Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Gorakhpur News: गोरखपुर की सड़कें होंगी जगमग, तिरंगा लाइटों से रोशन होगा पूरा शहर

    Updated: Wed, 04 Sep 2024 12:04 PM (IST)

    गोरखपुर शहर को रोशन करने की तैयारी में नगर निगम जुटा है। मुख्य सड़कों से लेकर गलियों तक सभी जगह नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। सोलर लाइटों की भी स्थापना होगी। बंद पड़े प्रकाश बिंदुओं की सूची पार्षदों से मांगी गई है। सीएसआर फंड से 21 करोड़ रुपये से काम होगा। दशहरा से पहले काम पूरा करने का लक्ष्य है।

    Hero Image
    तिरंगे की रोशनी में जलती स्ट्रीट लाइट।जागरण

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नगर निगम, शहर को रोशन करने में जुट गया है। मुख्य सड़कों से लेकर वार्ड के भीतर की सभी गलियों तक को त्योहार शुरू होने से पहले रोशन करने की योजना है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसी क्रम में निगम प्रशासन ने महानगर के सभी 80 वार्ड के पार्षदों को बंद पड़े प्रकाश बिंदुओं की सूची मांगी है। जैसे-जैसे सूची मिलती जाएगी, संबंधित लाइटों को दुरुस्त करने के साथ ही इसे बदलने का भी काम होगा।

    कार्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) फंड के मद में खाद कारखाना चलाने वाली कंपनी हिन्दुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) से मिले 21 करोड़ रुपये से नगर निगम विभिन्न वार्डों में पोल समेत सोलर लाइटें लगाएगा। इसके लिए टेंडर निकाला जा चुका है। टेक्निकल बिड हो चुकी है।

    इसे भी पढ़ें-वाराणसी, अयोध्या और लखनऊ तक चलेंगी रोडवेज की 'इलेक्ट्रिक' बसें

    चार फर्मों ने टेंडर डाला है। निगम ने परीक्षण के लिए उनकी सोलर लाइटें, उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास (नेडा) के पास भेजा है। पोल समेत प्रत्येक लाइट की कीमत करीब 98 हजार आएगी। यानी एचयूआरएल से मिलने वाले फंड से 2100 से अधिक लाइटें खरीदी जा सकेंगी। इसी क्रम में नेडा की ओर से निगम को 1100 सोलर लाइटें मिलेंगी। इनमें 400 लाइटें मिल चुकी हैं।

    100 लाइटें लगाई भी जा चुकी है। निगम का दावा है कि बाकी बची 700 लाइटें भी इसी माह मिल जाएंगी। इनके अलावा निगम ने स्ट्रीट लाइटों के लिए टेंडर निकला है। 14 को यह टेंडर फाइनल हो जाएगा। निगम प्रशासन के मुताबिक एक साल के लिए तय रेट पर ही संबंधित फर्म को लाइटें उपलब्ध करानी होगी।

    इसी तरह वर्तमान में सिर्फ वीआइपी रूटों के किनारे और डिवाइडर पर लगे पोलों पर तिरंगा लाइट लगी है, जिसका विस्तार कर शहर की सभी सड़कों के पोलों पर इसे लगाया जाएगा। निगम ने इन सभी कामों को दशहरा के पहले पूरा कर लेने का लक्ष्य रखा है।

    दिग्विजयनगर के पार्षद ऋषि मोहन वर्मा, शाहपुर के पार्षद चंद्रशेखर सिंह समेत कुछ पार्षदों ने मंगलवार को अपने वार्ड की अंधेरी गलियों की सूची अपर नगर आयुक्त को सौंपी।

    इसे भी पढ़ें-भारतीय युवाओं से ही साइबर अपराध करा रहा चीन

    यहां लगाई जा चुकी हैं स्मार्ट सोलर लाइट-

    - तिवारी हाटा से दुर्गाबाड़ी चौक होते हुए सूरजकुंड पुल तक- 61 लाइट

    - महाराणा प्रताप पालिटेक्निक रोड- 8 लाइट

    - महादेव झारखंडी मंदिर मार्ग- 10 लाइट

    - महाराणा प्रताप बालक इंटर कॉलेज- 6 लाइट

    नगर निगम के अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने कहा कि शहर के सभी वार्ड की लाइटें दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पार्षदों से सूची मांगी गई है। बड़े पैमाने पर स्ट्रीट लाइटें, सोलर लाइटों की खरीद की प्रक्रिया भी शुरु कर दी गई है।

    प्रमुख मार्गों पर आकर्षक सोलर लाइटें लगाने के साथ ही शहर की सभी सड़कों के डिवाइडर या किनारे लगे पथ प्रकाश के खंभों पर तिरंगा लाइटें भी लगाई जाएंगी। त्योहार के पहले सभी सड़कों, चौराहों को रोशन करने की तैयारी है।