गोरखपुर में रामगढ़ताल रेलवे कालोनी ध्वस्त होगी, मकान खाली करने के निर्देश Gorakhpur News
दरअसल पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रामगढ़ताल कालोनी का विकास आरएलडीए को ही करना है। सर्वे आदि की प्रक्रियाएं पहले ही पूरी कर ली गई हैं। कालोनी के ध्वस्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

गोरखपुर, जेएनएन। रामगढ़ताल रेलवे कालोनी ध्वस्त होगा। 35 हजार वर्ग फीट में फैली इस कालोनी में रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) माल, होटल और कंप्लेक्स बनाएगा। ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू करने के लिए आरएलडीए ने कालोनी में रहने वाले 90 कर्मचारियों को नोटिस जारी कर दिया है। रेलकर्मियों को एक माह के अंदर आवास खाली करना होगा।
कर्मचारियों को दूसरी जगह शिफ्ट करने की तैयारी
आरएलडीए की पहल पर पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने कालोनी में रहने वाले कर्मचारियों को दूसरे जगह शिफ्ट करने की तैयारी भी शुरू कर दी है। बिछिया, बौलिया, जटेपुर और डेयरी कालोनी में खाली आवासों की सूची तैयार की जा रही है। जो रेलकर्मी रेलवे के आवासों में रहना चाहेंगे, उन्हें इन कालोनियों में आवास आवंटित कर दिया जाएगा। उप मुख्य इंजीनियर (गोरखपुर क्षेत्र) रविन्दर मेहरा के अनुसार जल्द ही रामगढ़ताल कालोनी में रहने वाले कर्मचारी को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया जाएगा।
ध्वस्तीकरण से पहले सर्वे का कार्य पूरा
दरअसल, पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रामगढ़ताल कालोनी का विकास आरएलडीए को ही करना है। सर्वे आदि की प्रक्रियाएं पहले ही पूरी कर ली गई हैं। कालोनी के ध्वस्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार आरएलडी ने निविदा प्रकाशित करने की तैयारी शुरू कर दी है।
खाली भूमि पर फैलेगी हरियाली
रामगढ़ताल कालोनी को ध्वस्त कर उसकी जगह नया निर्माण होगा। लेकिन जो आसपास खाली भूमि है, उसपर हरियाली फैलाने की योजना है। माल, होटल और कांप्लेक्स के चारो तरफ तथा ताल के किनारे फलदार, छायाकार और शोभाकार पौधे लगाए जाएंगे। ताकि, माहौल में हरियाली बनी रहे। ताल के आसपास वाले खुशनुमा वातावरण में पर्यटक आकर्षित हो सकें।
कर्मियों के लिए बनेंगे टाइप थ्री के 100 फ्लैट
रामगढ़ताल कालोनी में रहने वाले कर्मचारियों को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए रेलवे की तैयारी जोरशोर से शुरू है। पुराने आवासों के अलावा रेलवे प्रशासन ने टाइप थ्री के 100 फ्लैट वाले अपार्टमेंट बनाने की भी योजना तैयार की है। इसके लिए बौलिया रेलवे कालोनी स्थित जटेपुर चौराहा और निर्माण संगठन के दफ्तर के पास भूमि चिन्हित कर ली गई है। रेलवे प्रशासन की हरी झंडी मिलते ही अपार्टमेंट का भी निर्माण शुरू हो जाएगा। जिसमें रहने के लिए रामगढ़ ताल में रहने वाले कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।