हमीरपुर में मिल का ताला तोड़कर खाद्य टीम ने की छापेमारी, 3468 लीटर सरसों का तेल सीज
खाद्य विभाग की टीम ने भरुआ सुमेरपुर में एक तेल मिल पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान 3468 लीटर सरसों का तेल सीज किया गया और नमूना जांच के लिए भेजा गया, जिससे अन्य मिल मालिकों में हड़कंप मच गया।

तेल को सील करने की कार्रवाई करते खाद्य विभाग के अधिकारी। जागरण
HighLights
खाद्य टीम ने भरुआ सुमेरपुर की तेल मिल पर छापा मारा।
3468 लीटर सरसों का तेल सीज कर नमूना लिया गया।
छापेमारी से अन्य तेल मिल मालिकों में हड़कंप मच गया।
संवाद सहयोगी, सुमेरपुर(कानपुर)। सहायक खाद्य आयुक्त की टीम में कस्बे के दुग्ध डेयरी मार्ग में संचालित तेल मिल में छापा मारकर सरसों के तेल का नमूना लेकर 17 ड्रम एवं 17 कैनों में भरा 3468 लीटर तेल सीज किया है। सहायक खाद्य आयुक्त की इस कार्रवाई से कस्बे के आयल मिल संचालकों में हलचल मच गई और कई मिल मालिक मिलों में ताला डालकर फरार हो गए।
गुरुवार को शाम करीब पांच बजे सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) डा.गौरीशंकर ने टीम के साथ दुग्ध डेयरी मार्ग में संचालित सतीश चंद्र गुप्ता की आयल मिल में छापा मारा टीम के आने पर मिल में कार्य कर रहे लोग भाग खड़े हुए। टीम मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई और सरसों के तेल का नमूना भरकर जांच के लिए भेजा है।
टीम ने 17 ड्रमो एवं 17 कैनों में भरा करीब 3468 लीटर सरसों तेल को सीज करके बिक्री पर रोक लगा दी है। छापेमारी के दौरान मुख्य सुरक्षा अधिकारी मनोज श्रीवास्तव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मृत्युंजय कुमार मौजूद रहे। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय की इस कार्रवाई से कस्बे के मिल मालिकों में हलचल मची हुई है।
कई मिल मालिक मिलों में ताला लगाकर फरार हो गए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय डा.गौरीशंकर ने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई है। जिसमें 3468 लीटर तेल सीज किया गया है।