थोक के श्रीकृष्ण मंदिर से निकलने वाली शोभायात्रा कमेटी ही प्रतिवर्ष तय करती है कि शोभायात्रा के साथ तीजा महोत्सव की शुरुआत किस तारीख को होगी। यह कमेटी शोभायात्रा नागनाथन लीला, कंसवध लीला संपन्न कराकर शोभा यात्रा का समापन कराती है। शोभायात्रा देखने के लिए कस्बा सहित पूरे बुंदेलखंड एवं रुहेलखंड से लाखों की भीड़ उमड़ती है।

Sumerpur Teeja Mela (5)

कमेटी इस वर्ष दो नई झांकियां शोभा यात्रा में शामिल करने जा रही है। कमेटी के जयप्रकाश उर्फ बब्लू दिक्षित ने बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा की मुख्य झांकी में बड़ा बदलाव किया जा रहा है भगवान श्रीकृष्ण का विमान पूरी तरीके से बदलकर आकर्षक बनाया जा रहा है। इसके अलावा द्रोपदी चीर हरण की नई झांकी शामिल की जा रही है।

इसी तरह नगर पंचायत कमेटी ने रामलीला मैदान में होने वाले रात के सांस्कृतिक कार्यक्रम में बड़ा बदलाव किया है। अब इस मंच में बुंदेली संगीत के स्थान पर वृंदावन के कलाकार श्रीकृष्ण लीला का मंचन करेंगे। पशु बाजार मेला मैदान कमेटी ने मेले को और आकर्षक बनाने के लिए इस वर्ष बच्चों महिलाओं को मनोरंजन के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्रेविटी झूला और जलपरी लगवा रही है। कस्बे के ऐतिहासिक तीजा महोत्सव की कस्बे में तीन दिन धूम रहती है।

Sumerpur Teeja Mela (3)

176 साल पुरानी है ऐतिहासिक तीजा मेला की परंपरा, बाबू ओमर ने की थी शुरुआत

कस्बे का ऐतिहासिक तीजा मेला सिर्फ मेला नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। इसकी शुरुआत आज से करीब 176 साल पहले 1850 में कस्बे के कृष्ण भक्त बाबू ओमर उर्फ बाबू चाचा ने की थी। बुजुर्गों की मानें तो शुरुआत में यह इतना बड़ा आयोजन नहीं था। बाबू चाचा श्रीकृष्ण की एक झांकी को सिर पर रखी टोकरी में रखकर पूरे कस्बे में घुमाते थे।

Sumerpur Teeja Mela (2)

सहयोग के नाम पर लोग जुड़ते गए

लोगों को यह आयोजन इतना अच्छा लगा कि सहयोग के नाम पर लोग जुड़ते चले गए और देखते ही देखते आयोजन बड़ा रूप लेता चला गया। सत्तर के दशक तक आते-आते तीजा मेला चारों ओर चर्चित हो गया था। आज यह मेला विशाल रूप ले चुका है। इस मेले में लाखों की भीड़ उमड़ती है। न सिर्फ हमीरपुर बल्कि आसपास के जनपद बांदा, महोबा, फतेहपुर और दूर-दराज के क्षेत्रों से लोग मेला और झांकियों के दर्शन के लिए आते हैं।

हरचंदन तालाब में होगी नागनाथन लीला, मुस्तैद रहेगी पीएसी की फ्लड टीम

आगामी 14 सितंबर को कस्बा सुमेरपुर में तीजा मेला के शुभारंभ अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा कस्बे के हरचंदन तालाब में नागनाथन लीला आयोजित होगी। जिसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। तालाब में पानी अधिक होने के कारण पीएसी की फ्लड टीम के साथ स्थानीय गोताखोरों को लगाया जाएगा। इसके साथ ही सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रहेंगे।

Sumerpur Teeja Mela (1)

किन्नरों के भरथरी कार्यक्रम से होगा तीजा मेला आगाज

कस्बे के ऐतिहासिक तीजा महोत्सव का शुभारंभ किन्नर समाज के लोग शोभायात्रा के एक दिन पूर्व भरथरी कार्यक्रम के साथ करते हैं। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को तीजा महोत्सव की शोभायात्रा में शामिल होने का आमंत्रण देने से है। जमींदार परिवार के भोला सिंह ने बताया कि कस्बे के तीजा महोत्सव को यादगार बनाने के लिए पूर्वजों ने तरह-तरह की परंपराएं ईजाद की थी। यह परंपरा आज भी विद्यमान है और लोग इनका अनुशरण कर रहे हैं।

एक सुपर जोन, तीन जोन और छह सेक्टर में बांटा गया है मेला परिसर

कस्बा सुमेरपुर में होने वाले तीजा मेला को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। पूरे मेला परिसर को एक सुपर जोन, तीन जोन और छह सेक्टर में बांटा गया है। इसके साथ ही मेला परिसर में एक थाना, चार चौकियां और एक महिला हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी।

इतने भागों में विभाजित मेला

सुपर जोन की निगरानी एएसपी स्तर के अधिकारी करेंगे, वहीं जोन की व्यवस्था सीओ संभालेंगे। वहीं सेक्टर की व्यवस्था निरीक्षक संभालेंगे। मेला परिसर स्थित बैलाही बाजार को दो सेक्टरों में बांटा गया है। जिसमें मेला, झूला, कबीरी भजन का क्षेत्र शामिल किया गया है। वहीं छोटी बाजार को तीसरे सेक्टर में और रामलीला मैदान को चौथे सेक्टर में विभाजित किया गया है। इसके अलावा दो सेक्टरों में यातायात व्यवस्था रखी गई है। पहले सेक्टर में पैलानी तिराहे से राठ तिराहा रहेगा और दूसरे सेक्टर में सुमेरपुर के नेहा नर्सिंग होम से मौदहा के बड़ा चौराहा को बांटा गया है।

हमीरपुर समेत चित्रकूट, बांदा व महोबा की पुलिस करेगी ड्यूटी

अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा ने ने बताया कि मेले में ड्यूटी के लिए हमीरपुर समेत चित्रकूट, बांदा और महोबा जिले का पुलिस बल लगाया गया है। मेला परिसर की सुरक्षा में 12 निरीक्षक, एक सीओ, 50 उपनिरीक्षक, करीब एक सैकड़ा महिला व पुरुष कांस्टेबलों को लगाया गया है। इसके अलावा एक कंपनी पीएसी भी तैनात की गई है। इसके साथ ही नाग नाथन लीला के दौरान एक कंपनी फ्लड पीएसी की तैनाती रहेगी। फायर टीम भी मौजूद रहेंगी। सीसीटीवी कैमरों के साथ साथ ड्रोन से भी मेला परिसर की निगरानी की जाएगी। इसके लिए मेला परिसर में ही एक कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा। जहां से पूरे मेला परिसर की गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।

14 सितंबर की सुबह आठ बजे से 17 की सुबह आठ बजे तक डायवर्ट रहेगा रूट

यातायात प्रभारी आशुतोष सिंह ने बताया कि कस्बा सुमेरपुर में आगामी 14 सितंबर से शुरू होने वाले तीजा मेला को लेकर 14 सितंबर की सुबह आठ बजे से से 17 सितंबर की रात आठ बजे तक यातायात रूट डायवर्जन किया गया है। जिसके चलते कानपुर से महोबा जाने वाले वाहन हमीरपुर राठ तिराहा से राठ रोड होते हुए छानी या बसवारी से होकर कस्बा मौदहा से निकलकर महोबा जाएंगें। कानपुर घाटमपुर से चौडगरा, बांदा होते हुए कबरई महोबा जाएंगें। कानपुर या घाटमपुर से कालपी, उरई एवं बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से होते हुए महोबा जाएंगे। महोबा से कानपुर की तरफ जाने वाले वाहन कबरई से बांदा होते हुए या खन्ना बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे से होते हुए कानपुर जाएंगें। हमीरपुर कस्बा मौदहा तिराहा, बसवारी राठ रोड होते हुए हमीरपुर कानपुर जाएंगे।

Sumerpur Teeja Mela (4)

सभी मार्गों पर पुलिस तैनाती

जनपद के सभी प्रमुख स्थानों व बैरियरों पर स्थानीय थाना पुलिस व यातायात पुलिस की तैनाती रहेगी। किसी भी यातायात संबंधी समस्या या सहायता के लिए 9410499333, 9140839677, 8532830132, 9454403535, 9454403539, 9454401360, 9454403539 समेत आपातकालीन स्थिति में यूपी-112 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

मंडलायुक्त व डीआइजी ने मेले की तैयारियों का लिया जायजा

शनिवार को चित्रकूट धाम मंडल के मंडलायुक्त अजीत कुमार ने डीआइजी राजेश एस के साथ हरचंदन तालाब, शोभा यात्रा मार्ग तथा पशु बाजार मेला मैदान में चल रही तैयारियों का निरीक्षण किया। मंडलायुक्त ने कहा कि सफाई, बिजली, पानी स्वास्थ्य सेवाओं के पुख्ता इंतजाम कराया जाए। डीआइजी ने कहा कि हरचंदन तालाब में होने वाली नागनाथ लीला के दौरान लाइफ जैकेट का प्रयोग किया जाए। तालाब में पीएसी बल के गोताखोरों के साथ स्थानीय गोताखोर भी लगाए जाएं।

यह भी पढ़ें- हमीरपुर में रील का भूत उतारा, गहरे पानी में स्टंट कर रहे युवकों को पुलिस ने कच्छे में चलवाई मुर्गा चाल, Video Viral

यह भी पढ़ें- हमीरपुर में प्रापर्टी विवाद में दो हत्या, 13 साल पहले भाई को मारा, अब मां की ईंट से कूचकर हत्या

यह भी पढ़ें- हमीरपुर में बेटे की बर्बरता, चारपाई पर लेटे पिता के सीने पर चढ़ गला घोंटा, फिर ब्लेड से किए कई वार