फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग के लिए पहली पसंद बन रहा कानपुर, 7 वर्षों में 38 फिल्में और बेवसीरीज के साथ 35 टीवी सीरियल शूट
कानपुर अपनी पुरानी वास्तुकला, पीरियड फिल्मों के लिए उपयुक्त लोकेशन और कम प्रोडक्शन लागत के कारण फिल्म और वेब सीरीज शूटिंग के लिए पसंदीदा जगह बन रहा है। पिछले सात सालों में यहां 38 फिल्में/वेब सीरीज और 35 टीवी सीरियल शूट हो चुके हैं, जिसमें 'बवाल' और 'रात अकेली है' जैसी बड़ी फिल्में शामिल हैं।

आनंदबाग में 8 अक्टूबर को गांघी एंड माय मदर फिल्म की हुई थी शूटिंग । जागरण आर्काइव
HighLights
पुराने मुहल्लों के घरों की नक्काशी और बालकनी की डिजाइनें और कम प्रोडेक्शन कास्ट कर रही आकर्षित
ब्रिटिशकाल की घटनाओं पर आधारित और छोटे शहर की कहानी वाली फिल्मों के लिए नहीं तैयार करना पड़ता सेट
आलोक तिवारी, कानपुर। फिल्म और वेबसीरीज की शूटिंग के लिए अपनी कंपू धीरे-धीरे निर्माताओं की पसंद बनता जा रहा है। हाल ही में नवाजुद्दीन सिद्दकी की फिल्म रात अकेली है, वरुण धवन की फिल्म बवाल और मनोज वाजपेयी की फिल्म गांधी एंड माय मदर के कई सीन यहां के मुहल्लों में फिल्माएं गए है।
अभी बालीवुड अभिनेता सन्नी कौशल और अभिनेत्री बिपाशा बसु की वेबसीरीज बाराबंकी की शूटिंग चल रही है। फिल्म क्षेत्र से जुड़े लोग इसके पीछे की वजह यहां की लोकेशन और कम प्रोडक्शन कास्ट मान रहे हैं। उनके मुताबिक यहां के मोहल्लों में बने पुराने घर, उनकी नक्काशी, बरामदे, बालकनी की डिजाइन आदि पीरियड फिल्मों के लिए सबसे ज्यादा मुफीद हैं। इससे निर्माता कम बजट में आसानी से अपना सेट तैयार कर लेते हैं और फिल्म को आन लोकेशन सीन का कलेवर भी मिल जाता है।
लाइन प्रोड्यूसर मो. रिजवान बताते हैं कि आजकल आन लोकेशन शूटिंग वाली फिल्में और वेबसीरीज सबसे ज्यादा पसंद की जा रही हैं। मध्य क्षेत्र में कई ऐसे पुराने मोहल्ले है, जो अंग्रेजों के शासन काल में विकसित हुए थे। इनमें से ज्यादातर घर आज भी अपने पुराने स्वरूप में है। अंग्रेजी शासनकाल की घटनाओं पर आधारित फिल्में तैयार करने वाले निर्माता इन्हें काफी पसंद करते हैं।
वहीं लोग अब ऐसी कहानियां पसंद करने लगे हैं, जिनमें उन्हें लगे कि ये घटना उनके आसपास ही कहीं हो रही हो। ऐसे में छोटे शहरों की कहानी दिखाने के लिए यहां की लोकेशन काफी मुफीद है, साथ ही यहां सारे संसाधन और प्रतिभावान जूनियर कलाकर भी आसानी से मिल जाते हैं
कास्टिंग डायरेक्टर सलमान अख्तर ने बताया कि फिल्म और वेबसीरीज की शूटिंग के लिए सेट तैयार करने में काफी खर्च आता था, लेकिन आनलोकेशन शूट में ये खर्च लगभग आधा हो जाता है। इससे निर्माता और निर्देशक ऐसी लोकेश ढूंढते है, जो उनकी फिल्म के लिए मुफीद भी हौ और जहां आसानी से शूटिंग की जा सके। उनकी ये सारी मांगें कानपुर के कई मुहल्लों में पूरी हो जाती है। इस लिए वे अब यहां शूटिंग करना पसंद कर रहे हैं।
ये मुहल्ले शूटिंग के लिए सबसे ज्यादा पसंद
मो. रिजवान ने बताया कि पीरियड फिल्मों की शूटिंग के लिए आनंदबाग, पीरोड, गांधी नगर, धनकुट्टी और फूलबाग सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। इसके अलावा लाल इमली रोड और जाजमऊ की टेनरियां भी निर्माताओं को शूटिंग के लिए काफी पसंद है। उन्होंने बताया कि फिल्म निर्देशक मीरा राय ने आनंदबाग चौराहा को एक बार देखने के बाद तुरंत यहां शूटिंग करने की इच्छा जाहिर कर दी थी।
उनकी बेवसीरीज ए सुटेबल ब्वाय की शूटिंग यहां चार दिन तक चली थी। उन्होंने बताया कि पहले फिल्मों की शूटिंग के लिए निर्माता लखनऊ को ज्यादा पसंद करते थे, लेकिन अब वहां की प्रोडेक्शन कास्ट बढ़ गई है। ऐसे में वे अब कानपुर को तरजीह देने लगे हैं। बीते साल सालों में कानपुर में 38 फिल्में और बेवसीरीज के साथ 35 टीवी सीरियल शूट हो चुके हैं।
ये होती हैं पीरियड फिल्में
पीरियड फिल्मों की कहानी अतीत के किसी खास ऐतिहासिक दौर या समय में घटित होती है। इनमें उस समय के पहनावे, भाषा, रीति-रिवाज़, इमारतों और माहौल को प्रामाणिक रूप से दिखाया जाता।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।