विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 21, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Hamirpur News: साक्षरता परीक्षा में शामिल हुए बूढ़े और जवान, 350 केंद्रों में पहुंचे 2158 लोग

Published: Sun, 21 Sep 2025 06:58 PM (IST)

हमीरपुर में नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षरों के लिए साक्षरता परीक्षा का ...और पढ़ें

साक्षरता परीक्षा में शामिल हुए बूढ़े और जवान।
साक्षरता परीक्षा में शामिल हुए बूढ़े और जवान।

HighLights

  1. हमीरपुर में साक्षरता परीक्षा का सफल आयोजन |
  2. 2158 असाक्षरों ने परीक्षा में भाग लिया |
  3. सफल प्रतिभागियों को मिलेगा साक्षरता प्रमाण पत्र |

जागरण संवाददाता, हमीरपुर। मन में पढ़ने की इच्छा रखने वालों के लिए नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयुवर्ग के चिन्हित असाक्षरों के लिए विशेष कक्षाओं का संचालन सफलता पूर्वक संपन्न होने के बाद रविवार को साक्षरता परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा का आयोजन जनपद के 350 परीक्षा केंद्रों पर किया गया। जिसमें लगभग 2158 असाक्षरों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आलोक सिंह ने बताया कि यह परीक्षा असाक्षरों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। क्योंकि मूल्यांकन उपरांत सफल प्रतिभागियों को साक्षरता प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इस प्रमाण पत्र के माध्यम से उन्हें साक्षर के रूप में औपचारिक मान्यता प्राप्त होगी।

परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को ब्लॉक स्तर का नोडल अधिकारी नामित किया गया था। कार्यक्रम के प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र अजीत कुमार निगम ने बताया कि रविवार को प्रदेश के सभी जनपदों में इस परीक्षा का एक साथ आयोजन किया गया।

यह पहल प्रदेश स्तर पर साक्षर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आलोक सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सकुशल संपन्न हुई।

इस अवसर पर उन्होंने परीक्षा में शामिल सभी प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना की और उम्मीद जताई कि साक्षरता की यह यात्रा जनपद हमीरपुर सहित पूरे प्रदेश को शिक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर समाज की ओर अग्रसर करेगी।

यह भी पढ़ें- विकसित यूपी के लिए कन्नौज से आए सिर्फ इतने फीडबैक, 21 अधिकारियों को जारी किया गया पत्र