गोरखपुर वासियों ध्यान दें, पुराना है आपका आधार कार्ड तो ऐसे कराएं अपडेट, साथ में जरूर रखें यह दस्तावेज
आधार कार्ड भारत सरकार द्वारा जारी महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसका उपयोग स्कूल कॉलेज से लेकर बैंक व सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तक में किया जाता है। ऐसे में पुराने आधार कार्ड को अपडेट करने की प्रक्रिया व जरूरी दस्तावेज की जानकारी गोरखपुर के डीएम कृष्णा करुणेश ने दी है।

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। आधार एक अति महत्वपूर्ण दस्तावेज है इसके माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिलता है। ऐसे में गोरखपुर के जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश ने कहा कि यदि आधार कार्ड बने अधिक समय हो गया है तो उसे नजदीकी केंद्र पर जाकर अपडेट करा लें। आधार अपडेट करने के लिए पते का प्रमाण और पहचान का प्रमाण लेकर जाना होगा। अपडेट कराने का शुल्क 50 रुपये निर्धारित है।
आधार अपडेट के लिए चलाया जा रहा विशेष अभियान
जिलाधिकारी विकास भवन सभागार में आधार संबंधित गतिविधियों के अनुश्रवण एवं क्रियान्वयन के लिए आयोजित जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण, क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा गोरखपुर में आधार अपडेट के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
आनलाइन भी कर सकते हैं अपडेट
पते का प्रमाण और पहचान का प्रमाण अपलोड कर वेबसाइट https:@myaadhaar.uidai.gov.in से आनलाइन भी अपडेट कराया जा सकता है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पुरुषोत्तम दास गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामेंद्र कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।
शहर में जाम से निजात पाने को मैपल एप का करें प्रयोग
यातायात माह के तहत जिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान में कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें उपस्थित 350 प्रशिक्षुओं को यातायात के नियमों की जानकारी देते हुए यातायात निरीक्षक अजीत कुमार पांडेय ने कहा कि यात्रा के समय शहर में जाम न मिले इसके लिए मैपल एप का प्रयोग करें। उन्होंने प्रशिक्षुओं के मोबाइल में इस एप को डाउनलोड कराया और इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इन नियमों का जरूर करें पालन
सीओ यातायात ने संकेतों से परिचय एवं उसके उपयोग कैसे किया जाता है कि जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट आवश्य लगाएं, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनीता सिंह ने लाइसेन्स, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र एवं वाहन के रजिस्ट्रेशन से सम्बन्धित नियमों को बताया। पुलिस अधीक्षक यातायात डॉ. एमपी सिंह ने पीपीटी के माध्यम से वाहन रजिस्ट्रेशन, यातायात संकेत, यातायात व रजिस्ट्रेशन से सम्बंधित लिंक के उपयोग समेत अन्य महत्वपूर्ण मुद्दो पर द्विपक्षीय चर्चा की। वरिष्ठ प्रवक्ता अभिषेक कुमार पाण्डेय ने मैपल एप की तकनीकी पक्ष को बताते हुए इससे होने वाले लाभों को बताया। प्राचार्य डायट जय प्रकाश ने यातायात माह के महत्व पर चर्चा करते हुए सभी का आभार ज्ञापन किया। अन्त में सभी ने यातायात नियमों के पालन करने की शपथ ली।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।