विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हमीरपुर में प्रापर्टी विवाद में दो हत्या, 13 साल पहले भाई को मारा, अब मां की ईंट से कूचकर हत्या

Published: Sat, 12 Sep 2026 11:28 PM (IST)

सुमेरपुर के चंदपुरवा गांव में एक बेटे ने संपत्ति के लालच में अपनी 74 वर्षीय बेवा मां रामश्री की ईंट ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. हमीरपुर में संपत्ति विवाद में एक युवक ने 13 साल पहले भाई को मार डाला था

  2. अब 74 वर्षीय बेवा मां के सिर पर ईंट मारकर हत्या कर दी और शव के पास करीब चार घंटे बैठा रहा

संवाद सहयोगी, सुमेरपुर(हमीरपुर)। हमीरपुर में संपत्ति विवाद में एक युवक ने 13 साल पहले भाई और अब विधवा मां की बेरहमी से हत्या कर दी। शनिवार देर शाम युवक ने अपनी मां को ईंट से कूचकर मार डाला।

थानाक्षेत्र के चंदपुरवा गांव में पुत्र ने अपनी वृद्ध बेवा मां की संपत्ति के लालच में ईंट से कूचकर हत्या कर दी और करीब चार घंटे तक मां के शव के पास ही बैठा रहा। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

पुलिस ने हत्यारोपित को हिरासत में लिया है। इस घटना से गांव में दहशत फैल गई है। वर्ष 2013 में आरोपित अपने छोटे भाई की भी हत्या कर चुका है। मां की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया। गांव वालों का कहना है कि राजीनामा होने से 2014 में वह बाहर आ गया था।

चंदपुरवा गांव निवासी आनंदी यादव उर्फ जुल्ली ने शनिवार की देरशाम अपनी 74 वर्षीय बेवा मां रामश्री के सिर पर ईंट मारकर हत्या कर दी और शव के पास करीब चार घंटे बैठा रहा। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर हत्यारोपित घर के दरवाजे अंदर से बंद कर रखा था। बड़ी मुश्किल से उसने दरवाजा खोला। तब उसे हिरासत में लेकर थाने भेजा गया।

घटना के साक्ष्य एकत्र करने के लिए फील्ड यूनिट टीम मौके पर पहुंच गई है। ग्रामीणों ने बताया कि घर में आरोपित वृद्ध मां के साथ रहता था। मां के नाम करीब आठ बीघा जमीन है। उसी को बेचने के लिए मां से दबाव बनाता था। लेकिन वह बेचने को तैयार नहीं थी। आशंका है कि इसी के चलते उसने मां की हत्या कर दी।

थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि आरोपित वर्ष 2013 में अपने छोटे भाई चुक्खी की भी हत्या कर चुका था। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2021 में मां से विवाद किया था। जान से मारने का प्रयास किया था जिसकी सूचना ने मां ने पुलिस को दी। पुलिस जब उसे पकड़े आई तो छत में चढ़कर फायरिंग की और तमंचा लहराकर पुलिस को धमकाने लगा था। तब पुलिस पीछे से चढ़कर अंदर पहुंच कर दबोचा था।

रामश्री के दो बेटे और दो बेटियां है। एक बेटे की हत्या हो चुकी है जबकि दो बेटियों की शादी मौदाहा के अतर्रा गांव में ही एक परिवार में अशोक और निशोक से हुई। दामाद अशोक ने सास की हत्या पर आनंदी के खिलाफ शिकायत दी। अशोक का कहना है कि संपत्ति विवाद में अब आरोपित मेरी भी हत्या कर सकता है। वहीं, थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि आरोपित बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।