Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'अयोध्या में बनाया जाए थाई रामायण मंदिर', बुद्ध विहार के पूर्व चीफ इन मांक ने PM मोदी के सामने रखा प्रस्ताव

    Updated: Tue, 08 Apr 2025 02:29 PM (IST)

    अयोध्या में थाई रामायण मंदिर निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने थाईलैंड के अनुरोध पर सहमति जताई है। थाईलैंड में रामायण का बहुत महत्व है और भगवान राम को आदर्श राजा माना जाता है। यह भी उम्मीद जताई है कि अयोध्या में इस मंदिर के बन जाने से थाईलैंड और भारत के बीच पहले से चले आ रहे मैत्री संबंधों में और प्रगाढ़ता आएगी।

    Hero Image
    अयोध्या में बनेगा थाई रामायण मंदिर के निर्माण के लिए रखा गया प्रस्ताव। (तस्वीर जागरण)

    अजय कुमार शुक्ल, कुशीनगर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के थाईलैंड दौरे पर अयोध्या में थाई-रामायण मंदिर बनवाने की मांग उठी है। बैंकाक स्थित वाट फ्यो बुद्धिस्ट टेंपल में मुलाकात के दौरान यह मांग उठाई है कुशीनगर बुद्ध विहार के चीफ इन मांक रहे डॉ. पी. खोमसान ने।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उनके अनुसार भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने थाई-रामायण मंदिर के लिए भूमि उपलब्ध कराने का पुख्ता आश्वासन भी दिया है। यह भी उम्मीद जताई है कि अयोध्या में इस मंदिर के बन जाने से थाईलैंड और भारत के बीच पहले से चले आ रहे मैत्री संबंधों में और प्रगाढ़ता आएगी।

    वर्तमान में मूलनिधि वाट थाई कुसीनारा महाविहार सोसायटी के महासचिव और रायल थाई संघ द्वारा भारत व नेपाल के लिए नियुक्त डॉ. पी. खोमसान ने प्रधानमंत्री मोदी से अयोध्या में भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। बताया कि पीएम मोदी ने थाई-रामायण मंदिर के लिए भूमि उपलब्ध कराने को लेकर पूरा प्रयास करने का वादा भी किया है।

    थाईलैंड में लोकप्रिय है रामकिएन रामायण

    दरअसल, रामकिएन रामायण पर आधारित थाईलैंड का राष्ट्रीय महाकाव्य है। यह थाईलैंड में बहुत लोकप्रिय है। थाईलैंड में रामायण का बहुत महत्व होने के कारण भगवान राम को आदर्श राजा के रूप में देखा जाता है। थाई के राजाओं ने हमेशा राम को अपना आदर्श माना है व उनकी पूजा की है। उनका मानना है कि राम की तरह वह भी अपनी प्रजा की रक्षा व कल्याण के लिए कार्य करते हैं।

    यही कारण है कि राजा अपने मूल थाई नाम के साथ राम भी लिखते हैं। वर्तमान में थाई राजा 10 वें राम वजीरालोंगकान हैं। भगवान राम से थाईलैंड का गहरा नाता है तो अयोध्या प्रभु श्रीराम की पवित्र जन्मस्थली है। इस पवित्र धार्मिक डोर को मजबूत करने को लेकर थाई रामायण मंदिर बनाने की योजना है।

    डॉ. खोमसान ने दूरभाष पर बातचीत में यह भी बताया कि थाईलैंड विश्व का पहला ऐसा देश है, जिसने अयोध्या में थाई-रामायण मंदिर बनवाने के लिए पीएम मोदी से भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। उन्होंने इसको लेकर पूरी संजीदगी दिखाई है तो मुझे गुजरात आने का निमंत्रण भी दिया है।

    भूमि मिलते ही सोसायटी शुरू कराएगी निर्माण : अंबिकेश

    कुशीनगर थाई मोनेस्ट्री के जन संपर्क अधिकारी अंबिकेश त्रिपाठी ने बताया कि बातचरत के आधार पर अयोध्या में भूमि उपलब्ध होते ही मूलनिधिवाट थाई कुसीनारा महाविहार सोसायटी निर्माण शुरू कराएगी। थाई रामायण मंदिर का निर्माण सोसायटी की प्राथमिकता में शामिल है।

    इसे भी पढ़ें- PM Modi in Kashi: 11 अप्रैल को काशी में 44 परियोजनाओं का पीएम करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास, जनता को करेंगे संबोधित