गोंडा में तेजी से बढ़ रहा नदियों का जलस्तर, गांव बन गए टापू; लोगों की बढ़ी मुश्किलें
गोंडा में बारिश से नदियों का जलस्तर तेज़ी से बढ़ रहा है जिससे कई गाँव बाढ़ से घिर गए हैं। परसपुर तरबगंज और कर्नलगंज तहसील के कई इलाके प्रभावित हैं। लोग अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं। जलस्तर बढ़ने से लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं फसलें डूब गई हैं और कटान का खतरा भी बढ़ गया है।

जागरण टीम, गोंडा। बारिश के साथ ही नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। परसपुर में बिचला माझा, धुसवा पासिनपुरवा व नउवन पुरवा सरयू घाघरा नदी के बाढ के पानी से पूरी तरह से घिर गया है जबकि तरबगंज के ब्योंदा माझा का जलभराव के कारण मुख्य मार्ग से संपर्क टूट गया है।
कर्नलगंज व तरबगंज तहसील के 12 मजरे बाढ़ के पानी से घिरे हैं,जहां पानी अब घरों की तरफ रुख कर रहा है। बाढ़ कार्यखंड के अनुसार एल्गिन ब्रिज घाघरा नदी खतरे के निशान से 46 सेंटीमीटर व अयोध्या में सरयू नदी लाल निशान से 48 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। घाघरा नदी में तीन लाख 85 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज हो रहा है।
परसपुर : चंदापुर किटौली का बिचला माझा,धुसवा पासिन पुरवा व नउवन पुरवा सरयू घाघरा नदी के बाढ के पानी से पूरी तरह से घिर गया है। बिचला माझा के लोग गृहस्थी का सामान नाव पर लादकर सकरौर बांध पर डेरा जमाने लगे है। धुसवा पासिन पुरवा के लोग सकरौर बांध के स्पर नंबर एक पर शरण ले लिए हैं,वहीं नउवन पुरवा के बाढ पीडित चरसडी बांध पर पहुंच गए हैं।
ढेमवाघाट : साकीपुर,दत्तनगर,गोकुला में बढ़ता जलस्तर मुश्किलेें बढ़ा रहा है। जलस्तर में वृद्धि से बाणी माझा व साकीपुर के शुकुलपुरवा में कटान स्थिर है। चहलावा कटान तेज है। यहां के रामदीन यादव ने बताया कि घर के सामने लगभग सुबह से दो बिस्सा जमीन कटकर नदी में समाहित हो गई। घर का नल कट रहा है। यहीं से 20 मीटर की दूरी पर उनका पक्का मकान है,जिसके पानी में समा जाने की आशंका बढ़ गई है।
चहलावा व शुकुलपुरवा में पक्की सड़क से दो फीट ऊपर पानी बह रहा है। धान व गन्ने की फसलों में पानी भर चुका है। 12 घंटे से बिजली नहीं आई है। बाणी माझा निवासी गामा यादव का घर बाढ़ का जलस्तर बढ़ने से कटान की जद में है लेकिन नाव नहीं मिल पा रही है। राम मनोहर यादव का छप्पर कट गया था,जहां उन्होंने फिर से बसेरा बना डाला,वहां भी चारों तरफ फिर से से पानी भर गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।