छेड़खानी का विरोध करने पर युवती के गले पर किया चाकू से हमला, मुठभेड़ में आरोपित गिरफ्तार
गोंडा के कौड़िया गांव में एक युवती के साथ छेड़खानी का विरोध करने पर आरोपी ने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। पीड़िता घर पर खाना बना रही थी तभी आरोपी जितेंद्र कुमार घर में घुस आया और चाकू से गला रेत दिया। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जिसके पैर में गोली लगी है।

जागरण संवाददाता, गोंडा । कौड़िया के एक गांव में छेड़खानी का विरोध करने पर युवती की गला चाकू से रेतकर घायल किए जाने का मामला सामने आया है। इसके बाद आरोपित भाग निकला। स्वजनों ने युवती को मेडिकल कालेज से संबद्ध बाबू ईश्वर शरण चिकित्सालय में भर्ती कराया है। जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं, पुलिस मुठभेड़ में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
युवती के मुताबिक वह घर पर खाना बना रही थी। इसी दौरान आरोपित जितेंद्र कुमार घर में घुस आया। आरोपित ने उसके ऊपर पीछे से चाकू से वारकर गला रेत दिया। विरोध करने पर अंगुली काट दी। वह घायल हो कर जमीन पर गिर गई। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। इसी बीच आरोपित फरार हो गया। स्वजन के मुताबिक युवती की शादी अयोध्या के पास एक गांव में हुई थी। शादी के करीब छह माह बाद उसके पति की मृत्यु हो गई। इसके बाद से वह अपने पिता के साथ घर पर ही रहती है।
क्या लगाया आरोप
आरोप लगाया कि आरोपित आए दिन उसे परेशान करता रहता था लेकिन, लोकलाज के भय से उसने परिवारीजन को नहीं बताया। शनिवार की सुबह करीब नौ बजे आरोपित युवती को घर में अकेला देखकर घुस आया और उसने चाकू से गले को रेत दिया। गनीमत रही कि उसकी जान बच गई। पीड़िता के पिता ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। उधर कौड़िया पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने ग्राम पंचायत नैन कटौली के फलाहारी कुट्टी के पास घेराबंदी कर मोटरसाइकिल से भाग रहा आरोपित जितेंद्र कुमार को घेर लिया।
आरोपित ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। पुलिस कर्मियों ने बचाव में फायरिंग की जिसमें आरोपित घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। आरोपित को मेडिकल कालेज से संबद्ध बाबू ईश्वर शरण चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक गोविंद कुमार ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही थी। आरोपित बाइक से भागने की फिराक में था। पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की फायरिंग में वह घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।