Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    DDU News: गोरखपुर विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनेगा दीक्षा समारोह, 75 मेधावियों को दिए जाएंगे 161 स्वर्ण पदक

    गोरखपुर विश्वविद्यालय के 44वें दीक्षा समारोह में 75 विद्यार्थियों को 161 स्वर्ण पदक मिलेंगे जिनमें छात्राओं की संख्या अधिक है। कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। सत्र 2024-25 में 73887 उपाधियां प्रदान की जाएंगी जिनमें 301 पीएचडी उपाधियां भी शामिल हैं। समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. आशुतोष शर्मा होंगे।

    By Rakesh Rai Edited By: Vivek Shukla Updated: Wed, 13 Aug 2025 08:01 AM (IST)
    Hero Image
    कार्य परिषद में दीक्षा समारोह की संस्त़ुतियों को दी गई मंजूरी। जागरण

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के 44वें दीक्षा समारोह में प्रदान किए जाने वाले स्वर्ण पदक विजेताओं के नामों पर अंतिम मुहर लगा दी गई है। समारोह में कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के हाथों कुल 75 विद्यार्थियों को 161 पदक स्वर्ण पदक दिए जाएंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इनमें 55 पदक छात्राओं को (73.33 प्रतिशत) तथा 20 पदक छात्रों को (26.67 प्रतिशत) दिए जाएंगे। मंगलवार को कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में आयोजित कार्य परिषद की बैठक में इसे लेकर विश्वविद्यालय के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी गई।

    विश्वविद्यालय से मिली जानकारी के अनुसार स्वर्ण पदकों की कुल संख्या 71 है, जिनमें 50 छात्राएं (70.42 प्रतिशत) और 21 छात्र (29.58 प्रतिशत) शामिल हैं। डोनर पदकों की कुल संख्या 90 है, जिनमें 69 छात्राएं (76.77 प्रतिशत) और 21 छात्र (23.33 प्रतिशत) शामिल हैं। कुल मिलाकर मेधावी विद्यार्थियों को 161 पदक प्रदान किए जाएंगे। इसमें विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक तथा डोनर पदक शामिल किए गए हैं।

    बीते वर्ष 43वें दीक्षा समारोह में कुल 55 विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक तथा 85 डोनर पदक प्रदान किए गए थे। सत्र 2024-25 में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर कुल 73 हजार 887 उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें विश्वविद्यालय परिसर के अंतर्गत 7 हजार 711 उपाधियां शामिल हैं, जिनमें 4 हाजर 458 छात्राएं (57.81 प्रतिशत) और 3 हजार 253 छात्र (42.19 प्रतिशत) होंगे।

    महाविद्यालय स्तर पर कुल 66 हजार 176 उपाधियां प्रदान की जाएंगी, जिनमें 46 हजार 178 छात्राएं (69.78 प्रतिशत) और 19 हजार 998 छात्र (30.22 प्रतिशत) होंगे। इस तरह कुल 50,636 उपाधियां छात्राओं को (68.53 प्रतिशत) और 23,251 उपाधियां छात्रों को (31.47 प्रतिशत) प्रदान की जाएंगी।

    इस बार दीक्षा समारोह में पीएचडी उपाधि कुल 301 शोधार्थियों को प्रदान की जाएगी। संकायवार विवरण के अनुसार कला संकाय में 117, विज्ञान संकाय में 99, वाणिज्य संकाय में 35, शिक्षा संकाय में 31, विधि संकाय में 11 तथा कृषि संकाय में आठ शोधार्थी शामिल हैं। 43वें दीक्षा समारोह में 166 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधि प्रदान की गई थी।

    यह भी पढ़ें- गोरखपुर विश्‍वविद्यालय में 39 करोड़ से बनेगा 1500 सीटों वाला अत्याधुनिक प्रेक्षागृह, CM योगी ने मांगा था प्रस्‍ताव

    मुख्य अतिथि होंगे प्रख्यात विज्ञानी प्रो. आशुतोष शर्मा

    दीक्षा समारोह के मुख्य अतिथि पद्श्री प्रो. आशुतोष शर्मा होंगे। प्रो. आशुतोष शर्मा वर्तमान में आइआइटी कानपुर के इंस्टीट्यूट चेयर प्रोफेसर और आइएनएई विश्वेश्वरैया के चेयर प्रोफेसर हैं। वह भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के पूर्व सचिव तथा इंडियन नेशनल साइंस एकेडमी के अध्यक्ष रह चुके हैं।

    प्रो. शर्मा ने नैनो प्रौद्योगिकी, कोलाइड्स, पतली परतों और साफ्ट नैनो फैब्रिकेशन जैसे क्षेत्रों में अंतरविषयी अनुसंधान की नींव रखी है। उनके 350 से अधिक शोधपत्र प्रकाशित हो चुके हैं, जिन्हें 20 हजार से अधिक बार उद्धृत किया गया है। उन्हें शांतिस्वरूप भटनागर पुरस्कार, इन्फोसिस पुरस्कार, टीडब्लूएस पुरस्कार सहित अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है।